News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
महाराष्ट्र के वाशिम से बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा निकलते राहुल गांधी।
भारत
चेतना मंच
23 Nov 2025 07:13 AM
राष्ट्रीय :
1. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र में आगे बढ़ रही है। बुधवार सुबह यह वाशिम जिले में आगे बढ़ी। राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में सचिन पायलट बुधवार को शामिल होंगे। इससे पहले मंगलवार को पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा का असर विधानसभा चुनावों में नहीं बल्कि 2024 में होने वाले अगले संसदीय चुनावों में महसूस किया जाएगा। मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि आप पूछेंगे कि यात्रा का गुजरात या हिमाचल चुनाव पर क्या असर पड़ेगा? इसका कोई असर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का किसी वोट बैंक से कोई लेना-देना नहीं है। इसका मकसद राजनीति से परे है। यह राजनीतिक चोरों के खिलाफ राजनीतिक लोगों की यात्रा है। रमेश ने कहा कि यात्रा एकजुटता को बढ़ावा देगी, इसने हमारी पार्टी को एकजुट किया है। इसका प्रभाव यदि कोई है, तो 2024 के चुनावों में महसूस किया जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि 18 नवंबर को यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के शेगांव में एक भव्य जनसभा आयोजित की जाएगी। राहुल गांधी रैली में मुख्य अतिथि होंगे।
2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और इस दौरान ड्रम बजाया। भारतीय समुदाय के साथ संवाद के लिए आयोजित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय पोशाक और पगड़ी पहने लोगों की भीड़ ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। मोदी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद ड्रम की धुन के साथ उनका स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी भी खुद को रोक नहीं सके और उन्होंने भी ड्रम बजाया। यह देख कर ड्रमवादकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्रधानमंत्री मोदी बाली में जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। भारत एक दिसंबर 2022 से एक साल के लिए जी-20 की अध्यक्षता करेगा।
News Update :
3. रायबरेली रोड से वैन सवार बदमाशों ने एक सैन्य अधिकारी की बेटी का अपहरण कर लिया। उसके साथ छेड़छाड़ की और कपड़े फाड़ दिए। उसका क्रेडिट कार्ड और रुपये भी लूट लिए। विरोध पर जमकर पीटा और फिर चलती कार से फन माल के पास फेंककर भाग निकले। पुलिस ने छात्रा की मां की तहरीर पर गोमतीनगर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक रायबरेली रोड पर रहने वाली युवती की सैन्य अधिकारी मां ने बताया कि बीते आठ नवंबर की दोपहर बेटी लस्सी लेने के लिए क्षेत्र स्थित एक दुकान पर गई थी। वह लस्सी लेकर लौट रही थी। इस बीच बिग मार्ट के सामने एक मारुति वैन रुकी। उसमें बैठे तीन बदमाशों ने गेट खोला और अंदर खींच लिया और चले गए। घर से निकलने के बाद भी करीब घंटेभर तक जब बेटी नहीं लौटी तो उसे फोन किया। मोबाइल स्विच आफ था। बेटी को तलाशने निकली, कुछ पता न चला। पीजीआई थाने पहुंची। थाने में बैठी ही थी कि इस बीच फन माल चौकी से बेटी का फोन देर शाम आया। पता चला कि कुछ लोग बेटी का अपहरण कर ले गए थे। आनन फानन पहुंची बेटी से मिली। बेटी के कपड़े फटे थे उसने घटना की जानकारी दी। बेटी ने बताया कि अपहर्ताओं ने वैन में डालकर उससे छेड़छाड़ की। विरोध पर उसके बाल पकड़कर खींचे और जमकर पीटा। इसके साथ ही उसका क्रेडिट कार्ड और रुपये छीन लिए। इसके बाद फन माल के पास फेंककर भाग निकले। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवती की मां की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आस पास और मुख्य मार्ग पर लगे सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। युवती बदमाशों की कार का नंबर नहीं बता पा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
4. दुबग्गा के डूडा कालोनी में रहने वाले सूफियान ने मतांतरण का विरोध करने पर परिचित निधि गुप्ता को चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया। गंभीर अवस्था में निधि को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार रात में निधि के घरवाले सूफियाल के यहां शिकायत करने पहुंचे थे। आरोप है कि काफी दिन से सूफियान निधि को परेशान कर रहा था। आरोपित ने निधि को एक मोबाइल फोन भी दिया था। परिवारजन ने निधि से फोन के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि सूफियान उसे अक्सर छेड़छाड़ करता है। आरोपित ने ही निधि को जबरन फोन दिया था और मतांतरण का दबाव बना रहा था। मामले की जानकारी पाकर निधि के घरवाले उसे लेकर सूफियान के ब्लाक नंबर 40 स्थित फ्लैट पर पहुंचे। घरवालों ने सूफियान की हरकतों का विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इसके बाद सूफियान निधि को लेकर चौथे तल की छत पर पहुंचा। निधि की मां लक्ष्मी गुप्ता का आरोप है कि सूफियान ने उनकी बेटी को चौथे तल से फेंक दिया। चीख पुकार सुनकर लहूलुहान निधि को उसके घरवाले ट्रामा सेंटर लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई। इस बीच सूफियान घर से फरार हो गया। एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि घटना स्थल पर छानबीन की गई है। पड़ताल में सामने आया है कि आरोपित अक्सर निधि को परेशान करता था। कई बिंदुओं पर साक्ष्य संकलित किया जा रहा है। लक्ष्मी की मां की तहरीर पर हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस टीम आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है। लक्ष्मी ने बताया कि निधि (19) ने हाईस्कूल तक पढ़ाई की थी। वह पास के ब्यूटी पार्लर में काम सीख रही थी। वहीं आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी नशा भी करता था।
5. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके में हुए श्रद्धा हत्याकांड को लेकर लोग सोशल मीडिया के जरिए काफी रोष जता रहे हैं। लोग के सोशल मीडिया के प्लेटफार्मों पर आरोपित आफताब के लिए कड़ी से कड़ी सजा की अपील कर रहे हैं। पुलिस ने मृतका श्रद्धा के पिता व भाई के ब्लड सैंपल डीएनए मैच कराने के लिए चिकित्सकों को उपलब्ध करा दिए हैं। साथ ही आरोपित के नार्को टेस्ट के लिए आवेदन भी कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित आफताब ने श्रद्धा की पहचान छुपाने के लिए धीरे-धीरे पूरे शरीर के टुकड़े फेंकने के बाद सबसे अंत में उसका सिर फेंका था।
राजनीति :
1. एमसीडी चुनाव में इस बार प्रमुख दलों के अलावा निर्दलीयों का भी दबदबा रह सकता है। 250 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसमें 2,021 प्रत्याशियों ने 2,585 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इसमें सर्वाधिक संख्या निर्दलीयों की है। 507 निर्दलीयों ने पर्चा भरा है। दूसरे स्थान पर आम आदमी पार्टी (आप) है। आप से 492, भाजपा से 423, कांग्रेस से 334, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से 149 प्रत्याशियों ने नामांकन किए हैं। शेष नामांकन अन्य राज्यों के क्षेत्रीय राजनीतिक दलों से भी किए गए हैं। प्रमुख दलों ने नामांकन की आखिरी तारीख 14 नवंबर से दो दिन पहले ही प्रत्याशियों की घोषणा की थी। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार 68 रिटर्निंग आफिसर (आरओ) कार्यालय पर 2,021 प्रत्याशियों के नामांकन 2,585 नामांकन हुए।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच पोलैंड ने कहा कि उनके देश में मॉस्को में बनी 2 मिसाइलें दागी गई हैं। इसकी वजह से 2 लोगों की जान गई। जी-20 बैठक के बीच पोलैंड का यह आरोप तीसरे विश्वयुद्ध की आशंका को बढ़ा रहा है। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रमुख बयान सामने आए हैं। संयुक्त राष्ट्र के उप प्रवक्ता फरहान हक ने एक बयान में कहा कि यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस पोलैंड में हुए मिसाइल हमलों की खबरों से बहुत चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि गुटेरेस को उम्मीद है कि इन हमलों की पूरी तरह से जांच की जाएगी। यूक्रेन में युद्ध के बढ़ावे को कम करना है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि यूएस और उसके नाटो सहयोगी पोलैंड में हुए मिसाइल हमलों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि यह रूस से दागी गई मिसाइलों के कारण नहीं हुआ होगा। बाइडन ने इंडोनेशिया के बाली में जी-20 बैठक के लिए वैश्विक नेताओं की बैठक के बाद यह बात कही है। मीडिया द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या यह कहना जल्दबाजी होगी कि मिसाइल रूस की ओर से दागी गई थी। इस सवाल बर बाइडन ने कहा कि जब तक हम इसकी पूरी तरह से जांच नहीं कर लेते हैं, अभी कुछ कहना संभव नहीं है। इसे रूस द्वारा दागा गया था, या नहीं इसे जांच में देखा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्रवाई करने से पहले अमेरिका और नाटो देश पूरी तरह से जांच करेंगे।
News Update :
2. अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा अपने मून मिशन ‘आर्टेमिस-1’ को लगभग डेढ़ महीने के बाद एक बार फिर से लांच करने की तैयारी कर रही है। बता दें कि ये लान्चिंग आज यानि 16 नवंबर को सुबह 11.34 से दोपहर 1.34 के बीच फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से होगी। यह नासा की तीसरी कोशिश है। इससे पहले 29 अगस्त और 3 सितंबर को भी राकेट लान्च करने का प्रयास किया गया था, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते इसे टाल दिया गया था। आर्टेमिस मिशन मैनेजर माइक सैराफिन ने कहा कि हाल ही में फ्लोरिडा में आए निकोल तूफान ने स्पेसक्राफ्ट के एक पार्ट को ढीला कर दिया है। इसकी वजह से लिफ्ट आफ के वक्त दिक्कत हो सकती है। इसलिए हमारी टीम इस समस्या को रिव्यू कर रही है। यदि किसी कारण 16 नवंबर को राकेट लान्च नहीं होता है, तो नई तारीख 19 या 25 नवंबर हो सकती है। अमेरिका 53 साल बाद अपने मून मिशन आर्टेमिस के जरिए इंसानों को चांद पर एक बार फिर से भेजने के लिए तैयारियां कर रहा है। आर्टेमिस-1 इसी दिशा में पहला कदम है। यह मेन मिशन के लिए एक टेस्ट फ्लाइट है, जिसमें किसी एस्ट्रोनाट को नहीं भेजा जाएगा। इस फ्लाइट के साथ वैज्ञानिकों का लक्ष्य यह जानना है कि क्या अंतरिक्ष यात्रियों के लिए चांद के आसपास सही हालात हैं या नहीं। साथ ही एस्ट्रोनाट्स चांद पर जाने के बाद पृथ्वी पर सुरक्षित लौट सकेंगे या नहीं।
3. इंडोनेशिया के बाली में चल रही जी-20 शिखर सम्मेलन का आज अंतिम दिन है। पीएम मोदी आज कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी ने यहां कई बैठकों में हिस्सा लिया। उधर, पोलैंड में रूसी मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। इस घटना से हड़कंप मच गया है। पोलैंड में रूसी मिसाइल गिरने का असर जी-20 सम्मेलन में भी देखा जा रहा है। रूसी मिसाइल गिरने की यहां भी चर्चा है। जी-7 देशों के नेताओं ने इसको लेकर चर्चा भी की है।
4. इजरायल और फिलिस्तीन के बीच तनाव हमेशा ही रहता है। गाजा और लेबनान से हमास और आतंकवादी संगठन हिज्बुल्लाह द्वारा किए गए रॉकेट हमले में भले ही मौते कम हुई हों, लेकिन इजरायली नागरिक इससे बेहद डरे हुए रहते हैं। जब भी कोई रॉकेट दागा जाता है तो पूरे इजरायल में सायरन बजने लगते हैं और लोग बम आश्रयों या सुरक्षित ठिकानों की ओर भागना शुरू कर देते हैं। इजरायल अपनी ओर दागे गए रॉकेटों को रोकने और नीचे लाकर उन्हें निष्क्रिय करने के लिए आयरन डोम का सहारा लेता है। आयरन डोम की सफलता दर 90 प्रतिशत है। यह कम, मध्य और लंबी दूरी के रॉकेट, बैलिस्टिक मिसाइल, ड्रोन, यूएवी और यहां तक कि विमानों को रोकने में सक्षम हैं। यह आयरन डोम दागे गए रॉकेट को नीचे लाकर निष्क्रिय कर सकते हैं। हालांकि, इजरायल के रक्षा बल अभी भी रॉकेट हमलों के बारे में बेहद चिंतित हैं। एक अनुमान के अनुसार गाजा में हमास के पास 30 हजार रॉकेट हैं। लेबनान में हिज्बुल्लाह के पास 1,30,000 से अधिक रॉकेट हैं। इजरायल का मानना है कि इन दोनों को ईरान का समर्थन हासिल है।
5. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर 2024 के राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगे। 76 वर्षीय ट्रंप ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के दावेदार होंगे। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को फिर से महान और गौरवशाली बनाने के लिए, मैं आज रात संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर रहा हूं। डोनाल्ड ट्रंप ने औपचारिक रूप से 16 नवंबर को 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए दस्तावेज दाखिल किए। इस दौरान ट्रंप ने फ्लोरिडा के एक रिसॉर्ट में अपने समर्थकों का अभिवादन किया। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि अब अमेरिका की वापसी शुरू हो रही है। निराशाजनक मध्यावधि चुनाव में हार मिलने के बाद ट्रंप अब व्हाइट हाउस के लिए अपना तीसरा अभियान शुरू करने की तैयारी में हैं। हालांकि, ट्रंप को उम्मीद थी कि वे मध्यावधि चुनाव के नतीजों का इस्तेमाल अपनी पार्टी के नामांकन के लिए कर सकते हैं लेकिन अब उन पर ही आरोप लग रहे हैं।
कारोबार :
1. अरबपति कारोबारी और ट्विटर के नए बॉस एलन मस्क ने कहा कि ‘ब्लू वेरिफाइड’ 29 नवंबर तक पुनः लॉन्च कर दिया जाएगा। मस्क ने एक ट्वीट कर कहा है कि ब्लू चेक मेम्बरशिप सर्विस 29 नवंबर को फिर से शुरू की जाएगी। मस्क ने ट्वीट किया कि ब्लू वेरिफाइड को फिर से लॉन्च किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यह ‘रॉक सॉलिड’ है। हालांकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर इस सेवा को वापस लाने की मस्क की प्रारंभिक समय-सीमा में मामूली देरी हुई है। ट्विटर ने 11 नवंबर को मेम्बरशिप आधारित ब्लू टिक वेरिफिकेशन लेबल को निलंबित कर दिया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने उन उपयोगकर्ताओं से 8 डालर चार्ज करने का फैसला किया था, जो प्रीमियम ब्लू टिक सत्यापन बैज चाहते हैं। जैसे ही सेवा शुरू हुई, ट्विटर पर कई ‘फेक वेरिफाइड’ खाते सामने आए, जिससे मस्क को अपने फैसले पर फिर से विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
News Update :
2. उत्तर रेलवे मुख्यालय ने राजा का सहसपुर से सम्भल तक इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन संचालन को अनुमति दे दी है। इसके बाद सम्भल तक डीजल मल्टीपल यूनिट (डीएमयू) के स्थान पर मेन लाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (मेमू) चलने की संभावना बढ़ गयी है। मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकांश क्षेत्रों में रेलवे का विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है और ट्रेनों का संचालन भी शुरू हो चुका है। चन्दौसी से अलीगढ़ और राजा का सहसपुर रेल मार्ग का विद्युतीकरण का काम मार्च में पूरा कर लिया था। कमिश्नर रेलवे आफ सेफ्टी (सीआरएस) ने अप्रैल में दोनों मार्ग का निरीक्षण किया था। दोनों मार्गों पर पायी गई कमी को दूर करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू करने का आदेश दिया था। सीआरएस द्वारा बतायी गयी आपत्ति के आधार पर अखिल भारतीय रेलवे विद्युतीकरण संगठन की टीम ने सुधार का काम शुरू कर दिया। अगस्त में सुधार का काम पूरा करने के बाद चन्दौसी से अलीगढ़ मार्ग पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। मुरादबाद से चन्दौसी तक पहले से विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है और इलेक्ट्रिक इंजन द्वारा ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसी मार्ग पर राजा का सहसपुर रेलवे स्टेशन है, जहां से सम्भल के लिए अलग लाइन जाती है। सुधार के बाद उत्तर रेलवे मुख्यालय ने राजा का सहसपुर से सम्भल तक इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनों को चलाने की स्वीकृति दे दी है।
मौसम :
1. पहले रिकार्डतोड़ गर्मी और फिर बारिश के बाद इस बार ठंड भी रिकार्ड तोड़ सकती है। दिसंबर, जनवरी एवं फरवरी के दौरान पूरे उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री तक जा सकता है। शीतलहर और कोहरे के दिन भी इस वर्ष कहीं अधिक रहने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस साल सर्दी की दस्तक अक्टूबर में ही हो गई थी, लेकिन बार बार आ रहे पश्चिमी विक्षोभों के असर से अभी तक तापमान में उतनी गिरावट नहीं आ पाई, जितनी आ सकती थी। पहाड़ों पर बर्फबारी भी ज्यादा नहीं पड़ी है। फिर हवा की दिशा भी बार बार बदलती रहती है, इसीलिए कभी गर्मी लगने लगती है तो कभी ठंड का एहसास होने लगता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार हाल ही में कश्मीर घाटी में पड़ी बर्फ और हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी हो जाने से अगले कई दिन सर्दी महसूस होगी। अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक आ जाएगा। अलबत्ता, 19 नवंबर के समीप एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इससे एक बार फिर तापमान में वृद्धि हो सकती है। लेकिन नवंबर के आखिरी दिनों से ठंड अपने रंग में आने लगेगी।
खेल/खिलाड़ी :
1. आईपीएल 2023 के लिए खिलाड़ियों की रिटेंशन लिस्ट जारी हो चुकी है। मुंबई इंडियंस के किरोन पोलार्ड ने संन्यास ले लिया है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने कप्तान केन विलियमसन और पंजाब किंग्स ने मयंक अग्रवाल को अपनी-अपनी टीम से रिलीज (बाहर) कर दिया। अब ये दोनों खिलाड़ी नीलामी में जाएंगे। जहां उन्हें कोई भी फ्रेंचाइजी खरीद सकती है। 23 दिसंबर को होने वाले आईपीएल के मिनी ऑक्शन से पहले टीमों ने अपने स्क्वॉड में अहम बदलाव किए हैं और पर्स खाली किया है।
2. रणजी, ईरानी और इंडिया-ए में दमदार प्रदर्शन के बाद कुलदीप सेन न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में चुने गए हैं। न्यूजीलैंड की तेज और बाउंसी विकेट्स पर कुलदीप खुद को साबित करने के लिए तैयार हैं। 26 साल के पेसर कुलदीप सेन टी-20 विश्व कप के लिए बतौर नेट बॉलर टीम इंडिया का हिस्सा थे। लेकिन, वीजा क्लियर नहीं होने की वजह से वो ऑस्ट्रेलिया नहीं जा पाए। अब रीवा की रेवांचल एक्सप्रेस (कुलदीप को उसके दोस्त रेवांचल एक्सप्रेस भी कहते हैं।) ऑकलैंड, हैमिल्टन और क्राइस्टचर्च में रफ्तार और स्विंग का हुनर दिखाएंगे।