News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
Formation of women's bench for hearing cases in the Supreme Court
भारत
चेतना मंच
17 Nov 2022 04:13 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार सुबह महाराष्ट्र के अकोला जिले से पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ फिर शुरू की। ‘भारत यात्री’ रात में विश्राम करने के लिए एक फैक्टरी में रुके थे। राहुल ने यात्रा के दौरान सड़क पर एकत्रित हुए लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और कुछ स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। वह बृहस्पतिवार दोपहर को एक संवाददाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बृहस्पतिवार को 71वें दिन में प्रवेश कर गई। वहीं, महाराष्ट्र में यह यात्रा का 11वां दिन है। महाराष्ट्र के पोतुर शहर से बृहस्पतिवार सुबह छह बजे यात्रा फिर शुरू की गई। यह शाम को बालापुर के लिए रवाना होगी और शुक्रवार सुबह बुलढाणा जिले के शेगांव पहुंचेगी।
2. बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बार फिर से बड़े सवाल खड़े हुए हैं. मामला खगड़िया जिले से जुड़ा हुआ है, जहां डॉक्टरों की लापरवाही इस कदर देखने को मिली, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, खगड़िया जिले में कुछ महिलाएं बंध्याकरण यानी नसबंदी के लिए अस्पताल पहुंची थी, लेकिन डॉक्टर ने इस कदर की लापरवाही दिखाई कि इन महिलाओं का बंध्याकरण का ऑपरेशन बगैर बेहोश किये ही कर दिया। इस दौरान महिलायें चीखती और चिल्लाती रहीं, लेकिन न तो उनको बेहोश किया गया और न ही कोई दर्द को रोकने वाली दवा दी गई। घटना खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड के पीएचसी की है जहां की डॉक्टर गुल सनोवर पर ये संगीन आरोप लगे हैं। बंध्याकरण के लिए पहुंची महिलाओं का आरोप है कि उनको बिना बेहोश किए ही ऑपरेशन कर दिया गया। चीरा लगाने के दौरान कई महिलाएं दर्द से तड़पती रहीं, लेकिन डॉक्टर लापरवाही की हद को पार करते हुए चीरा लगाते रहे। बंध्याकरण का ऑपरेशन कराने आई महिला कुमारी प्रतिमा की मानें तो डॉक्टर से जब पूछा गया कि बिना सूई दिए ऑपरेशन क्यों कर रहे हैं, तो डॉक्टर ने कहा कि ऑपरेशन के बाद सूई दी जाएगी। उसके बाद हम जोर से चिल्लाने लगे, तब पैर-हाथ पकड़कर मेरा ऑपरेशन कर दिया गया।
3. केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में नोटबंदी को सही ठहराया है। केंद्र ने कहा कि नोटबंदी आर्थिक नीति का हिस्सा थी। सरकार ने कहा कि नोटबंदी नकली करेंसी, आतंकी फंडिंग, कालाधन और कर चोरी पर लगाम लगाने की बड़ी रणनीति का हिस्सा थी, लेकिन ये सिर्फ इसी तक सीमित नहीं थी। नोटबंदी आर्थिक नीति के तहत लिया गया निर्णय था जो कि संसद से बने आरबीआई कानून 1934 के प्रविधानों के मुताबिक था। नोटबंदी एक सोच समझ कर लिया गया फैसला था। केंद्र सरकार ने ये बात नोटबंदी के मामले में सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कही है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय संविधान पीठ सुनवाई कर रही है। मामले में 24 नवंबर को सुनवाई होनी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अमल करते हुए केंद्र सरकार ने यह हलफनामा दाखिल किया है। सरकार ने कहा कि देश में आर्थिक नीतियों और घटनाओं के जरिये महत्वपूर्ण सुधार चल रहे हैं। नोटबंदी इस सीरीज का एक महत्वपूर्ण कार्य था। आर्थिक सुधार की नीति का उद्देश्य औपचारिक इकोनामी को मजबूती देना और बड़ी अनौपचारिक इकोनामी को औपचारिक इकोनामी का हिस्सा बना कर लाभ प्राप्त करना है।
4. गोरखपुर शहर के जनप्रिय बिहार कालोनी में रहने वाले मां-बेटे ने आर्थिक तंगी और सूदखोरों के दबाव में जहरीला पदार्थ खाकर जान दी थी। फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची गोरखनाथ पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो तीन पन्ने का सुसाइड नोट मिला, जिसमें घर की आर्थिक तंगी व सूदखोरों का नाम भी लिखा है। गोरखनाथ थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम के साथ प्रभारी निरीक्षक थाना गोरखनाथ दुर्गेश सिंह जनप्रिय बिहार कालोनी स्थित सरोज देवी के घर पहुंचे। कमरे का ताला खुलवाने के बाद तलाशी ली तो सुसाइड नोट मिला। इसकी जानकारी होने पर एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी पहुंच गए। आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे मां-बेटे ने खर्च चलाने के लिए सूदखोरों से रुपये लिए थे। जिसे लौटाने का वह दबाव बना रहे थे। बैंक में नौकरी करने वाला बड़ा बेटा श्रीश भी मदद नहीं कर रहा था। परेशान होकर वह मंगलवार की दोपहर में छोटे बेटे मनीष उर्फ विक्की के साथ श्रीश से मिलने खलीलाबाद उसके बैंक पर गई थी। जहां उनमें कहासुनी हुई। बाद में वह घर पर लौट आए और रात में जहरीला पदार्थ खा लिया।
5. मुंबई की युवती श्रद्धा वाकर की बर्बर हत्या मामले में दिल्ली पुलिस की जांच में रोजाना नए-नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस बीच दिल्ली में छतरपुर के जिस फ्लैट में आरोपी आफताब अमीन पूनावाला ने श्रद्धा की हत्या की उसका पानी का बिल भी जांच में अहम सबूत बन सकता है। दरअसल, तीन मंजिला मकान का पानी का बिल मई, 2022 में अधिक आया था। ऐसे में आशंका है कि श्रद्धा की हत्या के बाद खून के धब्बों को धोने में आफताब ने अधिक पानी का इस्तेमाल किया होगा, जिसके चलते पानी का बिल अधिक आया। वहीं, यह बात भी सामने आई है कि आफताब ने मई महीने का पानी का बिल भी जमा नहीं किया। यह अलग बात है कि तीन मंजिला मकान के पहले फ्लोर पर आफताब गर्लफ्रेंड श्रद्धा के साथ रहता था और तीनों फ्लैट का बिल एक साथ आता था। मई में पहला मौका था, जब पानी का इस्तेमाल अधिक हुआ, जबकि इससे पहले और बाद के महीनों में इतना अधिक पानी इस्तेमाल नहीं किया गया। दिल्ली पुलिस के सूत्रों की मानें को 18 मई को झगड़े के दौरान आफताब ने गर्लफ्रेंड श्रद्धा की हत्या की, फिर उसके मृत शरीर को बाथरूम में लेकर गया। इसके बाद बाथरूम में ही श्रद्धा के शरीर के 35 टुकड़े किए। इस बीच दिल्ली पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि श्रद्धा के शरीर के टुकड़े करने के बाद खून के धब्बों को मिटाने के लिए आफताब द्वारा तुलनात्मक रूप से अधिक पानी का इस्तेमाल किया गया होगा।
6. जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में 2018 में आठ साल की बक्करवाल समुदाय की आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या मामले के शुभम सांगरा पर वयस्क की तरह चलेगा मुकदमा चलाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का बच्ची के परिवार वालों ने स्वागत किया है। शीर्ष अदालत ने कठुआ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट और उच्च न्यायालय के उन आदेशों को रद्द कर दिया, जिसमें कहा गया था कि आरोपी शुभम सांगरा किशोर था और उस पर अलग से मुकदमा चलाया जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का पीड़ित बच्ची को गोद लेने वाले और उसके उसके पिता ने कहा कि अब उन्हें पूर्ण न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी की पीठ ने कहा कि आरोपित की आयु सीमा निर्धारित करने के लिए किसी ठोस सबूत के अभाव में चिकित्सकीय साक्ष्य पर विचार किया जाना चाहिए। जम्मू कश्मीर के कठुआ जिला अंतर्गत पड़ने वाले एक की रहने वाली 8 साल की बच्ची 10 जनवरी, 2018 को लापता हो गई थी। उसके पिता ने 12 जनवरी को हीरानगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। एक सप्ताह बाद 17 जनवरी को जंगल में बच्ची का शव क्षत-विक्षत मिला था। बच्ची बक्करवाल समुदाय से थी। बच्ची के साथ हुई हैवानियत के विरोध में परिवार वालों ने प्रदर्शन किया। मामला तूल पकड़ लिया। 18 जनवरी को एक आरोपी का सुराग लगा और उसे पकड़ा गया।
7. भले ही दिल्ली नगर निगम के चुनाव हो रहे हों, लेकिन इससे निगम की बजट प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। दिल्ली नगर निगम ने बजट के प्रस्तुतिकरण की तैयारी कर ली है, जिसे जल्द पूरा करने की कोशिश हो रही है। हालांकि बजट में क्या होगा और क्या नहीं? इसे चुनाव आचार संहिता लागू होने के चलते सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। बताया जा रहा है कि नियमानुसार निगम ने बजट पेश करने की तैयारी कर ली है। निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती निगम के विशेष अधिकारी अश्वनी कुमार के समक्ष बजट प्रस्तुत करेंगे। इसमें वर्ष 2022-23 के संशोधित बजट अनुमान होंगे, जबकि 2023-24 के लिए बजट अनुमान होंगे। गौरतलब है कि दिल्ली में चार दिसंबर को चुनाव होंगे और सात दिसंबर को नतीजे आएंगे। दिल्ली नगर निगम एक्ट के तहत हर वर्ष 10 दिसंबर तक निगमायुक्त को बजट स्थायी समिति के समझ प्रस्तुत करना होता है। एकीकरण के बाद पार्षद नहीं हैं। इस समय न तो सदन है और न ही स्थायी समिति है। इसकी सभी शक्तियां विशेष अधिकारी के पास हैं।
8. सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली पंचायत के कोलेबिरा हरिजन कॉलोनी के समीप हो रहे पावर ग्रिड निर्माण कार्य में लगे जेसीबी व टैक्टर को पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के उग्रवादियों ने आग के हवाले कर दिया। घटना बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। इस दौरान उग्रवादियों ने निर्माण कार्य में लगे रात्रि गार्ड से निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली व निर्माण कार्य में लगे कर्मियों का नंबर मांगा और साथ में पेट्रोल लेकर आए उग्रवादियों ने ट्रैक्टर व जेसीबी को आग के हवाले कर दिया। इधर, सूचना बाद सुबह कोलेबिरा थाना घटनास्थल पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने लेवी के चलते घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलने के बाद की सुबह कोलेबिरा थाना के एसआई सुमन पांडे घटनास्थल पर पहुंचे व वस्तुस्थिति का जायजा लिया। बताया गया कि जलाई गई जेसीबी ग्रीड बना रहे ब्रज पावर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की है। वहीं ट्रैक्टर कोलेबिरा नवाटोली निवासी प्रदीप कुमार साहू की है।
राजनीति:
1. पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ बर्थडे से पहले एक इवेंट के दौरान केक काटने को लेकर विवादों में घिर गए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने कमल नाथ पर राम मंदिर रूपी केक और उस पर बनी हनुमान जी की तस्वीर काटने का आरोप लगाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि कमलनाथ और कांग्रेस शुरू से ही राम मंदिर का विरोध करते रहे हैं। अब वे राम मंदिर के रूप में बने केक को काटकर अपनी भावनाएं दिखा रहे हैं। बंटी साहू का कहना है कि ऐसा कर उन्होंने फिर साबित कर दिया है कि वह राम मंदिर और राम के खिलाफ हैं। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि इस कलयुग में हर जगह सिर्फ हनुमान जी ही हर जगह साक्षात रूप से विराजमान हैं। ऐसा केक काटकर उन्घ्होंने हनुमान जी का अपमान किया है। उन्हें इस घटना के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
2. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने गुजरात में प्रचार अभियान के एक कार्यक्रम में शामिल होने के भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के न्यौते को यह कहते हुए ठुकरा दिया है कि उनका नाम पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में नहीं है। कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इसमें थरूर का नाम नहीं है। यह पूछे जाने पर कि क्या स्टार प्रचारकों की सूची में नाम शामिल नहीं होने से निराश हैं तो थरूर ने कहा कि कांग्रेस जानती है कि उसके लिए कौन और क्या सबसे अच्छा है। ऐसे में निराश होने की बात कोई मतलब नहीं है। सूत्रों ने बताया कि एनएसयूआई ने थरूर को गुजरात में अपने एक कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन थरूर ने यह कहते हुए न्यौता ठुकरा दिया कि उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल नहीं है।
अंतर्राष्ट्रीय:
1. बहुप्रतिक्षित मून मिशन की शुरुआत हो चुकी है। स्पेस लान्च सिस्टम के जरिए आर्टेमिस-1 और ओरियन कैप्सूल लगातार अपनी मंजिल की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। इस सफर में ओरियन कैप्सूल ने धरती की पहली तस्वीर भेजी है। ओरियन कैप्सूल ने जिस वक्त ये तस्वीर ली थी, उस वक्घ्त ये धरती से करीब 57 हजार मील अर्थात 92 हजार किमी की दूरी पर था। ये यान 8,800 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चांद के आर्बिट की तरफ आगे बढ़ रहा है। आपको बता दें कि अपोलो मिशन के बाद इस तरह का नजारा अब से पहले कभी दिखाई नहीं दिया था। 1972 में नासा के इस मून मिशन ने अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक मील का पत्घ्थर स्घ्थापित किया था। नासा के प्रवक्ता सेंड्रा जान्स का कहना है कि स्पेस एजेंसी ओरियन कैप्सूल के सफर का लाइव टेलिकास्ट भी आज से शुरू कर चुकी है। नासा के इस यान ने केवल अंतरिक्ष से धरती की ही तस्वीर नहीं भेजी है, बल्कि ओरियन कैप्सूल के अंदर की तस्वीर भी भेजी है। इस कमांडर मूनिकिन कंपोस के साथ दूसरी चीजें भी दिखाई दे रही हैं। आपको बता दें कि नासा के ये मिशन पूरी तरह मानवरहित है। इस तस्वीर में कमांडर मूनिकिन जिस ओरेंज स्पेस सूट में दिखाई दे रही हैं, उसको भविष्य में चांद पर जाने वाले अंतरिक्ष यात्री इस्तेमाल करेंगे।
2. म्यांमार की सेना ने ऑस्ट्रेलियाई अर्थशास्त्री समेत कई विदेशियों को जेल से रिहा कर दिया है। म्यांमार के सैन्य नेताओं ने आंग सान सू की के पूर्व सलाहकार व ऑस्ट्रेलियाई अर्थशास्त्री शॉन टर्नेल को जेल से रिहा किया है। साथ ही अन्य 6,000 लोगों को भी माफी के साथ जेल से रिहा किया गया है। म्यांमार की मीडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। इरावदी न्यूज और बीबीसी बर्मीज ने बताया कि विक्की बोमन एक पूर्व ब्रिटिश दूत और एक जापानी पत्रकार व फिल्म निर्माता टोरू कुबोता को जेल से रिहा किया गया है।
3. अमेरिका के विस्कॉन्सिन में बीते साल क्रिसमस परेड के दौरान हुए सड़क हादसे के दोषी को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने परिजनों की पेरोल की मांग को भी खारिज कर दिया है। परिवारवालों ने दावा किया था कि दोषी की मानसिक बीमारी के कारण ये हादसा हुआ, लेकिन अदालत ने परिजनों के दावे को खारिज कर दिया। बता दें कि क्रिसमस परेड के दौरान एसयूवी से हुए हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल भी हुए थे। काउंटी सर्किट जज जेनिफर डोरो ने 40 वर्षीय डेरेल जूनियर को 76 आरोपों में सजा सुनाई है। आरोपों में इरादनत हत्या के 6 मामले और लापरवाह खतरे के 61 मामले शामिल हैं। अक्टूबर में आरोपी को दोषी पाया गया था। कोर्ट का कहना है कि ब्रूक्स ने पछतावा और सहानुभूति नहीं दिखाई। कोर्ट ने कहा कि कुछ लोग बुराई का रास्ता चुनते हैं। मुझे लगता है मिस्टर डेरेल, आप उन लोगों में से एक हैं। जज ने कि जो वीडियो सबूत पेश किए गए उन्होंने मुझे रात भर जगाए रखा। वहीं, कोर्ट में रोते हुए डेरेल ने कहा कि मैं आपको बताना चाहता हूं कि मुझे इसका कितना खेद है। जो वास्तव में मेरे दिल में पश्चाताप है, आप उसे नहीं देख सकते... इसका मुझे खेद है।
4. उत्तर कोरिया ने एक बार फिर पूर्वी तट से एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। समाचार एजेंसी रायटर ने दक्षिण कोरिया की सेना के हवाले से यह जानकारी दी है। उत्तर कोरिया द्वारा अमेरिका और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों को कठोर सैन्य प्रतिक्रिया की चेतावनी देने के कुछ ही घंटों बाद यह मिसाइल दागी गई है। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा कि उत्तर कोरिया ने पूर्वी सागर में एक अज्ञात बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। यह पूर्वी सागर जापान के सागर के रूप में भी जाना जाता है। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि इस बारे में कोई और जानकारी नहीं है कि हथियार कितनी दूर तक गया और कहां जाकर गिरा है। इससे पहले गुरुवार को उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री चो सोन ह्यू ने चेतावनी दी थी कि हाल ही में उत्तर कोरिया पर अमेरिका-दक्षिण कोरिया-जापान शिखर सम्मेलन समझौते से कोरियाई प्रायद्वीप पर तनाव अधिक बढ़ जाएगा। चो का बयान रविवार को कंबोडिया में अपने दक्षिण कोरियाई और जापानी समकक्षों के साथ राष्ट्रपति जो बाइडन के त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन में उत्तर कोरिया की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया थी। अपने संयुक्त बयान में तीनों नेताओं ने उत्तर कोरिया के हालिया मिसाइल परीक्षणों की कड़ी निंदा की और प्रतिरोध को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की थी। बाइडन ने दक्षिण कोरिया और जापान की परमाणु हथियारों सहित पूरी क्षमता के साथ रक्षा करने की अमेरिकी प्रतिबद्धता की फिर से पुष्टि की थी।
5. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि आतंकवाद पाकिस्तान की प्रमुख समस्याओं में से एक है। बता दें कि पीएम शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत में एक पुलिस वैन पर हमले की निंदा करते हुए ये बयान दिया। पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने ट्वीट कर लिखा कि हमें कोई गलती नहीं करनी चाहिए। आतंकवाद पाकिस्तान की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों और पुलिस ने बहादुरी से इस अभिशाप का मुकाबला किया है। लक्की मरवत में एक पुलिस वैन पर आतंकवादियों के हमले की निंदा करने के लिए कोई शब्द पर्याप्त नहीं है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
मौसम:
1. दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण में भी इजाफा होना शुरू हो गया है। बुधवार को जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 176 था, वहीं बृहस्पतिवार को बढ़कर 249 हो गया है। बृहस्पतिवार सुबह अधिक ठंड महसूस हुई। अचानक बढ़ी ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली और यह 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। वहीं अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार को 27 डिग्री रह सकता है। आसमान दिनभर साफ ही रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध रही। बुधवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को जहां यह 31.2 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं बुधवार को सामान्य से एक डिग्री कम 27.5 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
2. पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर अब धीरे-धीरे समूचे उत्तर भारत और मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के कई राज्यों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार आया है, हालांकि इस बीच तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। यूपी और बिहार में भी ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और कोहरे ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना हुआ निम्न दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन बन सकता है। निम्न दबाव के कारण आंध्र प्रदेश तमिलनाडु और श्रीलंका में भारी बारिश की संभावना है। दक्षिणी कर्नाटक, रायलसीमा, केरल तथा लक्षदीप में भी बारिश की संभावना है। नया पश्चिमी विक्षोभ के कारण 19 नवंबर से पहाड़ों पर बर्फबारी तेज होगी। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में कड़ाके की सर्दी शुरू हो सकती है। मौसम संबंधी जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काईमेट के मुताबिक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण केरल और दक्षिण तमिलनाडु में एक या दो मध्यम बारिश के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के इलाकों में समुद्र में ऊंची लहरें उठेंगे। हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे के आसपास हो सकती है। तमिलनाडु और केरल के शेष हिस्सों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कुछ और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
खेल/खिलाड़ी:
1. आईपीएल 2023 की नीलामी, जोकि 23 दिसंबर को कोच्चि में प्रस्तावित है, उससे पहले पंजाब किंग्स की तरफ से एक बड़ी अपडेट सामने आई है। दरअसल फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर से बल्लेबाजी कोच के तौर पर भारत के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज वसीम जाफर को नियुक्त किया है। 44 साल के जाफर ने पिछले साल आईपीएल के मेगा ऑक्शन से ठीक पहले इस जिम्मेदारी को छोड़ दिया था लेकिन इस बार दोबारा वह इसी रोल में दिखेंगे। उन्होंने पहली बार 2019 में बतौर बल्लेबाजी कोच, पंजाब किंग्स के साथ काम शुरू किया था और 3 सीजन तक जुड़े रहे। इसके अलावा पंजाब किंग्स ने गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर चार्ल लैंगवेल्ट को सौंपी है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर ब्रैड हैडिन को सहायक कोच की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले पंजाब किंग्स की तरफ से शिखर धवन को कप्तान के तौर पर जबकि ट्रेवल बेलिस को मुख्य कोच के तौर पर जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
2. न्यूजीलैंड दौरे पर भारत के टी-20 कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि 2024 विश्व कप का रोडमैप शुरू हो चुका है और आने वाले समय में कई खिलाड़ियों को टीम में दावा पुख्ता करने का मौका दिया जाएगा। अगले टी-20 विश्व कप में अभी दो साल का समय है। इस दौरान काफी क्रिकेट खेली जाएगी और कई खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। मालूम हो कि अगला टी-20 विश्व कप 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेला जायेगा । ऐसी संभावना है कि अगले दो साल में भारतीय टीम में काफी बदलाव होंगे और विराट कोहली तथा रोहित शर्मा जैसे कई सीनियर खिलाड़ियों की विदाई हो सकती है। हार्दिक पांड्या ने कहा कि टीम को आस्ट्रेलिया में विश्व कप की नाकामी को भुलाना होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि विश्व कप के प्रदर्शन से निराश हैं, लेकिन हम सभी पेशेवर हैं और हमें इससे उबरना होगा। हम जैसे सफलता को पीछे छोड़ देते हैं, वैसे ही इस असफलता को भी भुलाकर आगे की ओर देखना होगा। अपनी गलतियों से सबक लेना होगा।