News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news on which we will keep an eye
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:06 AM
राष्ट्रीय :
1. गुजरात के मोरबी जिले में पुल हादसे की जांच के लिए न्यायिक आयोग के गठन की मांग वाली जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। याचिका में कहा गया है कि यह दुर्घटना सरकारी अधिकारियों की लापरवाही और विफलता को दर्शाती है। पिछले एक दशक में देश में ऐसी कई दुर्घटनाएं हुई हैं जहां कुप्रबंधन, कर्तव्य में चूक और रखरखाव गतिविधियों में लापरवाही के कारण बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने के मामले सामने आए हैं। प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस जेबी पार्डीवाला की पीठ अधिवक्ता विशाल तिवारी द्वारा दायर जनहित याचिका पर आज सुनवाई करेगी। मोरबी में 30 अक्टूबर की शाम पुल हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 135 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक घायल हो गए थे। याचिका में घटना की जांच के लिए शीर्ष अदालत के सेवानिवृत्त जज की अध्यक्षता में न्यायिक आयोग के गठन की मांग की गई है।
News Update :
2. मुंबई की युवती श्रद्धा मर्डर केस में कानून की कसौटी पर कसे जाने वाले सबूतों की तलाश में सोमवार को आरोपित ब्वॉयफ्रेंड आफताब अमीन पूनावाला का नार्को टेस्ट हो सकता है। बताया जा रहा है कि आफताब ने श्रद्धा वालकर की हत्या क्यों की? उसके शरीर के टुकड़े कहां-कहां पर फेंके? हत्या करने की नौबत क्यों आई? क्या वह नशा करता है? इसके अलावा कई बड़े और अहम सवालों के जवाब आफताब से लेने की कोशिश होगी। गौरतलब है कि नार्को टेस्ट अमूमन हत्या से जुड़े मामले में होता है, जिसकी मदद से बेहद हाईप्रोफाइल या उलझा देने वाले मामलों की जांच में मदद मिलती है। श्रद्धा मर्डर केस में भी दिल्ली पुलिस कई सवालों के जवाब लेने के बाद या इसके जरिये जांच में तेजी ला सकती है। नार्को टेस्ट में हत्यारोपित आफताब से पूछे जाने वाले सवालों में श्रद्धा और उसके संबंधों को लेकर सवाल किए जाएंगे। इस दौरान यह सवाल भी अहम होगा कि आखिर हत्या अचानक की या फिर पूरी प्लानिंग के साथ की गई? इसके अलावा, वह श्रद्धा से कैसे और कैसे मिला? उसने श्रद्धा को कैसे मारा? और शव के टुकड़ों के अलावा हथियार और मोबाइल फोन कहां पर फेंके? यह सवाल भी नार्कों टेस्ट में रखे जाएंगे।
3. जाजपुर कोरई रेलवे स्टेशन पर आज सुबह-सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। प्राथमिक सूचना के मुताबिक इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि आठ से अधिक लोग बुरी तरह से घायल हैं। राहत बचाव कार्य में आरपीएफ पुलिस एवं दमकल वाहिनी की टीम नियोजित की गई है। भुवनेश्वर से एक्सीडेंट रिलीफ टीम भेजी गई है। खुर्दा डीआरएम दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। दुर्घटना के बाद पूरा स्टेशन परिसर पुलिस ने अपने घेरे में ले लिया है। माना जा रहा है कि ट्रेन के डिब्बे के नीचे और कुछ लोग दबे हो सकते हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा है कि दुखद हादसा है। किस वजह से यह दुर्घटना हुई है जांच के निर्देश दिए गए हैं। हादसे के बाद अप और डाउन दोनों सेवा को बंद कर दिया गया है।
4. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों को अब मौसम की दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर जहां ठंड बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर हवा भी ‘जहरीली’ होती जा रही है। आज सोमवार को दिल्ली हवा की गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है। वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली के मुताबिक, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक आज सुबह 320 (बहुत खराब श्रेणी में) रिकॉर्ड किया गया है। इससे पहले छह दिनों की राहत के बाद रविवार को फिर दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई। एनसीआर के शहरों में तो एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) अब भी 300 से नीचे है, लेकिन दिल्ली का एक्यूआई 300 से ऊपर चला गया है। इसकी वजह पराली के धुएं की हिस्सेदारी बढ़ना और हवा की गति कम होना बताया जा रहा है।
News Update :
5. वाराणसी शहर में बीते दिनों दारोगा अजय यादव पर हमला करने वाले बदमाशों की कुछ समय से पुलिस तलाश कर रही थी। इस मामले के आरोपित बदमाशों को पुलिस ने तड़के रिंग रोड पर मुठभेड़ के दौरान ललकारा तो आनन फानन दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं, जिसमें दोनों बदमाशों को गोली लगी तो उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां दोनों ने दम तोड़ दिया।
राजनीति :
1. गुजरात में सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। भाजपा हो या कांग्रेस या फिर आम आदमी पार्टी। सभी दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रखी है। भाजपा के तमाम दिग्गज नेता मैदान में उतर चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, जेपी नड्डा जैसे तमाम बड़े नेता ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। उधर, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी अपनी पार्टी के लिए माहौल बना रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज पहली बार चुनाव प्रचार में शामिल होने जा रहे हैं। बता दें कि गुजरात में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले चरण का चुनाव 1 दिसंबर जबकि 5 दिसंबर को दूसरे चरण का चुनाव होगा।
2. गुजरात में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के रोडशो के दौरान कुछ लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में नारे लगाये। गुजरात में अगले महीने विधानसभा चुनाव हैं। पंचमहाल जिले के हालोल में शाम को यह घटना घटी, जब आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक रोडशो को संबोधित कर रहे थे। इस पर केजरीवाल ने कहा कि वे जिस किसी के पक्ष में नारा लगाना चाहते हैं, लगायें, लेकिन वही उनके बच्चों के लिए विद्यालय बनाएंगे एवं मुफ्त बिजली देंगे। उन्होंने कहा कि ‘आप’ मोदी के पक्ष में नारे लगा रहे इन लोगों का एक दिन दिल जीतेगी। रोड-शो में लोगों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘कुछ लोग ‘मोदी, मोदी’ चिल्ला रहे हैं। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि वे जिस किसी के भी पक्ष में नारा लगाना चाहते हैं, लगायें, लेकिन यह केजरीवाल ही है, जो आपके बच्चों के लिए विद्यालय बनाएगा। आप जितना चाहे नारा लगा लें, लेकिन यह केजरीवाल ही है, जो आपको मुफ्त बिजली देगा।’
3. उम्मीदवारों की सूची के बाद अब कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची भी पार्टी की गुटबाजी में उलझकर रह गई है। आलम यह है कि आम आदमी पार्टी और भाजपा ने जहां एमसीडी चुनाव में प्रचार अभियान को धार देने के लिए स्टार प्रचारकों की फौज उतार दी है। वहीं, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस यहां भी बुरी तरह पिछड़ती नजर आ रही है। अभी तो स्टार प्रचारकों के नाम ही फाइनल नहीं हो पाए हैं, बाद में उनका शेड्यूल तय होने में भी समय लग जाएगा। गौरतलब है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पहले रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों ने पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। सीएम अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित सरकार के मंत्रियों ने पार्टी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे, लेकिन कांग्रेस रविवार का फायदा उठाने में नाकाम रही। पार्टी सूत्र बताते हैं कि कुछ दिन पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से राज्य चुनाव आयोग को 40 स्टार प्रचारकों की सूची भेजी गई थी, लेकिन उसमें शामिल कुछ नामों पर प्रदेश के नेताओं को आपत्ति थी। वजह, सूची में शामिल बहुत से नेता सक्रिय ही नहीं हैं। उनमें से अनेक प्रदेश कार्यालय भी नहीं आते।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. ग्रीस द्वीप क्रीत में सोमवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिसके बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर दौड़ पड़े। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तिव्रता 5.5 रही। जानकारी के मुताबिक, भूकंप सुबह 4 बजकर 54 मिनट ((भारतीय समयानुसार) पर आया। इसकी गहराई 80 किमी (49.71 मील) थी। नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। एथेंस जियोडायनामिक संस्थान ने कहा कि भूकंप के झटके काहिरा और मिस्र तक महसूस किया गया था। इससे पहले, यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (म्डैब्)ने भूकंप की तीव्रता को संशोधित कर 6 से 5.4 कर दिया था। क्रीत में आए भूकंप के बाद सुनामी की आशंका जताई जा रही है। इस बीच तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने का निर्देश जारी किया गया है। लोगों से कहा गया है कि वे समुद्र के किनारे से ऊंचाई वाली जगहों पर चले जाए जिससे वे सुरक्षित रहेंगे।
2. जापान के आंतरिक मामलों के मंत्री ने एक फंडिंग घोटाले के सिलसिले में रविवार को इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद वह प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के पहले से ही अस्थिर समर्थन के लिए एक महीने से भी कम समय में छोड़ने वाले तीसरे कैबिनेट सदस्य बन गए। पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की जुलाई में हत्या के बाद किशिदा के प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के लिए माहौल कमजोर हो गया। इसी दौरान सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के राजनेताओं और यूनिफिकेशन चर्च के बीच गहरे संबंधों का खुलासा हुआ था। आंतरिक मामलों के मंत्री मिनोरू टेराडा ने मीडिया रिपोर्टों के बाद किशिदा को अपना इस्तीफा दे दिया, प्रधानमंत्री उन्हें बर्खास्त करने की तैयारी कर रहे थे। किशिदा ने सोमवार को पूर्व विदेश मंत्री ताकेकी मात्सुमोतो को टेराडा का उत्तराधिकारी नियुक्त किया। मात्सुमोतो की नियुक्ति के बाद किशिदा ने संवाददाताओं से कहा कि राजनीतिक प्रतिबद्धता की नींव जनता का विश्वास है।
3. यूक्रेन में स्थित यूरोप के सबसे बड़े जपोरजिया न्यूक्लियर प्घ्लांट को लेकर संयुक्त राष्घ्ट्र ने रूस को एक बार फिर से कड़ी चेतावनी दी है। इस न्यूक्लियर प्लांट के करीब रूस ने फिर से हमले किए हैं जिसके मद्देनजर यूएन ने रूस को चेताया है। बता दें कि इस न्यूक्लियर प्लांट पर रूस ने युद्ध की शुरुआत के कुछ दिनों बाद ही कब्जा कर लिया था। रूस के कब्जे में आने के बाद से यूक्रेन समेत एक बड़े इलाके में बिजली संकट भी गहराया हुआ है। न्यूक्लियर प्लांट के आसपास हो रहे हमलों को लेकर चिंता जताई है और इसकी कड़ी निंदा की है। यूएन वाचडाग के प्रमुख ने कहा है कि इन हमलों से इस न्यूक्लियर प्लांट को खतरा बढ़ गया है। दूसरी तरफ रूस और यूक्रेन यहां पर होने वाले हमलों के लिए एक दूसरे को दोषी ठहरा रहे हैं। हालांकि, इन हमलों से न्यूक्लियर प्लांट से होने वाली पावर सप्लाई में किसी तरह की कोई बाधा नहीं आई है और न ही प्लांट की इमारत को किसी तरह का नुकसान पहुंचा है। रूस के बिजली मंत्री ने कहा है कि पावर प्लांट को लेकर डरने की कोई जरूरत नहीं है। ये पूरी तरह से सुरक्षित है। रूस की तरफ से इस बारे में ये बयान यूक्रेन के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें यूक्रेन ने कहा था कि हमलों के मद्देनजर किसी भी वक्त बिजली सप्लाई पूरी तरह से ठप हो सकती है और शटडाउन की नौबत आ सकती है।
मौसम :
1. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबर और शाम के मौसम में खासा बदलाव आया है। पिछले एक-दो दिन से सुबह के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। उत्तराखंड और हिमाचल के ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। वहीं, इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार 21 और 22 नवंबर को उत्तर तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु के आसपास वाले क्षेत्रों में रविवार शाम से ही हल्की बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग ने कहा कि कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ इसकी तीव्रता बढ़ने की संभावना है। 21 और 22 नवंबर को उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों में बारिश होने की संभावना है। इसी अवधि के दौरान उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
कारोबार :
1. भारतीय रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द करने सिलसिला जारी है। सोमवार को भारतीय रेलवे के द्वारा 159 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। इसमें से 132 ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है, जबकि 27 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रेलवे के द्वारा इन ट्रेनों को रद्द करने के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि परिचालन संबंधी कारणों के चलते इन ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 16 ट्रेनों को रीशेड्यूल और 14 ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया है। रद्द रीशेड्यूल और डायवर्ट की गई ट्रेनों में महाराष्ट्र, पंजाब, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, केरल और अन्य राज्यों से चलने वाली गाड़ियां शामिल हैं।
खेल/खिलाड़ी :
1. न्यूजीलैंड के खिलाफ शतकीय पारी खेलने वाले सूर्यकुमार यादव के लिए 2022 का साल लगातार नई सफलताएं गढ़ रहा है। यह उनका टी-20 में इस साल दूसरा शतक था। उनके इस तूफानी 111 रन की पारी का ही नतीजा था कि टीम इंडिया ने दूसरे टी20 मैच में 65 रन से जीत दर्ज की जो, टी20 में बड़ी जीत कही जा सकती है। इस पारी के बाद उन्होंने अब टेस्ट खेलन की इच्छा जताई है। मैच के बाद हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वो टाइम भी आ रहा है। मैंने रेड बॉल से ही क्रिकेट की शुरुआत की थी। मैं रेड बॉल फॉर्मेट का लुत्फ उठाता हूं। मैंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में मुंबई के लिए रेड-बॉल फॉर्मेट खेला है। मुझे फॉर्मेट का अंदाजा है और उम्मीद है कि टेस्ट कैप जल्द ही आ जाएगी। विराट कोहली ने ट्वीट कर 51 गेंद पर 111 रन की पारी खेलने वाले सूर्यकुमार की तारीफ की थी। उन्होंने उनकी इस पारी को वीडियो गेम वाली पारी करार दिया था। उनकी इस तारीफ के बारे में जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मैं इसे तारीफ के तौर पर लूंगा और आगे अच्छा करने की कोशिश करूंगा।