News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
Justice U U Lalit
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 03:00 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति यूयू ललित ने कहा कि दीवानी विवादों को आपराधिक रंग दिया जा रहा है और इसके चलते अकारण गिरफ्तारियां की जा रही हैं। इससे न्याय व्यवस्था पर बोझ पड़ता है। वह बांबे हाईकोर्ट में आपराधिक न्याय को प्रभावी बनाने संबंधी विषय पर न्यायमूर्ति केटी देसाई स्मृति व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे। पूर्व सीजेआई ने कहा कि देश के जेलों में 80 प्रतिशत कैदी विचाराधीन हैं, जबकि शेष दोषी हैं। वहीं, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता ने कहा कि जमानत नियम है और जेल एक अपवाद है। जस्टिस दीपांकर दत्ता ने सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश का उदाहरण दिया, जिसमें एल्गार परिषद-माओवादी संबंध मामले में आरोपित गौतम नवलखा को जेल में बंद रखने की जगह घर में नजरबंद रखने को कहा गया था। यह उल्लेख करते हुए कि आपराधिक न्याय प्रणाली किसी भी सभ्य समाज की रीढ़ होती है।
2. मलंगो में भूकंप के जोरदार झटके लगे हैं। भूकंप के झटके मंगलवार सुबह सोलोमन द्वीप पर महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.0 मापी गई है। फिलहाल किसी तरह के जानमाल की हानि की खबर नहीं है। समाचार एजेंसी ने बताया कि भूकंप मंगलवार सुबह 7 बजकर 33 मिनट पर आया। भूकंप के झटकों के बाद सोलोमन द्वीर पर सूनामी की चेतावनी जारी की गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया गया कि लोगों को ऊंची जगहों पर जाने की सलाह भी दी गई है। इससे पहले, इंडोनेशिया में सोमवार को जोरदार भूकंप आया था। 5.6 तीव्रता के भूकंप में अब तक 162 लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा 700 लोग घायल भी हुए हैं। भूकंप पश्चिम जावा प्रांत के सियानजुर क्षेत्र में 10 किलोमीटर (6.2 मील) की गहराई पर केंद्रित था। भूकंप के जोरदार झटकों से कई इमारतें क्षतिग्रस्त भी हुई हैं।
3. सीवी आनंद बोस बुधवार को पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल नामित किए जाने वाले बोस यहां राज भवन में शपथ ग्रहण करेंगे। अधिकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बंदोपाध्याय और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी सहित कई अन्य गणमान्य हस्तियां मौजूद होंगी। राज्यपाल को उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा शपथ दिलाई जाती है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1977 बैच के केरल कैडर के सेवानिवृत्त अधिकारी बोस राज्यपाल के रूप में ला गणेशन की जगह लेंगे। 2011 में सेवानिवृत्त होने से पहले उन्होंने कोलकाता में राष्ट्रीय संग्रहालय के प्रशासक के रूप में कार्य किया था।
4. सीमा की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवानों ने एक बार फिर अपनी सतर्कता दिखाते हुए पाकिस्तान सीमा से भारतीय सीमा में घुसपैठ के दो बड़े प्रयासों को नाकाम बना दिया है। घुसपैठ के ये दोनों प्रयास अंतरराष्ट्रीय सीमा पर किए गए। जम्मू संभाग में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे अरनिया सेक्टर से भारतीय सीमा में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे एक पाकिस्तानी घुसपैठियो को जहां सीमा सुरक्षाबल के जवानों ने मार गिराया। वहीं जिला सांबा के रामगढ़ सेक्टर से घुसपैठ का प्रयास कर रहे पाकिस्तानी घुसपैठिये को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि उसके कब्जे से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। परंतु घुसपैठ की इन दो अलग-अलग कोशिशों के बाद बीएसएफ जवानों ने सीमा से सटे इलाकों में तलाशी अभियान चलाया हुआ है। बीएसएफ अधिकारी ने घुसपैठ के दोनों प्रयासों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पहली घुसपैठ अरनिया सेक्टर में जबोबाल पोस्ट के नजदीक रात करीब 2.30 बजे के करीब की गई। सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों ने रात के अंधेरे में सीमा पार हलचल देखे जाने के बाद घुसपैठिये को कई बार चेतावनी दी, परंतु जब उसने चेतावनी के बाद भी भारतीय सीमा की ओर बढ़ना जारी रखा तो तारबंदी के नजदीक आते ही जवानों ने फायरिंग कर उसे वहीं ढेर कर दिया। घुसपैठिये का शव अभी भी तारबंदी के उस पार साफ दिख रहा है। पाकिस्तानी सेना ने शव को अभी तक अपने कब्जे में नहीं लिया है। मारा गया घुसपैठिया आतंकी था या फिर कोई ओर इस बात की पुष्टि नहीं हुई है।
5. बिहार के वैशाली जिले के लालगंज थाने की पुलिस भोजपुरी गायिका एवं एक्ट्रेस अक्षरा सिंह को ढूंढने मुंबई गई और इधर, उन्होंने हाजीपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। एसीजेएम द्वितीय सुनील कुमार त्रिपाठी के न्यायालय में अक्षरा ने सरेंडर किया। कोर्ट ने सुनवाई के उपरांत अक्षरा सिंह को नियमित जमानत दे दी। बताते चलें कि वैशाली के जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्येंद्र पांडेय की कोर्ट से दो दिनों पूर्व ही उन्हें अग्रिम जमानत मिली थी। नियमित जमानत मिलने पर अक्षरा ने न्यायालय एवं कानून के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा से कानून का पालन किया है। गौरतलब हो कि 23 अप्रैल 2021 की रात लालगंज के पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के भतीजे के उपनयन संस्कार में आयोजित कार्यक्रम में अक्षरा सिंह ने अपनी प्रस्तुति दी थी। इस कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में अक्षरा सिंह के कार्यक्रम के दौरान दो राउंड फायरिंग भी गयी थी। मामले में लालगंज के तत्कालीन थानाध्यक्ष सीबी शुक्ला के कोविड-19 के उल्लंघन के आरोप में पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला, उनकी पत्नी पूर्व विधायक अनु शुक्ला, बाडीगार्ड और भोजपुरी फिल्म एक्ट्रेस अक्षरा सिंह पर प्राथमिकी करायी थी।
6. चर्चित श्रद्धा मर्डर केस में लगातार हो रहे नए खुलासों से लोगों में सनसनी फैली हुई है। जब से आरोपित आफताब ने श्रद्धा की हत्या कर 35 टुकड़ों में लाश को ठिकाने लगाने की बात स्वीकारी है, तब से ही इस केस को लेकर पूरे देश में हलचल मची हुई है। इस केस की उलझी हुई गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस एड़ी चोटी का जोर लगा रही है, लेकिन अभी तक मामले को लेकर ठोस सबूत नहीं मिले हैं। इसी सिलसिले में कोर्ट ने आफताब को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था, लेकिन अब दिल्ली पलिस इस रिमांड को बढ़ाने की कोशिश कर रही है। दरअसल, पुलिस के मुताबिक इस केस में आफताब से और पूछताछ करना बाकी है। पुलिस आफताब से हर सिरे से पूछताछ कर मामले को जल्द से जल्द सुलझाना चाहती है। बता दें कि सबूतों को अभाव के कारण दिल्ली पुलिस ने आफताब के नार्को टेस्ट कराने की भी तैयारी भी की है। इस टेस्ट के लिए दिल्ली पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली स्थित साकेत कोर्ट से अनुमति मांगी थी। दरअसल, जैसे ही यह मामला सुर्खियों में आया, वैसे ही पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपित आफताब इस जांच को भटकाने की कोशिश करने लगा। आफताब की इस कोशिश के कारण पुलिस को सबूत जुटाने में दिक्कतों का समाना करना पड़ रहा है।
राजनीति:
1. पीएम नरेन्द्र मोदी आज रोजगार मेले में विभिन्न पदों के लिए सिलेक्ट होने वाले 71 हजार लोगों को उनका नियुक्ति पत्र सौपेंगे। ये आयोजन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किया जाएगा। इन नियुक्ति पत्रों की फिजिकल कापी हिमाचल प्रदेश और गुजरात के करीब 45 स्थानों पर मिल सकेगी। इस आयोजन के जरिये सरकार उस वादे को भी पूरा कर रही है, जिसमें पीएम मोदी ने रोजगार सृजन को अपनी पहली प्राथमिकता बताया था। रोजगार मेले के जरिए सरकार को उम्मीद है कि और हजारों लोगों को इससे लाभ मिल सकेगा और युवाओं को रोजगार देने में ये सहायक साबित होगा। पीएमओ की तरफ से कहा गया है कि रोजगार मेला देश के विकास और समृद्धि में अग्रणी भूमिका निभाएगा। पीएम मोदी इस मौके पर नियुक्त किए गए सभी नए लोगों को इस अवसर पर वीडियो काफ्रेंसिंग के जरिए बधाई भी देंगे और उन्घ्हें संबोधित भी करेंगे।
News Update :
अंतर्राष्ट्रीय:
1. पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने 2003 में तत्कालीन सैनिक शासक जनरल (सेवानिवृत्त) परवेज मुशर्रफ की हत्या का प्रयास करने वाले व्यक्ति को रिहा करने का आदेश दिया है। इस व्यक्ति को 14 वर्ष की सजा सुनाई गई थी, लेकिन वह करीब 20 वर्ष से जेल में बंद है। जीओ टीवी ने कहा है कि 2003 में रावलपिंडी पंप हमला मामले में राणा तनवीर को सैन्य अदालत ने 2005 में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। बता दें कि राणा तनवीर को 31 दिसंबर 2003 को मुशर्रफ की हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। रावलपिंडी में बम और बंदूक से हुए हमले में मुशर्रफ बाल-बाल बच गए थे। जस्टिस सरदार तारिक मसूद की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने सोमवार को राणा तनवीर को रिहा करने का आदेश दिया। पीठ ने सजा पूरी होने के बाद दोषी को रिहा नहीं किए जाने से संबंधित याचिका पर सुनवाई के दौरान अपना आदेश सुनाया। पीठ ने रिहाई के विरुद्ध संघ और पंजाब सरकार की याचिकाएं निरस्त कर दी।राणा तनवीर के वकील हशमत हबीब ने कहा कि सजा पूरी होने के बाद भी उनके मुवक्किल को रिहा नहीं किया जा रहा है। आजीवन कारावास 14 वर्ष का है और मुवक्किल करीब 20 वर्ष से जेल में बंद है।
कारोबार:
1. मशहूर पेय पदार्थ रसना समूह के संस्थापक और चेयरमैन अरीज पिरोजशॉ खंबाटा ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। 85 वर्षीय अरीज का निधन हो गया है। रसना ग्रुप ने अरीज पिरोजशॉ के निधन की सूचना दी है। रसना ग्रुप की तरफ से एक बयान भी जारी किया गया है। बयान में कहा गया कि खंबाटा ने भारतीय उद्योग, व्यापार और समाज की सेवा के जरिए सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समूह ने बताया कि खंबाटा का निधन अहमदाबाद में कार्डियक अरेस्ट के चलते हुआ है। खंबाटा पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। खंबाटा के परिवार में उनकी पत्नी पर्सिस, बच्चे पिरुज, डेलना और रूजान, बहू बिनाशा और उनके बच्चे अर्जीन, अरजाद, अवन, फिरोजा, अरीज और अर्णवाज है। कई सालों पहले अरीज के पिता फिरोजा खंबाटा ने इस व्यवसाय को शुरू किया था। आज रसना की पहुंच 60 से अधिक देशों में है। आज रसना दुनिया में सबसे बड़े पेय पदार्थ निर्माताओं में से एक है। 1970 में महंगी कीमतों पर बेचे जाने वाले सॉफ्ट ड्रिंक उत्पादों के विकल्प के रूप में रसना के किफायती पैकेट बनाए गए। आज इसे देश के 18 लाख दुकानों पर बेचा जाता है। 80 और 90 के दशक में ‘आई लव यू रसना’ कैंपेन ने इसे नई पहचान दी थी।
2. एलन मस्क ने मंगलवार को एलान किया कि ट्विटर की पेड वेरिफाइड ब्लू टिक सर्विस ‘ट्विटर ब्लू’ के रीलॉन्च को फिलहाल अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है और जब तक गलत जानकरी रोकने का विश्वास नहीं आ जाता उस समय तक के लिए ये बंद रहेगा। इसके साथ ही मस्क ने कहा कि जहां तक संभावना है कि संगठन और व्यक्तियों के लिए अगल रंग का वेरफिकेशन टिक दिया जाएगा। ट्विटर का अधिग्रहण करने के बाद मस्क ने कंपनी की आय बढ़ाने के लिए ट्विटर ब्लू सर्विस लॉन्च की थी, जिसमें केवल 8 डॉलर प्रति महीने खर्च कर कोई भी व्यक्ति ब्लू टिक ले सकता था। इससे बाद किसी व्यक्ति ने अमेरिकन फार्मा कंपनी एली लिली के नाम से फर्जी ट्विटर आकउंट बनाया और 8 डॉलर देकर वेरिफाइड कर लिया। इस फर्जी अकाउंट से एक ट्वीट किया गया कि कंपनी के द्वारा बेची जाने वाली इन्सुलिन अब लोगों को फ्री में मिलेगी, जिसके कारण कंपनी का शेयर प्राइस 4.37 प्रतिशत तक गिर गया, जिससे कंपनी का बाजार मूल्यांकन 15 बिलियन डॉलर तक गिर गया। वहीं, कई अन्य लोगों की ओर से भी प्रसिद्ध लोगों और संगठनों के नाम पर ऐसा किया जाने लगा, जिसके बाद ट्विटर की ओर से ब्लू टिक सर्विस को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया था।
खेल/खिलाड़ी:
1. तीन मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला मंगलवार को नेपियर में खेला जाएगा। सीरीज में 1-0 से बढ़त बना चुकी टीम इंडिया, हार्दिक पांड्या की कप्तानी में एक और सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी। पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था, जबकि दूसरे मैच में टीम इंडिया ने 65 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। उस मैच में टीम इंडिया ने हर क्षेत्र में न्यूजीलैंड की टीम को पछाड़ा था। दूसरे मैच में ओपनिंग में नाकाम रहने वाले रिषभ पंत के पास बतौर ओपनर खुद को साबित करने का एक और मौका होगा। उन्होंने 13 गेंद पर 6 रन की पारी खेली थी। न्यूजीलैंड टीम की बात करें तो टीम केन विलियमन की अनुपस्थिति में नए कप्तान, टिम साउथी के नेतृत्व में उतरेगी। इस मैच में कप्तान के अलावा बतौर बल्लेबाज भी विलियमसन की कमी खलेगी, क्योंकि दूसरे मैच में वह न्यूजीलैंड की तरफ से एकमात्र सफल बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 61 रन की पारी खेली थी। यदि आप भी इस मैच का आनंद लेना चाहते हैं तो इससे पहले इस मैच से जुड़ी कुछ अहम बातों के बारे में जान लेते हैं।