News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 06:17 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में पीएम किसान सम्मान सम्मेलन 2022 का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान दिवाली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को बड़ा तोहफा देंगे। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक इस दो दिवसीय कार्यक्रम में किसानों के अलावा शोधकर्ता, कृषि स्टार्टअप से जुड़े लोग और प्रोफेसर शामिल होंगे। सम्मेलन 2022 के उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी देशभर के करीब 12 करोड़ किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि योजना की 12वीं किस्त जारी करेंगे।
2. विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह की निजी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। राज्य चुनाव आयोग ने इसको लेकर डीजीपी को पत्र लिखा है। एक-दो दिन के भीतर इस संबंध में आदेश जारी हो जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग व मानव अधिकार विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष प्रणय प्रताप सिंह की ओर से इस संबंध में राज्य चुनाव आयोग को पत्र भेजा था। इसमें कहा था कि हाल ही में विक्रमादित्य सिंह को खालिस्तानी समर्थकों की ओर से धमकी मिली थी। पत्र में लिखा था कि चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रचार अभियान व बड़ी रैलियों में प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह जाएंगे। ऐसे में कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। कांग्रेस के पत्र के बाद आयोग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डीजीपी को निर्देश जारी कर दिए हैं। अभी एक-एक सुरक्षाकर्मी विधायक व सांसदों को दिया जाता है। आयोग के निर्देश के बाद इनकी संख्या बढ़ा दी जाएगी।
3. आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले में 18 आवारा कुत्तों को जहर देकर मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। उस पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ने दावा किया है कि गांव के सरपंच ने उसे कुत्तों को मारने का आदेश दिया था। पुलिस ने बताया कि मामला चेबरोले गांव का है। आरोपी की पहचान के. वीरबाबू के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि गांव के सरपंच और सचिव ने उसे जहरीला इंजेक्शन देकर कुत्तों को मारने के लिए कहा था। कुत्तों की मौत के बाद एनिमल राइट ग्रुप में गुस्सा है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
4. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के लिए पटाखों की दुकानें आबादी से दूर लगाने की हिदायत देते हुए कहा कि पर्यावरण और स्वास्थ्य की दृष्टि से अतिसंवेदनशील पटाखों की खरीद-फरोख्त को हतोत्साहित किया जाए। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, क्षेत्रीय तथा परिक्षेत्रीय एवं जिला पुलिस प्रमुखों तथा नगर निकायों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर दीपावली एवं छठ पूजा पर्व के सुचारू आयोजन के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
राजनीति:
1. कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। देशभर में 9 हजार से अधिक प्रतिनिधि नए अध्यक्ष को चुनने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वोटिंग का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक है। करीब 22 साल बाद कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। गांधी परिवार के करीबी मल्लिकार्जुन खडगे और कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बीच मुकाबला है। मतों की गिनती बुधवार को होगी। मतों की गिनती के बाद लगभग 24 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष गैर गांधी परिवार से होगा। सोनिया और प्रियंका गांधी दिल्ली में वोट डालेंगे, जबकि राहुल गांधी कर्नाटक में वोट करेंगे। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और अन्य आईसीसी सदस्यों एवं वरिष्ठ नेताओं सहित कुल 75 कांग्रेस प्रतिनिधि दिल्ली के ऑल इंडिया कांग्रेस दफ्तर मुख्यालय में अपना वोट डालेंगे। दिल्ली कांग्रेस कार्यालय में 280 प्रतिनिधि वोट डालेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय:
1. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने नेशनल असेंबली और विधानसभा उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। पाकिस्तान में इमरान खान की यह जीत इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि कुछ ही महीनों में वहां आम चुनाव हो सकते हैं और इसे सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा था। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पीटीआई 7 निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रही थी और उसने देशभर की कुल 8 में से 6 नेशनल असेंबली सीटों पर उपचुनाव में जीत हासिल की। पीटीआई प्रमुख ने सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवारों को हराकर पेशावर, मर्दन, चारसद्दा, फैसलाबाद और ननकाना साहिब में सीटें जीतीं।
कारोबार:
1. भारतीय रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला जारी है। सोमवार को भी भारतीय रेलवे की ओर से 187 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसमें से 160 ट्रेनों को पूरी तरह से और 27 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। इसमें लोकल, स्पेशल, एक्सप्रेस, गरीब रथ और जनशताब्दी ट्रेनें शामिल हैं। इसके आलावा 26 ट्रेनों को रीशेड्यूल्ड और 18 डायवर्ट किया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में हरियाणा, पुणे, महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और गुजरात से चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
मौसम:
1. दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने लगा है। इस वजह से दिल्ली में 11 दिन बाद रविवार को एक बार फिर हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई। सोमवार को भी दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। सफर इंडिया के अनुसार हवा की गति कम होने के कारण अगले तीन दिनों तक एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब श्रेणी में निचले स्तर पर रहने की संभावना है। गुरुग्राम में दो दिन से वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। अब सुबह सुबह की हवा सांस लेने लायक नहीं रही। दो दिन से वायु प्रदूषण पीएम 2.5 का स्तर सामान्य से की गुणा अधिक दर्ज हो रहा है। सोमवार सुबह 8 बजे के करीब पीएम 2.5 का स्तर 305 दर्ज किया गया, जबकि रविवार को पीएम 2.5 का स्तर 307 दर्ज किया गया था। जब भी पीएम 2.5 का स्तर 50 से अधिक दर्ज होता है तो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है। खासकर दमा मरीजों के लिए यह हवा नुकसानदायक होती है।
खेल/खिलाड़ी:
1. टी-20 विश्व कप में टीम इंडिया आज अपना पहला वार्मअप मैच खेलने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरी है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया है। अन ऑफिशियल प्रैक्टिस मैच में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद टीम इंडिया वॉर्मअप मैच में अपनी बेस्ट टीम के साथ उतरी है। मोहम्मद शमी और ऋषभ पंत आज का मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज में टीम इंडिया ने 2-1 से जीत हासिल की थी। राहुल ने आज के मैच में 27 बॉल में ही फिफ्टी जड़ दी है।
2. टी-20 विश्व कप के क्वालिफाइंग राउंड में सोमवार को ग्रुप-बी के 2 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला दो बार की टी-20 वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच सुबह 9ः30 बजे होगा। वहीं, दूसरा मुकाबला जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच दोपहर 1ः30 बजे से खेला जाएगा। दोनों ही मुकाबले होबार्ट के बैलेरीव ओवल स्टेडियम में खेले जाएंगे। क्वालिफाइंग राउंड में 8 टीमें सुपर 12 में अपनी जगह बनाने के लिए लड़ रही है। इस राउंड में 4 टीमों के दो ग्रुप है। इसमें से ग्रुप की टॉप 2 टीमें सुपर 12 में शामिल होंगी।