News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:22 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर बाहर से काम करने आए मजदूरों पर आतंकी हमला हुआ है। शोपियां के हरमेन में आतंकवादियों ने मजदूरों पर ग्रेनेड अटैक किया। हमले में 2 मजदूरों की मौत हो गई है। मरने वाले मजदूरों की पहचान मनीष कुमार (40) पुत्र राम अवतार और राम सागर (50) पुत्र गज्जा के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के दन्नापुरवा गांव के रहने वाले थे। दो महीने पहले मजदूरी करने कश्मीर गए थे। आतंकियों ने 5 मजदूरों पर ग्रेनेड फेंका था। पुलिस ने लश्कर के एक आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम इमरान बशीर गनी है। आतंकियों ने सोमवार की रात ये हमला उस समय किया, जब सभी मजदूर अपने घरों में सो रहे थे। बीते तीन दिन में शोपियां में टारगेट किलिंग की ये दूसरी घटना है। इससे पहले शोपियां में कश्मीर पंडित पूरन कृष्ण भट्ट की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दूसरी तरफ पुलवामा में स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव यूनिट की छापेमारी भी चल रही है।
2. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार की दोपहर नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इंटरपोल की 90वीं महासभा को संबोधित करेंगे। इंटरपोल की 90वीं महासभा 18 से 21 अक्टूबर तक होगी। बैठक में 195 इंटरपोल सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। इसमें मंत्री, देशों के पुलिस प्रमुख, राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के प्रमुख और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 अक्टूबर को महासभा के अंतिम दिन महासभा में हिस्सा लेंगे। आज से शुरू हो रहे इस महासभा में इंटरपोल के अध्यक्ष अहमद नासर अल रायसी, महासचिव जुर्गन स्टॉक और केंद्रीय जांच ब्यूरो के निदेशक भी मौजूद रहेंगे। महासभा इंटरपोल एक सर्वोच्च सरकारी निकाय है। इसके कामकाज से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए साल में एक बार बैठक आयोजित होती है। भारत में लगभग 25 सालों के अंतराल के बाद इंटरपोल महासभा की बैठक हो रही है। यह आखिरी बार भारत में 1997 में आयोजित किया गया था।
3. मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट 18 अक्टूबर को मेंटेनेंस के लिए 6 घंटे तक बंद रहेगा। मेंटेनेंस का काम सुबह 11 से शाम 5 बजे के बीच किया जाएगा। इस दौरान एयरपोर्ट के दोनों टर्मिनल बंद रहेंगे। एयरपोर्ट ने अपनी पैसेंजर एडवाइजरी में यह जानकारी दी है। इस एयरपोर्ट से हर दिन करीब 800 फ्लाइट्स लैंडिंग और टेकऑफ करती हैं। मेंटेनेंस के लिए कुछ फ्लाइट्स को रिशेड्यूल किया गया है।
राजनीति:
1. एक दिन के विश्राम के बाद भारत जोड़ो यात्रा आज से फिर शुरू की गई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 41वें दिन आंध्र प्रदेश के कुरनूल से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ता चल रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जिसका समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। कांग्रेस सांसद और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री फ्रांसिस्को सरदिन्हा ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर राहुल गांधी से एक अपील की। फ्रांसिस्को ने भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन न करते हुए कहा कि राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा रोक देनी चाहिए और गुजरात व हिमाचल प्रदेश जाकर पार्टी का प्रचार करना चाहिए, जहां आने वाले समय पर चुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। ये यात्रा जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में खत्म होगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेंगे और कुल 3750 किमी का सफर पूरा करेंगे।
2. केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बरेली में कहा कि प्रधानमंत्री पद के लिए ‘कोई खाली जगह नहीं है’ क्योंकि विपक्ष ‘दौड़ से बाहर’ है और नरेंद्र मोदी 2024 के लोकसभा चुनावों में फिर से पीएम बनेंगे। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2024 के चुनाव से पहले निकाय चुनाव में अपना दल पूरी तैयारी में लगा हुआ है। उत्तर प्रदेश में अपना दल और बीजेपी चार चुनाव मिलकर लड़ चुके हैं। चारों चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने हमें स्वीकारा है और समर्थन दिया है। पूरे देश के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को देखते हुए 2024 में एक बार फिर उनके नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है। इसलिए आगामी समय में प्रधानमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी किसी के लिए उपलब्ध नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री पद नरेंद्र मोदी के लिए है।
अंतर्राष्ट्रीय:
1. ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा फैसला लिया, जिसके तहत उसने पश्चिमी येरुशलम को इस्राइली राजधानी के रूप में मानने से इंकार कर दिया और मान्यता वापस ले ली। सरकार ने इस फैसले को इस्राइल और फिलिस्तीन के बीच शांति वार्ता के हिस्से के रूप में बताया है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने साल 2018 में पश्चिम येरुशलम को इस्राइल की राजधानी की मान्यता दे दी थी, लेकिन अब नए पीएम ने पिछली सरकार के इस फैसले को बदल दिया है। ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री वोंग ने पिछली सरकार द्वारा किए गए निर्णय को उलटने की बातों से इनकार किया है। वोंग के एक प्रवक्ता ने बताया कि सरकार किसी भी शांति वार्ता के हिस्से के रूप में हल किए जाने वाले मामले के रूप में येरुशलम की अंतिम स्थिति पर विचार करना चाहती है। हमारे लिए शांति और सुरक्षा जरूरी है। हम उस दृष्टिकोण का समर्थन नहीं करेंगे, जो शांति की संभावना को कमजोर करता है। पूर्व सरकार ने पश्चिमी येरुशलम को इस्राइल की राजधानी के रूप में मान्यता देने का निर्णय लिया था, यह सही बात है, लेकिन हम इसकी राजधानी बदलने नहीं जा रहे, बल्कि इस पर विचार करेंगे।
2. ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस इन दिनों सियासी संकट में हैं। टैक्स कटौती में छूट का निर्णय उनके लिए जी का जंजाल बन गया है। उनकी खुद की पार्टी के सांसद उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में हैं। इन सबके बीच लिज ट्रस ने कुर्सी बचाने के लिए जनता से माफी मांगी है। ट्रस ने कहा है कि उनसे निर्णय लेने में गलतियां हुईं, जिसके लिए वह माफी मांगती हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह आगे सरकार का नेतृत्व करती रहेंगी। ट्रस ने स्थानीय मीडिया से कहा कि उनसे जो गलतियां हुई हैं, उसके लिए मैं जिम्मेदारी स्वीकार करना चाहती हूं और माफी मांगना चाहती हूं। उन्होंने कहा, मैं उच्च करों की समस्या से निपटने के लिए टैक्स कटौती में छूट से लोगों की मदद करना चाहती थी। हालांकि, हमने इसमें काफी तेजी दिखाई, जो गलत साबित हुई। दरअसल, ब्रिटेन की प्रधानमंत्री के इन निर्णयों के कारण निवेशकों का उन पर से भरोसा खत्म हो गया और उनकी पोल रेटिंग भी गिर गई। इतना ही नहीं, सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों ने भी उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर ली।
कारोबार:
देश में प्रतिदिन करोड़ों लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं। ऐसे में अगर आज आपकी भी ट्रेन से यात्रा करने की योजना है, तो आज आपके लिए भी बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे की ओर से 183 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसमें से 153 ट्रेनों को पूरी तरह से और 30 ट्रेनों आंशिक तौर पर रद किया गया है। इसके अलावा रेलवे के द्वारा 29 ट्रेनों को रीशेड्यूल्ड और 21 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। रेलवे की ओर से इन ट्रेनों को रद्द करने के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि अलग-अलग जोन में मरम्मत के चलते रेलवे की ओर से ये फैसला लिया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में पैसेंजर, मेल, एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
स्वास्थ्य:
ओमिक्रॉन का लेटेस्ट सब वेरिएंट बीएफ.7 है, जिसे ‘ओमीक्रोन स्पॉन’ के नाम से जाना जाता है। इस वेरिएंट का पहला मामला चीन में सामने आया था, जिसके बाद ये वेरिएंट अमेरिका, यूके, ऑस्ट्रेलिया और बेल्जियम जैसे अन्य देशों में पहुंच गया है। हाल की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में बीएफ.7 का पहला मामला दर्ज हुआ है। पहले मामले की रिपोर्ट गुजरात बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर द्वारा दी गई है। देश और दुनिया लगभग ढाई साल से कोरोना की मार झेल रही है। इस नए वेरिएंट के कारण दुनिया पर एक बार फिर संकट मंडराता दिख रहा है।
खेल/खिलाड़ी:
1. टी-20 विश्व कप 16 अक्टूबर से शुरू हो गया है। भारतीय कमेंटेटर और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर भी यहां कमेंट्री के लिए पहुंच गए हैं। भारत अपना पहला मैच 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। मैच से पहले पाकिस्तानी टीम ने गावस्कर को अपने ड्रेसिंग रूम में बुलाया और इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो में गावस्कर पहले पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम से उनका हालचाल पूछते हैं और फिर हाथ मिलाकर जन्मदिन की बधाई देते हैं। गावस्कर बधाई देते हुए बाबर से पूछते हैं कि उनका जन्मदिन आज है या कल था। बाबर उन्हें थैंक यू कहते हैं और बताते हैं कि उनका जन्मदिन एक दिन पहले था। वीडियो में गावस्कर के साथ पाकिस्तान के हेड कोच सकलैन मुश्ताक और बैटिंग कोच मोहम्मद यूसुफ भी नजर आ रहे हैं।
2. फ्रांस के स्ट्राइकर करीम बेंजेमा को फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड बैलन डी’ओर मिला है। 34 साल के बेंजमा को मंगलवार को पेरिस में थिएटर डू चैटलेट में आयोजित एक समारोह में बैलन डी’ओर 2022 का अवॉर्ड दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनल मेसी अवॉर्ड रैंकिंग के टॉप-10 में भी नहीं रहे। 24 साल के बाद किसी फ्रांसीसी फुटबॉलर को यह अवॉर्ड मिला है। बेजेंमा से पहले साल 1998 में फ्रांस के महान फुटबॉलर जिनेदिन जिदान को बैलन डी’ओर मिला था। बेजेंमा यह अवॉर्ड पाने वाले 5वें फ्रांसीसी फुटबॉलर हैं। बेंजेमा पिछले सीजन में रियल मैड्रिड के साथ ला लीगा और चैंपियंस लीग जीतने के बाद इस साल पुरस्कार जीतने के लिए सबके पसंदीदा फुटबॉलर थे।
3. मोहम्मद शमी ने अपना आखिरी इंटरनेशनल टी-20 मैच नामीबिया के खिलाफ 8 नवंबर 2021 को खेला था। इसके बाद वो क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सोमवार को 11 महीने 9 दिन बाद खेलने उतरे। शुरू के ओवरों में तो उन्होंने गेंदबाजी नहीं की, लेकिन जब आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे, तब रोहित शर्मा ने डगआउट से बुलाकर शमी को गेंदबाजी सौंप दी। इसके बाद उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 बॉल में 3 विकेट झटके और टीम इंडिया को मुकाबला जिता दिया। शमी के कोच ने बताया कि इस प्रदर्शन के पीछे शमी की एक साल की मेहनत है। उन्होंने यह भी कहा कि ये उन आलोचकों को जवाब भी है, जो चाहते थे कि शमी विश्व कप का हिस्सा ना बनें।