News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:23 PM
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:23 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को गांधीनगर में डिफेंस एक्सपो 2022 का उद्घाटन करेंगे। अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान पीएम मोदी 15,670 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि डिफेंस एक्सपो में प्रदर्शनी में रक्षा क्षेत्र में भारतीय कंपनियों की अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी है। इस साल के डिफेंस एक्सपो में रक्षा क्षेत्र की सात नई कंपनियों के एक साल पूरे होने का भी जश्न मनाया जाएगा। इन कंपनियों का गठन 240 साल पुराने आयुध निर्माणी बोर्ड से अलग किया गया था। ये सभी कंपनियां डिफेंस एक्सपो में पहली बार भाग ले रही हैं। डिफेंस एक्सपो में शामिल हुईं हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की सदस्य दिव्या गुप्ता ने कहा कि हम उस विरासत का हिस्सा हैं, जो भारत पहले कभी नहीं था। दुनिया की प्रमुख महाशक्तियां अब भारत को एक इकाई के रूप में पहचानती हैं।
2. दक्षिण कश्मीर के हरमेन शोपियां में उत्तर प्रदेश के कन्नौज निवासी श्रमिकों पर हमला करने के आरोप में पकड़ा गया आतंकी इमरान बशीर गनई एक तलाशी अभियान के दौरान अपने ही साथियों की फायरिंग में मारा गया। इस बात की पुष्टि पुलिस ने की है। गनई पर फायरिंग करने वाले उसके साथी आतंकी अंधेरे का लाभ उठाकर वहां से भाग निकलने में सफल रहे। जम्मू कश्मीर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हरमेन शोपियां में सोमवार की रात को कन्नौज उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो श्रमिकों मनीष कुमार और राम सागर की ग्रेनेड हमले में मौत हो गई थी। उन पर ग्रेनेड फेंकने वाले आतंकी इमरान बशीर गनई समेत दो आतंकियों को मंगलवार की तड़के पुलिस ने एक अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया था। इमरान बशीर गनई ने पूछताछ में दो कुख्यात आतंकियों दानिश व आबिद के बारे में बताया था। दानिश और आबिद ने ही उसे श्रमिकों पर हमले के लिए कहा था।
3. हैदराबाद के बंजारा हिल्स इलाके में एक स्कूल के प्रधानाचार्य के ड्राइवर पर चार साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। बच्ची एक निजी स्कूल की एलजी क्लास की छात्रा है। बच्ची के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ड्राइवर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक ड्राइवर रजनी कुमार पिछले दो महीने से कथित तौर पर लड़की का यौन शोषण कर रहा था। माता-पिता ने अपनी बेटी के व्यवहार में आए बदलाव को देखते हुए पूछताछ की। बच्ची उदास थी और रो रही थी। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर कथित तौर पर डिजिटल क्लास रूम में आता रहता था और बच्चों को परेशान करता था। कई बच्चे उससे डरते हैं। बच्ची कई दिनों से मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान थी।
राजनीति:
1. कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के वोटों की गिनती आज नई दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के ऑफिस में शुरू हो गई है। चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर आमने-सामने हैं, लेकिन रुझानों में खड़गे की जीत तय बताई जा रही है। क्योंकि उन्हें गांधी परिवार का समर्थन हासिल है। चुनाव में 9900 वोटर्स में से 9500 ने वोट डाले थे। काउंटिंग सुबह 10 बजे शुरू हुई। 17 अक्टूबर को वोटिंग के बाद सभी बूथों से मतपेटियां एआईसीसी दफ्तर पर मंगा ली गई थीं। बुधवार को मतगणना शुरू होने से पहले मतपत्रों को मिलाया गया, ताकि ये पता न चले कि किस उम्मीदवार को किस राज्य से कितने वोट मिले हैं। इसके बाद वोटों की छंटनी होगी, फिर 50-50 वोटों की गड्डियां बनाकर उनकी काउंटिंग की जाएगी।
2. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 62 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित अन्य कई नेताओं के नाम इसमें शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होना है। भाजपा हाईकमान ने दो मंत्रियों के क्षेत्र बदल दिए हैं। एक मंत्री का टिकट कटा है। 11 विधायकों के टिकट कटे हैं। सरकार के सबसे वरिष्ठ मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर का नाम सूची से गायब है। हालांकि उनके बेटे को धर्मपुर हलके से टिकट दी गई है। पार्टी ने जयराम सरकार में दो शक्तिशाली माने जाने वाले मंत्रियों के हलके बदल दिए हैं। भाजपा ने शिमला जिले के वरिष्ठ नेता राजधानी से लंबे समय से चुनावी पारी खेलते आ रहे सुरेश भारद्वाज को कुसुम्पटी से प्रत्याशी बनाया है। इसी तरह से पार्टी के कांगड़ा से नेता और दबंग मंत्री राकेश पठानिया का हलका भी बदल दिया है उन्हें इस बार नूरपुर की बजाय फतेहपुर से चुनावी समर में उतारा है।
अंतर्राष्ट्रीय:
1. पाकिस्तान के जमशोरो जिले में बुधवार को एक यात्री बस में आग लग गई। हादसे में 8 बच्चों सहित 18 लोग जिंदा जल गए, जबकि कई लोग घायल हो गए। सभी को जमशोरो अस्पताल ले जाया गया है। जमशोरो के पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जावेद बलूच के अनुसार बस कराची से खैरपुर नाथन शाह लौट रही थी। नूरीयाबाद के पास इसमें आग गई और 18 लोगों की मौत हो गई। बस में बैठे यात्री बाढ़ प्रभावित लोग थे और घर वापस जा रहे थे। सभी मुगैरी समुदाय से थे। हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू शुरू कर दिया गया। शवों और घायलों को जमशोरो के लियाकत यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया है।
2. टैक्स में कटौती समेत कई मुद्दों पर वादाखिलाफी करने वाली ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने आखिरकार चुप्पी तोड़ दी। एक इंटरव्यू में ट्रस ने कहा कि अगले चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी मेरी ही लीडरशिप में उतरेगी। मैं मानती हूं कि हमसे कुछ गलतियां हुई हैं, इनके लिए माफी चाहती हूं। लिज को प्रधानमंत्री बने 40 दिन ही हुए हैं। इस दौरान उन पर चुनाव वादों से मुकरने के आरोप लग रहे हैं। खुद लिज की पार्टी के ही सांसद सवालिया निशान लगा रहे थे। खबरें तो इस तरह की भी हैं कि ट्रस की जगह किसी और नेता को प्रधानमंत्री बनाया जा सकता है।
3. नाइजीरिया बाढ़ और बारिश से बेहाल है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि अब तक 600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक भारी बारिश के चलते आई बाढ़ से अब तक 603 लोगों की जान चली गई है। 2,400 से ज्यादा लोग घायल हैं। करीब 25 लाख लोग इससे प्रभावित हुए हैं। मानवीय मामलों के मंत्री सादिया उमर फारूकी ने कहा कि 16 अगस्त को आई बाढ़ से 2,72,000 एकड़ खेतों की फसलें नष्ट हो गई हैं। इससे खाद्य आपूर्ति बाधित होने का संकट बढ़ गया है। विश्व फूड प्रोग्राम और फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन ने पिछले महीने कहा था कि नाइजीरिया उन 6 देशों में शामिल है, जो भुखमरी का विनाशकारी दंश झेल रहा है।
4. स्वीडन की नई गठबंधन सरकार में 26 साल की नेता रोमिना पोरमोतरी को क्लाइमेट मिनिस्टर बनाया गया है। रोमिना को पर्यावरण जैसा अहम मंत्रालय सौंपे जाने की काफी चर्चा हो रही है। क्लाइमेट चेंज के खिलाफ आवाज उठाने वाली ग्रेटा थनबर्ग भी स्वीडन की ही नागरिक हैं। नए प्राइम मिनिस्टर उल्फ किस्टर्सन ने कैबिनेट नॉमिनेशन्स का ऐलान किया। स्वीडन के हालिया चुनाव में राइट विंग कोएलिशन ने जीत हासिल की है। रोमिना इसके पहले पार्टी की यूथ विंग की चीफ रह चुकी हैं।
5. फ्लाइट में क्रू मेंबर्स के साथ लोगों के दुर्व्यवहार की घटनाएं पिछले कुछ सालों से काफी बढ़ गई हैं। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते रहते हैं। हाल ही में पेशावर से दुबई जा रही पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस में एक व्यक्ति के द्वारा क्रू मेंबर्स के साथ बदतमीजी करने की घटना सामने आई थी, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। वीडियो के वायरल होने के बाद एयरलाइंस ने हंगामा करने वाले व्यक्ति को ब्लैकलिस्ट कर दिया था। अब ऐसी ही एक घटना तुर्की से सामने आई है। यहां नशे में धुत एक व्यक्ति ने फ्लाइट अटेंडेंट के साथ मारपीट की और उसकी उंगली काट ली, जिसकी वजह से फ्लाइट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।
कारोबार:
1. दिवाली से पहले रेलवे ने कई वीआईपी गाड़ियों सहित 152 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की है। ये गाड़ियां आज नहीं चलाई जाएंगी। रद्द की गई गाड़ियों के अलावा 21 ट्रेनें ऐसी हैं, जिन्हें आंशिक रूप से कैंसिल किया गया है। इसके अलावा 18 गाड़ियां आज रीशेड्यूल की गई हैं, यानी उनका समय बदला गया है। आज रेलवे ने 19 ट्रेनों को डायवर्ट किया है। इन ट्रेनों को उनके निर्धारित मार्ग के बजाय अलग रुट से चलाया जाएगा। आपको बता दें कि रेलवे ट्रेनों को तब निरस्त करता है, जब कोई परिचालन संबंधी समस्या हो या फिर रुट या ट्रेन रैक का मेन्टेनेन्स चल रहा हो। अगर आपकी ट्रेन आज निरस्त है तो आईआरसीटीसी से जारी किए हुए टिकट खुद ही कैंसिल हो जाएंगे। अगर आपने किसी एजेंट से टिकट कराया है तो उसके पास जाकर आपको बाकी फोर्मलिटी पूरी करनी होगी।
स्वास्थ्य:
1. देश में एक बार फिर से कोरोना का संकट गहराता नजर आ रहा है। त्योहारों से पहले कोरोना के दो नए वैरिएंट एक्सबीबी और एक्सबीबी.1 मिले हैं। इसके चलते राज्य कोविड को फैलने से रोकने के लिए एडवाइजरी जारी कर रहे हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कोविड-19 की स्थिति पर चर्चा के लिए हाई लेवल मीटिंग बुलाई। इस दौरान सभी सरकारी एजेंसियों के प्रमुख और वरिष्ठ डॉक्टर मौजूद रहे। बैठक में फैसला लिया गया कि मास्क और कोविड संबंधी सावधानियां देशभर में रखी जाएं। इस बैठक में अधिकारियों को जल्द नए वैरिएंट का पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा, नए वेरिएंट से निपटने के लिए एक प्रभावी रणनीति तैयार करनी होगी। यह भी सुनिश्चित करना होगा कि रणनीति पर बेहतर तरीके से काम हो।
खेल/खिलाड़ी:
1. श्रीलंका ने नामीबिया से टी-20 विश्वकप के शुरूआती चरण में मिली चौकाने वाली हार से उबर कर अपने दूसरे मुकाबले में यूएई को 79 रन से शिकस्त दी। सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका की 60 गेंद में 74 रन की आक्रामक पारी के दम पर श्रीलंका ने आठ विकेट पर 152 रन बनाने के बाद यूएई की पारी को 17.1 ओवर में 73 रन पर समेट दिया। निसंका ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के जड़े। निसंका के अलावा धनंजय डिसिल्वा (33) और कुशल मेंडिस (18) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सके। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद श्रीलंका की टीम एक समय दो विकेट पर 92 बनाकर अच्छी स्थिति में थी, लेकिन लेग स्पिनर कार्तिक मयप्पन (19 रन पर तीन विकेट) ने मैच के 15वें ओवर में हैट्रिक लेकर टीम के स्कोर को पांच विकेट पर 117 रन कर दिया।