News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:53 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर गुजरात में हैं। पीएम मोदी का आज गुजरात में दूसरा दिन है। वह गुरुवार को गुजरात के केवड़िया में मिशन लाइफ का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री केवड़िया में मिशन प्रमुखों के 10वें सम्मेलन में भाग लेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) पुस्तिका, लोगों और टैगलाइन के शुभारंभ पर पीएम मोदी के साथ शामिल होंगे। इस दौरान 120 देशों के राजदूत भी शामिल रहेंगे। आज ही पीएम मोदी तापी के व्यारा में 1970 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
2. प्रतिबंधित संगठन पीएफआई के खिलाफ एक और कार्रवाई देखने को मिली है। महाराष्ट्र एटीएस ने पीएफआई के सचिव और दो अन्य सदस्यों को पनवेल से गिरफ्तार किया है। ऐसा आरोप है कि प्रतिबंधित होने के बावजूद भी पीएफआई अपने संगठन को आगे बढ़ाने के प्रयास में जुटी हुई है और गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपित पीएफआई की विस्तार टीम से जुड़े हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि पनवेल में पीएफआई सदस्यों की एक बैठक की खुफिया जानकारी महाराष्ट्र एटीएस को मिली थी, जिसके बाद एटीएस ने ये कार्रवाई की। आतंकवाद निरोधी दस्ता इस मामले की जांच में जुटा हुआ है। एटीएस के अनुसार गिरफ्तार लोगों में प्रतिबंधित संगठन का पनवेल सचिव और दो अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। ये पनवेल में बैठक कर रहे थे। उन्हें आज सुबह करीब 4 बजे गिरफ्तार किया गया। पनवेल मुंबई से करीब 50 किलोमीटर दूर है। पूछताछ के बाद चारों को गैर कानूनी गतिविधि (रोकथाम) कानून की धारा 10 के तहत मुंबई में एटीएस की कालाचौकी इकाई में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया।
3. मुंबई पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति ने शहर में कई जगह बम धमाकों की धमकी दी। उसने पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कहा कि समूचे मुंबई महानगर में कई महत्वपूर्ण स्थानों पर बम फिट कर दिए हैं। यह धमकी मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई और उसने सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस के अनुसार फोन करने वाले ने दावा किया कि इनफिनिटी मॉल अंधेरी, पीवीआर मॉल जुहू और सहारा होटल, एयरपोर्ट में बम लगा दिए गए हैं। इसके तत्काल बाद पुलिस ने तीनों जगह सुरक्षा बढ़ा दी और इन स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। धमकी देने वाले अज्ञात कॉलर की तलाश की जा रही है।
4. दिल्ली की वायु गुणवत्ता, जो वर्तमान में ‘खराब’ श्रेणी में है, उसके 22 अक्टूबर तक ‘बहुत खराब’ होने की संभावना है। यह अनुमान लगाते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की उप-समिति ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के चरण दो के उपायों को लागू किया। इसने डीजल जनरेटर सेट, कोयले और जलाऊ लकड़ी के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिसमें होटल, रेस्तरां और भोजनालयों में तंदूर भी शामिल हैं। पिछले वर्षों के विपरीत, संशोधित ग्रैप का चरण दो, तीन और चार पूर्वानुमान के आधार पर तीन दिन पहले लागू होता है। उप-समिति ने एनसीआर के नागरिकों से निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है।
राजनीति:
1. कांग्रेस के नए अध्घ्यक्ष के रूप में मल्लिकार्जुन खड़गे चुने गए। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव पर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने तंज कसा। उन्होंने अध्यक्ष चुनाव को गांधी परिवार का रिमोट बताया। अंबाला में प्रेसवार्ता करते हुए गृहमंत्री विज ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के अध्यक्ष चुनाव जीतने का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि 1939 में सीता रमैया के कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हारने के बावजूद नेताजी को पद छोड़ने के लिए मजबूर किया गया था। गृह मंत्री विज ने कहा कि कांग्रेस का तो इतिहास ही नहीं नान कांग्रेस का, इन्होंने सीताराम केसरी को बनाया था और बाद में उन्हें उठाकर दफ्तर से बाहर फेंका था। सबसे पहले 1939 में सुभाष चंद्र बोस लड़े थे अध्यक्ष पद का चुनाव, गांधी जी का प्रत्याशी सीता रमैया, जोकि सुभाष चंद्र बोस से हार गए थे। मगर, सुभाष चंद्र बोस अपने कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे और उन्हें अध्यक्ष पद छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया गया था। उसके बाद उन्होंने अलग से अपनी पार्टी बनाई।
2. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सारी पार्टियों और नेताओं को शिक्षा पर बात करने के लिए मजबूर किया है। 75 साल बाद ही सही, सरकारी स्कूलों की हालत और शिक्षा आज राजनीति की मुख्य चर्चा में है। यह आम आदमी पार्टी की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि 27 साल में भाजपा गुजरात के सरकारी स्कूल ठीक नहीं कर पाई, जबकि आप की सरकार ने दिल्ली में मात्र पांच साल में सरकारी स्कूलों को शानदार बना दिया। पूरे देश में 10 लाख सरकारी स्कूल हैं। इन सारे सरकारी स्कूलों को मात्र पांच साल में ठीक किया जा सकता है।
अंतर्राष्ट्रीय:
1. इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे बताने की कोशिश कर रहे हैं कि उनकी दोस्ती रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ कितनी गहरी है। यूक्रेन-रूस युद्ध के बीच इस ऑडियो के वायरल होने से वे सवालों के घेरे में आ गए हैं। वायरल ऑडियो में जन्मदिन पर बधाई का जिक्र है। इटली के ‘ला प्रेस’ समाचार एजेंसी ने इस बारे में खबर प्रकाशित की है। इस ऑडियो टेप में इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी शेखी बघारते हुए कह रहे हैं कि हाल ही में एक बार फिर से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनका संपर्क बहाल हुआ और दोनों ने एक दूसरे को वोदका, वाइन व शुभकामना संदेश भेजे थे। उन्होंने कहा कि पुतिन ने शुभकामना के रूप में मुझे वोदका की 20 बोतलें भेजी थीं। बदले में मैंने लैम्बु्रस्को (महंगी रेड वाइन) की 20 बोतलें और ऐसा ही एक मधुर संदेश उन्हें भेजा। इस ऑडियो टेप में बर्लुस्कोनी (86) इस सप्ताह संसद में हुई मुलाकात के दौरान अपनी मध्यमार्गी-दक्षिणपंथी पार्टी फोर्जा इटैलिया के सांसद से बात कर रहे हैं।
मौसम:
1. उत्तर भारत में जहां एक ओर मौसम शुष्क बना हुआ है तो वहीं दूसरी ओर दक्षिण और बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाकों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में 20 अक्टूबर को कम दवाब का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जो 21 अक्टूबर से आगे बढ़ेगा। यदि यह उत्तर की ओर बढ़ता है तो मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, कहीं कहीं बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने आज केरल तमिलनाडु सहित कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 7 राज्यों में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली की बात करें तो आज 20 अक्टूबर को आज आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
खेल/खिलाड़ी:
1. टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का पहला मुकाबला पाकिस्तान से है। पिछले साल भी भारत का पहला मैच पाकिस्तान से था और टीम इंडिया को 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसी वजह से इस बार भारतीय टीम समय से पहले ही ऑस्ट्रेलिया पहुंच गई थी और लंबे समय से वहां अभ्यास कर रही है। रोहित की कप्तानी में भारत की तैयारी पुख्ता है, लेकिन अभी भी टीम इंडिया में कुछ कमजोरियां हैं। यहां हम भारत के कमजोर और मजबूत पहलू पर बात कर रहे हैं। पिछले टी20 विश्व कप में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। इसके बाद टीम इंडिया के कोच और कप्तान बदले गए थे। रोहित और द्रविड़ ने तभी से टी20 विश्व कप की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने अपना रवैया बदला और टीम इंडिया ने कोई भी टी20 सीरीज नहीं गंवाई है। अब भारतीय बल्लेबाज ज्यादा निडर होकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और इंग्लैंड की तरह शुरुआत से ही बड़े शॉट खेल रहे हैं। हालांकि, इसकी वजह से कई मौकों पर जल्दी विकेट भी गिरते हैं और टीम बेहद छोटे स्कोर पर सिमट जाती है।
2. टी-20 विश्व कप का पहला एडिशन 2007 में खेला गया था। साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में फाइनल हुआ, जिसमें भारत की भिड़ंत पाकिस्तान से हुई। आखिरी 6 बॉल में पाकिस्तान को जीतने के लिए 13 रन चाहिए थे। टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सबको चौंकाते हुए हरभजन सिंह की जगह बॉल अनुभवहीन गेंदबाज जोगिंदर शर्मा को दे दी। ऑस्ट्रेलिया में चल रह टी-20 विश्व कप के क्वालिफायर मुकाबले खेले जा रहे हैं। गुरुवार को 5वें दिन 2 मुकाबले खेले जाएंगे। पहला नीदरलैंड-श्रीलंका और दूसरा नामीबिया-यूएई के बीच खेला जाएगा। इन मैचों के बाद ग्रुप-ए से सुपर-12 में जाने वाली टॉप-2 टीमें तय हो जाएंगी। इस ग्रुप की प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें तो नीदरलैंड दोनों मैच जीतकर टॉप पर है। जबकि, यूएई सबसे निचले पायदान पर है। वहीं, श्रीलंका -नामीबिया ने एक-एक मैच जीते हैं। श्रीलंका के लिए मैच जीतना बहुत जरूरी होगा, क्योंकि वे दो अंक के साथ टेबल में तीसरे नंबर पर है। आज का पहले मुकाबले की ओर चारो टीमों की नजर होगी, क्योंकि अगर श्रीलंका जीत जाती है तो यूएई अपने आप बाहर हो जाएगी और नामीबिया को टॉप 2 में आने के लिए यूएई के खिलाफ बड़े अंतर से जीतना होगा। वहीं, अगर नीदरलैंड जीत जाती है तो यूएई की क्वालीफाई होने की उम्मीदें जिंदा रहेंगी।