News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
22 Oct 2022 05:21 PM
राष्ट्रीय :
1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नियुक्ति अभियान को लांच करने के साथ ही देशभर में 50 केंद्रीय मंत्री करीब 20 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र देंगे। अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेले के तहत लोगों को सरकारी नौकरियां मिलेंगीं। विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए चयनित लोगों में से कुछ को शनिवार को ही नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। जो लोग आयोजन स्थल पर उपस्थित नहीं होंगें, उन्हें डाक या ई-मेल के जरिये भी नियुक्ति पत्र भेजे जाने की व्यवस्था की गई है।
2. हैदाराबाद से गोरखपुर जा रही बस नेशनल हाइवे-30 पर शुक्रवार की हादसे का शिकार हो गई। इसमें 15 मुसाफिरों की मौत हो गई। जबकि 40 से अधिक लोग जख्मी हो गए। पहाड़ी से उतरते समय एक बस एक ट्रेलर से टकरा गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव का काम शुरू कराया। जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार की रात करीब 11.30 बजे रीवा से 70 किमी दूर सोहागी पहाड़ पर हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, बस पहाड़ से नीचे उतरते वक्त ट्रक से जा टकराई। हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। बस हैदराबाद से यूपी के गोरखपुर जा रही थी। इसमें 55 लोग सवार थे। मरने वालों में ज्यादातर लोग उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। घायलों में ज्यादातर लोग मजदूर हैं। सभी दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि चार से ज्यादा लोग बस के अगले हिस्से में फंस गए। इन्हें जेसीबी से काटकार बाहर निकाला गया।
3. दिल्ली-एनसीआर में हवा अचानक खराब से बहुत खराब श्रेणी में चली गई। कुछ ऐसे ही हालात शनिवार को भी हैं। धनतेरस के चलते अधिकतर लोग खरीदारी के निकले बाजारों के लिए निकलेंगे। इस दौरान वाहनों का इस्तेमाल करने की स्थिति में वायु प्रदूषण का बढ़ना तय है। बता दें कि दिल्ली के वायु प्रदूषण में 50 प्रतिशत से अधिक योगदान दुपहिया और चार पहिया का है।
4. राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी संस्कृति की जड़ें बहुत गहरी हैं और राज्य आदिवासियों के लिए विश्व मंच बनने की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव आदिवासियों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक प्रयास है।
5. आज धनतेरस है और इस त्योहार पर भारत में सोना-चांदी खरीदने की परंपरा है। भारतीय सोना खरीदते हैं, क्योंकि वे इसे शुभ मानते हैं। खासकर हिंदू और जैन संस्कृतियों में। यहां प्राचीन काल से ही सोने को पूजा जाता रहा है। इसे सबसे सुरक्षित निवेश भी माना जाता है। यही कारण है कि भारत दुनिया में सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। पहले नंबर पर चीन है। विश्व गोल्ड काउंसिल की एक रिपोर्ट बताती है कि भारत के घरों में 2019 में 25 हजार टन से ज्यादा सोना था और डिपार्टमेंट ऑफ द ट्रेजरी ब्यूरो ऑफ द फिस्कल सर्विस के 2021 के डेटा के मुताबिक अमेरिका के सरकारी खजाने में 8,000 टन से ज्यादा सोना जमा है। यानी अमेरिका के सरकारी खजाने से करीब तीन गुना ज्यादा सोना हमारे घरों में रखा है।
राजनीति :
1. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कई असंतुष्ट नेताओं ने भी नामांकन किए हैं। इससे भाजपा और कांग्रेस दोनों की चिंता बढ़ गई है। भाजपा ने डैमेज कंट्रोल का जिम्मा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सौंपा है। जयराम ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह की उपस्थिति में शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय दीप कमल से नाराज नेताओं के साथ फोन पर बात की। इनमें धर्मशाला से विशाल नैहरिया, करसोग से हीरालाल के अलावा कुछ अन्य नेताओं को मनाने में सफलता मिली है। इन्होंने आश्वासन दिया है कि वे चुनावी समर में नहीं उतरेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से आग्रह किया है कि वे रूस को नोवा काखोव्का बांध की दीवार उड़ाने से रोकें। रूस को दुष्परिणामों का भय दिखाएं। अगर बांध टूट गया तो यूक्रेन के दक्षिणी भाग में भीषण तबाही होगी। बड़ी संख्या में लोगों की जान जा सकती है और बड़ा आर्थिक नुकसान होगा। लेकिन, खेरसान में रूस के नियुक्त शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी किरिल स्टेमौसोव ने नोवा काखोव्का बांध से संबंधित जेलेंस्की के दावे को झूठ बताया है। जेलेंस्की ने कहा कि खेरसान की लड़ाई में पिछड़ने के कारण रूस बौखला गया है। इसी के चलते उसकी सेना ने विशाल जल भंडार वाले बांध की दीवारों पर विस्फोटक लगा दिए हैं और अब वह उनमें विस्फोट करने का षडयंत्र कर रहा है। इस बांध से दक्षिणी यूक्रेन को जल की आपूर्ति होती है और बिजली भी मिलती है। इस बांध से रूस के कब्जे वाले क्रीमिया को भी पानी मिलता है। इसलिए दुनिया को इस आतंकी कृत्य को करने से रूस को रोकना चाहिए। क्योंकि बांध के टूटने से यूक्रेन में बड़े पैमाने पर तबाही होगी।
2. ब्रिटेन से भारत के लिए जल्द ही अच्छी खबर आ सकती है। नए प्रधानमंत्री पद की रेस में भारतवंशी सांसद ऋषि सुनक का सितारा बुलंद दिखाई दे रहा है। लिज ट्रस के इस्तीफे के बाद सुनक की मजबूत दावेदारी से इस बार ब्रिटेन में ‘ये दिवाली भारत वाली’ की गूंज है। 45 दिन पहले हुए चुनाव में सुनक को कंजरवेटिव पार्टी के स्थायी सदस्यों की वोटिंग में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब सुनक का पलड़ा भारी है। आलम ये है कि पूर्व पीएम जॉनसन ने बैकडोर से सुनक को नंबर-2 का ऑफर दिया है, लेकिन सुनक कैंप का कहना है कि जब वे पहले भी वित्तमंत्री के रूप में रह चुके हैं तो इस ऑफर को स्वीकार क्यों करें। सुनक खुद ही प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल होंगे।
3. राइट विंग नेता जियॉर्जिया मेलोनी इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं। इसी के साथ इटली में ब्रदर्स ऑफ इटली पार्टी की नई सरकार का गठन हो गया है। 45 साल की जियॉर्जिया और उनके कैबिनेट मंत्री आज शपथ लेंगे। चार साल पहले मात्र 4.13 फीसदी वोट पाने वाली मेलोनी की पार्टी को इस बार 26 फीसदी वोट मिले। दूसरे विश्वयुद्ध के बाद इटली में ये पहली बार है, जब राइट विंग का कोई नेता प्रधानमंत्री की गद्दी संभालेगा। जॉर्जिया की पार्टी इटली के तानाशाह रहे मुसोलिनी की समर्थक है। अप्रवासियों को शरण नहीं देना और समलैंगिकों का विरोध और उन्हें हक नहीं देना जॉर्जिया के चुनावी एजेंडे थे।
कारोबार :
1. रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण दुनिया में मंदी का डर छा रहा है। महंगाई भी है। इन वजहों से सोने के दाम हाल में घटे हैं। इसलिए ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने कहा है कि सोना और चांदी में अभी किया गया निवेश आगे बड़ा रिटर्न दे सकता है। फर्म ने बीते कुछ वर्षों के दौरान सोने के रिटर्न का आकलन भी किया है। इसके मुताबिक 2013 में टेपर टेंट्रम घटनाक्रम हो, 2015-18 में रेट में बढ़ोतरी का चक्र हो, 2019-21 में ब्याज दरों का गिरना हो या 2022 में ब्याज दरों में वृद्धि का मामला हो, सभी स्थितियों में गोल्ड पर रिटर्न पॉजिटिव नहीं रहा। लेकिन मौजूदा ट्रेंड दर्शा रहा है कि आने वाले समय में सोना शानदार रिटर्न देगा।
2. भारतीय रेलवे ने आज 120 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसमें से 110 ट्रेनों को पूरी तरह से और 10 ट्रेनों आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में मेल, पैसेंजर, एक्सप्रेस, स्पेशल और जनशताब्दी जैसी गाड़ियों का नाम शामिल हैं। रेलवे की ओर से इन ट्रेनों को रद्द करने के पीछे कोई भी स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि मरम्मत संबंधी कारणों के चलते ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा रेलवे की ओर से 24 ट्रेनों को रीशेड्यूल्ड और 5 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।
खेल/खिलाड़ी :
1. टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली का रिकार्ड पाकिस्तान के खिलाफ बेहद शानदार रहा है। अब टी-20 विश्व कप 2022 में टीम इंडिया को अपना पहला मैच इसी टीम के खिलाफ रविवार को मेलबर्न में खेलना है। इस मैच में अगर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की और इस टीम के खिलाफ 50 प्लस स्कोर करने में कामयाब हो पाए तो वो पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकार्ड तोड़ देंगे। आईसीसी के लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बार 50 प्लस का स्कोर बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली दोनों ही संयुक्त रूप से बराबरी पर हैं। आईसीसी के लिमिटेड ओवर टूर्मामेंट में अब तक तेंदुलकर और कोहली ने 23-23 बार 50 प्लस की पारी खेली है। अब अगर विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ 50 रन से ज्यादा का पारी खेलते हैं तो वो सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे। वहीं, अगर पाकिस्तान के खिलाफ कोहली ऐसे करने से चूक भी जाते हैं तो आगे के मैचों में भी उनके पास तेंदुलकर का रिकार्ड तोड़ने का मौका होगा।
2. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने पिछले सप्ताह कहा था कि टी-20 विश्व कप 2022 के लिए उनकी प्लेइंग इलेवन निर्धारित है और वो अंतिम समय की तैयारियों में विश्वास नहीं करते हैं। रोहित के इस बयान के बाद भी पाकिस्तान के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन कैसी होगी, इसे लेकर काफी बातें की जा रही हैं। सबसे ज्यादा बहस दो मामलों पर हो रही हैं, जिसमें एक ये है कि टीम का विकेटकीपर कौन होगा। दूसरा ये कि भारत का तीसरा तेज गेंदबाज कौन होगा। अब भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने इन दोनों मामलों पर अपनी राय सामने रखी है।