News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
23 Oct 2022 04:36 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार यानी आज दीपोत्सव 2022 के अवसर पर अयोध्या पहुंचेंगे। पीएम मोदी के अयोध्या आगमन पर सुरक्षा के बेहद कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। डीजीपी मुख्यालय ने अयोध्या के आसपास के जिलों में भी पूरी सतर्कता बरते जाने के साथ ही संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। पीएम मोदी के अयोध्या दौरे को लेकर कई तैयारियां की गई हैं। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित संदेशों की भी निगरानी के लिए सोशल मीडिया सेल को सक्रिय किया गया है। प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व अयोध्या में पुलिस बल के अलावा 10 कंपनी पीएसी व पांच कंपनी सीआरपीएफ भी मुस्तैद की गई है।
2. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गाजीपुर थाना क्षेत्र के इंदिरानगर सेक्टर-18 में पूर्व आईजी डीसी पांडेय के घर में शनिवार रात करीब 11 बजे आग लग गई। आग में पूरा परिवार फंस गया। पुलिस के साथ मिलकर दमकलकर्मियों ने डीसी पांडेय, उनकी पत्नी और बेटे को आग पर काबू पाकर घर से बाहर निकाला। घर में धुआं भर जाने से सबकी हालत बिगड़ गई। इसके चलते सभी को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। जहां डीसी पांडेय को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, पत्नी और बेटे की हालत को खतरे से बाहर बताया।
3. इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन यानि इसरों ने ब्रिटेन के संचार नेटवर्क के 36 सैटेलाइट्स शनिवार-रविवार की देर रात 12.07 बजे लॉन्च कर दिए। ये सभी सैटेलाइट्स सबसे भारी रॉकेट जीएसएलवी-एमके तीन के जरिए लॉन्च किए गए। इसे लो अर्थ ऑर्बिट में सफलता से स्थापित कर दिया गया है। इसरो ने इसकी पुष्टि की है। ये सैटेलाइट्स ब्रिटेन के संचार नेटवर्क ‘वन वेब’ के हैं। यह इसरो का पूरी तरह कॉमर्शियल मिशन है। लॉन्चिंग आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से की गई। इसरो की कॉमर्शियल आर्म न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड एनएसआईएल ने इन सैटेलाइट्स को लॉन्च करने के लिए वन वेब के साथ सर्विस कॉन्ट्रैक्ट साइन किए हैं। यह जानकारी एनएसआईएल के चेयरमैन और एमडी राधाकृष्णन डी ने दी है।
4. मानसून लगभग पूरे देश से विदा हो चुका है। राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित उत्तरी उत्तर पश्चिमी तथा पूर्वी भारत का मौसम शुष्क बना रहेगा। समुद्री तूफान सितरंग का प्रभाव पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों सहित उड़ीसा के उत्तर तटीय जिलों पर देखा जाएगा। 23 अक्टूबर की शाम से 25 अक्टूबर की दोपहर तक उड़ीसा और पश्चिम बंगाल के समुद्री इलाकों में जाना खतरनाक साबित हो सकता है। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दीपावली के समय बंगाल में बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान बन रहा है, जिसके रविवार देर रात तट पर पहुंचने की आशंका है। दिवाली के मौके पर पश्चिम बंगाल और ओडिशा में चक्रवाती तूफान सितरंग का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल गया है।
राजनीति:
1. डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी में कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने के झटके झेल चुकी कांग्रेस ने अब सक्रियता बढ़ाने की तैयारी की है। गुलाम नबी आजाद ने पिछले दिनों अपनी नई पार्टी की गतिविधियां तेज की है। उसे देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी को होश आया है। कुछ दिन तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में प्रदेश प्रधान विकार रसूल व अन्य वरिष्ठ नेता व्यस्त थे, मगर पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने के लिए रसूल सक्रिय हो गए हैं। दिल्ली से आने के बाद विकार रसूल ने जम्मू व कश्मीर में पार्टी की गतिविधियों को तेज के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी जम्मू शहरी की बैठक होगी। उसके बाद रसूल श्रीनगर की तरफ रुख करेंगे। अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने के लिए पार्टी बैठकें व जनसभाएं करेगी। साथ ही जनहित के मुद्दे उजागर किए जाएंगे। ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरे जाने के अभियान में तेजी लाई जाएगी। अब पार्टी की नजरें नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर लगी है। किसके नए कार्यक्रम प्रदेशों में कांग्रेस को दिए जाते हैंए उसका इंतजार भी किया जा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय:
1. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज के नेता और नेशनल असेंबली के सदस्य मोहसिन शाहनवाज रांझा ने उनके खिलाफ केस दर्ज कराया है। मामला इस्लामाबाद के सचिवालय थाने में दर्ज किया गया है। रांझा पर शुक्रवार को पीटीआई समर्थकों ने हमला किया था। आरोप है कि उन पर हत्या के इरादे से हमला किया गया था। हिंसा के दौरान उनकी कार को भी भारी मात्रा में नुकसान पहुंचा है। पीटीआई समर्थक तोशाखाना मामले में इमरान खान को अयोग्य घोषित करने के ईसीपी के फैसले का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान रांझा के ईसीपी कार्यालय से बाहर आने पर हमले की वारदात को अंजाम दिया गया।
2. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अगले साल की शुरुआत में भारत आएंगे। इस दौरे का अहम एजेंडा महाराष्ट्र के जैतापुर में न्यूक्लियर पावर रिएक्टरों के निर्माण का मुद्दा है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ मुलाकात के दौरान फ्रांसीसी मंत्री क्राइसुला जचारोपौलो ने कहा कि अगले साल 2023 की शुरुआत में ही मैक्रों भारत आएंगे। इससे पहले इसी साल दिसंबर तक फ्रांस के वित्त मंत्री ब्रूनो ले मायेर के भारत आने की संभावना है। सिंह और फ्रांसीसी मंत्री ने जैतापुर में न्यूक्लियर पावर रिएक्टर बनाने के कई तरीकों पर चर्चा की। फ्रांस के प्रतिनिधिमंडल में भारत में फ्रांसीसी राजदूत इमैनुएल लेनैन समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। इसमें न्यूक्लियर काउंसलर थामस मियूस्सेट भी थे।
3. पीटीआई के अध्यक्ष और पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने उनके हकीकी आजादी मार्च को रोकने के लिए कदम उठाने के खिलाफ सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि वह अपने हकीकी आजादी मार्च की तारीख की घोषणा अगले गुरुवार या शुक्रवार को करेंगे। दूसरी ओरए प्रशासन ने आजादी मार्च का मुकाबला करने के लिए 700 से अधिक कंटेनर जब्त किए हैं। राजधानी पुलिस ने कहा कि वे लंबे मार्च के दौरान राजधानी को बंद करने के लिए लगभग 1100 कंटेनरों का प्रबंधन करेंगे। द न्यूज इंटरनेशनल की सूचना के अनुसार 525 कंटेनर 22 अलग-अलग सड़कों पर रखे गए हैं। वहीं, इससे पहले पीटीआई प्रमुख ने शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार को चेतावनी दी थी कि सरकार विरोधी आजादी मार्च को अक्टूबर से आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, क्योंकि उन्होंने अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
4. ऋणों के भारी बोझ तले दबे केन्या की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रहीं है। उसके सामने एक और संकट आ खड़ा हुआ है। कर्ज न चुकाने की सूरत में चीन उसकी संपत्ति जब्त कर सकता है। 2014 के बाद से केन्या ने अपनी बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं जैसे सड़कों, स्वच्छ बिजली उत्पादन संयंत्रों और अपनी सबसे बड़ी परियोजना स्टैंडर्ड गेज रेलवे, एसजीआर के लिए चीन से भारी मात्रा में ऋण लिया है। फाइनेंशियल पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार सेंट्रल बैंक आफ केन्या के मुताबिक जून 2022 तक केन्या का बाहरी कर्ज 36.4 अरब अमेरिकी डालर तक पहुंच गया। चीन विश्व बैंक के बाद केन्या का सबसे बड़ा विदेशी लेनदार है। केन्या ने इस अवधि में चीनी ऋण पर कुल 117.7 बिलियन केएसएच यानी 972.7 मिलियन अमेरिकी डालर खर्च किए, इसमें से 24.7 बिलियन केएसएच 204.1 मिलियन अमेरिकी डालर सिर्फ ब्याज का भुगतान रहा।
सेहत:
1. चीन में एक बार फिर कोरोना का प्रकोप बढ़ने लगा है। वहां रोजोना कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। कोरोना के कुल मामले 998 हो गए है। इससे पहले शुक्रवार को 1006 नए केस सामने आए थे। कोरोना से चीन के हालात खराब होती जा रही है और इससे पड़ोसी देशों की चिंता भी बढ़ रही हैं। चीन के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 22 अक्टूबर को कोरोना के 998 नए मामले मिले। इनमें से 207 मरीजों में संक्रमण के साफ लक्षण थे, जबकि 791 मरीज एसिम्प्टमैटिक हैं। एसिम्प्टमैटिक मतलब कोरोना के कोई भी लक्षण न पाए जाने वाले मरीज। इससे एक दिन पहले यानि की 21 अक्टूबर को कोरोना के 1006 नए मामले मिले थे। जिसमें 215 में संक्रमण के साफ लक्षण थे। जबकि 791 मरीज एसिम्प्टमैटिक थे। बता दें कि चीन में एसिम्प्टमैटिक मरीजों का अलग आंकड़ा रखा जाता है, जिससे पचा चल सकें की कोरोना के बिना लक्षणों वाले मरीजों की संख्या कितनी है। हालांकि चीन में राहत की खबर ये है कि पिछले दिनों कोई भी मौत नहीं हुई। कोरोना से अब तक चीन में 5226 की मौत हो गई है। वहीं चीन ने लक्षण वाले 257115 मामलों की पुष्टि की है।
कारोबार:
1. दिवाली से एक दिन पहले रेलवे ने आज बहुत सी ट्रेनों को रद्द कर दिया है। रद्द की गई गाड़ियों में कई ऐसी ट्रेनें हैं, जो आम दिनों में अच्छी खासी भरी होती हैं। ऐसे में दिवाली को देखते हुए इस बात की आशंका प्रबल हो गई है कि इन गाड़ियों में सफर करने वाले लोगों को असुविधा हो सकती है। अगर आप भी दिवाली पर घर जाने का प्लान बना रहे हैं तो अपनी ट्रेन का स्टेटस देखकर ही यात्रा प्लान करें। आज लगभग 95 ट्रेनें पूरी तरह निरस्त हैं। 20 गाड़ियां रिशेड्यूल की गई हैं और 7 ट्रेनों का समय बदला गया है। अगर आपका टिकट इनमें से किसी गाड़ी में है या आप इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले हैं तो पहले इनका रनिंग स्टेटस चेक कर लें।
खेल/खिलाड़ी:
1. इंतजार की घड़ियाँ खत्म हो गईं। अब टी-20 विश्व कप में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की टीम आमने-सामने होगी। दुनिया के दूसरे सबसे बड़े स्टेडियम मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में होने वाले इस मैच को लेकर लोगों में आशंका है कि क्या बारिश इस मैच में बाधा तो नहीं बनेगी। कुछ हद तक फैंस की यह चिंता जायज भी है। क्योंकि पिछले कुछ दिनों से होती बारिश ने फैंस के दिलों में इस डर को और बढ़ा दिया है कि विश्व कप के सबसे बड़े मुकाबले को वो पूरा होते देख पाएंगे या नहीं। बता दें कि मेलबर्न में रविवार का मौसम साफ है। वर्षा की संभावना की बात करें तो शुक्रवार की रात को मेलबर्न में बारिश हो रही थी और रविवार को भी बूंदाबादी की संभावना 90 प्रतिशत है। हालांकि तेज बारिश की संभावना कम है। आईसीसी को आशा है कि वह 20.20 ओवर का मैच कराने में सफल रहेगा, जिसकी मांग फैंस से लेकर पूर्व क्रिकेट भी कर रहे हैं। एमसीजी की दर्शक क्षमता एक लाख के करीब है और यह आईसीसी का सबसे बड़ा मैच है।