News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 03:09 AM
राष्ट्रीय :
1. दिवाली की रात से पहले ही दिल्ली-एनसीआर की हवा जहरीली हो गई है। राजधानी और इससे सटे इलाकों में एक्यूआई हवा की गुणवत्ता खराब से भी खराब श्रेणी में पहुंच गया है। ऐसे में गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों का सांस लेना मुश्किल हो रहा है। दरअसल, साफ हवा को लेकर सरकार की ओर से काफी प्रयास किया गया, लेकिन दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण की स्थिति बेहद खराब हो गई है। हालांकि सफर इंडिया ने दिवाली से पहले ही आवाहेवा खराब होने का अनुमान जताया था। सफर के आकड़ों के मुताबिक दिल्ली विश्वविद्यालय इलाके में एक्यूआई सूचकांक 319 यानि ‘बहुत खराब’ श्रेणी दर्ज किया गया है। कई स्थानों पर एक्यूआई 350 से भी ज्यादा पहुंच गया है। वहीं, नोएडा में कई जगह पर एक्यूआई 309 दर्ज किया गया। जोकि ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। बता दें कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’ 51 से 100 को ‘संतोषजनक’ 101 से 200 को ‘मध्यम’ 200 से 300 को ‘खराब’ 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
2. उत्तर प्रदेश के बस्ती में भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार हाइवे पर खड़े कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरी कार कंटेनर में घुस गई। हादसे में पति-पत्नी, मां और बेटी की मौके पर मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल बेटे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ दिया। हादसा मुंडेरवा थाना क्षेत्र में खजौला पुलिस चौकी के पास हुआ। प्रयागराज में जल निगम में एई के पद पर विनोद कुमार तैनात थे। उनका पूरा परिवार लखनऊ में रहता था। रविवार को विनोद कुमार (42), अपनी मां सरस्वती, पत्नी नीलम (34), बेटी श्रेया और बेटे यथार्थ के साथ कार से दीवाली मनाने संतकबीरनगर जा रहे थे। मुलरूप से वह खलीलाबाद क्षेत्र के हरपुर ढोडही के रहने वाले थे। ब्रेजा कार में सवार पूरा परिवार लखनऊ से निकला था।
3. जुलाई में केन्या में लापता हुए दो भारतीयों की मौत की खबर सामने आई है। केन्याई राष्ट्रपति विलियम रूटो के एक सहयोगी डेनिस इटुम्बी की तरफ से जारी रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि केन्या की ‘किलर पुलिस’ ने उनकी हत्या कर दी। इनमें से एक बालाजी टेलीफिल्म्स के पूर्व सीओओ जुल्फिकार खान और दूसरे भारतीय नागरिक मोहम्मद जैद सामी किदवई हैं। जुलाई में दोनों नैरोबी के एक पॉपुलर क्लब से बाहर निकलने के बाद लापता हो गए थे। दोनों केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो के इलेक्शन कैंपेन की इंफॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशंस टीम में शामिल होने के लिए गए थे। इटुम्बी ने दावा किया है कि सबूतों के मुताबिक दोनों एक कैब में थे, जिसे डीसीआई यूनिट ने ब्लॉक कर दिया था। खान, किदवई और उनके टैक्सी ड्राइवर सभी को एक दूसरी कार में ले जाया गया और उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि किडनैप किए जाने के 3 दिन बाद तीनों को एक वाहन में बिठाया गया। फिर राजधानी नैरोबी से 150 किलोमीटर दूर एबरडेयर्स की ओर भेजा दिया।
4. बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘सितरंग’ का पश्चिम बंगाल में असर धीरे-धीरे दिखने लगा है। कोलकाता समेत कई जिलों में रविवार को बादल छाए रहे। पूर्वी मिदनापुर में कई जगह हल्की बारिश हुई। ‘सितरंग’ बंगाल के तटीय इलाकों खासकर सुंदरबन में भारी तबाही बरपा सकता है। बिहार में दिवाली के मौके पर चक्रवाती तूफान कहर बरपा सकता है। त्यौहार के रंग में भंग डालने के अलावा पटाखों की गूंज को शांत कर सकता है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों के साथ-साथ ओडिशा के पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालेश्वर, मयूरभंज, जाजपुर, क्योंझर, कटक और खुर्दा जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है।
5. यूपी के बाद अब महाराष्ट्र के नागपुर में एक मालगाड़ी डिरेल हो गई है। मालगाड़ी के 20 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी में कोयला लदा था। मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के कारण कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित भी हुई है। इससे पहले यूपी के फतेहपुर के पास मालगाड़ी के 30 डिब्बे पटरी से उतर गए थे। सेंट्रल रेलवे ने बताया कि नागपुर में वर्धा-बडनेरा रूट पर मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए। ये हादसा मालखेड़ और तिमातला स्टेशन के बीच बीती रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर हुआ है। सेंट्रल रेलवे ने बताया कि हादसे के कारण कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कई ट्रेनों रद्द कर दिया गया है, जबकि कई ट्रेनों का रूट डायवर्जन किया गया है। रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर 0712-2544848 जारी किया है।
6. देश सहित प्रदेश के हर कोने में दीपावली को धूम मची हुई है। पटाखे फोड़े जा रहे हैं। वहीं जिला कुल्लू की उझी घाटी सहित लाहौल स्पीति में दीपावली पर्व की कोई चहल पहल नहीं है। उझी घाटी के लोग आज भी पुरानी परंपरा संजोये हुए हैं। हालांकि यहां भी दियाली के नाम से ईको फ्रेंडली पर्व मनाया जाएगा। लेकिन, वह नवंबर के आखिरी सप्ताह में आयोजित होगा। घाटी के लोग आज भी पटाखों से दूरी बनाए हुए हैं। मनाली की ऊझी घाटी में दीपावली को पटाखों की गूंज सुनाई नहीं देती है। हालांकि दियाली और दीपावली मनाने की परंपरा एक जैसी है। दीपावली में दुकानों से मिठाइयां लाकर बांटी जाती है, वहीं दियाली पर्व में घरों में बने गिचे व अक्षु परोसे जाते हैं। लेकिन, फर्क इतना है कि दीपावली को लोग पटाखे फोड़ते हैं जबकि दियाली में ऐसा कुछ नहीं होता। बाहरी क्षेत्रों से आकर मनाली में बसे लोग धूमधाम से दीवापली पर्व मना रहे हैं। हालांकि स्थानीय लोग भी घरों में लक्ष्मी की पूजा करते हैं लेकिन पटाखों से दूरी बनाते हैं।
7. मुजफ्फरपुर में एक इंसानियत को शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को बिहार का मुजफ्फरपुर का बताया जा रहा है। वीडियो में बताया गया है कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। उसका शव सड़क पर ही पड़ा है, लेकिन लोग वाहन से गिरे टमाटर लूटने में ही मग्न हैं। वीडियो के हवाले से कहा गया है कि तेज रफ्तार पिकअप वैन की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो जाती है। वहीं दुर्घटना के बाद पिकअप पानी भरे गढ्ढे में पलट गया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद पिकअप का ड्राइवर वहां से भाग निकला। जबकि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोग मौके पर भाग कर जाते हैं, लेकिन कोई वहां बाइक सवार को नहीं देखता है। बल्कि वहां जाकर टमाटर लूटने लग जाते हैं। क्योंकि पिकअप में टमाटर लदे हुए थे। दुर्घटना के बाद टमाटर वहीं बिखर जाते हैं। इस वीडियो को बिहार के कई लोगों ने ट्विटर पर शेयर किया है। हालांकि अभी पुलिस की ओर से इस वीडियो को लेकर कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है।
राजनीति :
1. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि महंगाई से परेशान लोगों को मुफ्त शिक्षा और इलाज क्यों नहीं मिलना चाहिए। दरअसल, सीएम केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी की एक मीडिया रिपोर्ट ट्वीट की है। इसमें पीएम मोदी कह रहे हैं कि टैक्सपेयर को सबसे ज्यादा दुख तब होता है, जब उससे वसूले गए पैसों से मुफ्त की रेवड़ी बांटी जाती है। इस पर सवाल करते हुए केजरीवाल ने कहा कि लोग महंगाई से बहुत ज्यादा परेशान हैं। जनता को मुफ्त शिक्षा, मुफ्त इलाज, मुफ्त दवाइयां, बिजली क्यों नहीं मिलनी चाहिए? नेताओं को भी तो इतनी फ्री सुविधाएं मिलती हैं। कितने अमीरों के बैंकों के कर्जे माफ कर दिए। बार-बार मुफ्त रेवड़ी बोलकर जनता का अपमान मत कीजिए।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने ब्रिटेन के अगले पीएम बनने से मना कर दिया है। उन्होंने पीएम पद के चुनाव से यह कहते हुए हाथ खींच लिया कि उन्हें अगले चरण में आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त सांसदों का समर्थन प्राप्त है, लेकिन वे पूर्व वित्त मंत्री ऋषि सुनक से पीछे हैं। जानसन ने एक बयान में कहा कि इस बात की बहुत अच्छी संभावना है कि मैं कंजरवेटिव पार्टी के सदस्यों के साथ चुनाव में सफल हो जाऊंगा, लेकिन यह करना सही नहीं होगा, क्योंकि समर्थन सुनक के पास ज्यादा है। बोरिस जानसन ने एक आश्चर्यजनक कदम उठाते हुए कहा कि वह कंजरवेटिव पार्टी के नेतृत्व की दौड़ में नहीं उतरेंगे और इसी के साथ सबसे आगे चल रहे ऋषि सुनक ब्रिटेन के पहले भारतीय मूल के प्रधानमंत्री चुने जाने के करीब पहुंच गए हैं। लेकिन 55 वर्षीय पूर्व नेता ने दावा किया कि उन्होंने 100 सांसदों की सीमा पार कर ली है, लेकिन टोरी पार्टी की एकता के हित में आगे नहीं बढ़ने का फैसला किया है।
2. यूक्रेन के शहर खेरसान को लेकर रूस ने खतरनाक संकेत दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रूस की ओर से स्थापित किए गए प्राधिकारों ने दक्षिणी यूक्रेन के शहर खेरसान के सभी निवासियों को तत्काल बाहर निकलने का आदेश दिया है। माना जा रहा है कि कब्जे वाले इस क्षेत्र से यूक्रेनी बलों को खदेड़ने के लिए रूस तगड़ी जवाबी कार्रवाई कर सकता है। क्षेत्रीय क्रेमलिन प्रशासन ने एक टेलीग्राम पोस्ट में मोर्चे पर तनावपूर्ण स्थिति और गोलाबारी के खतरों का हवाला दिया। रूसी प्रशासन ने नागरिकों से रूसी अधिकृत क्षेत्र में जाने के लिए नीपर नदी पर नाव का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। मालूम हो कि फरवरी में जब रूस ने यूक्रेन में सैन्य अभियान चलाया था, तब से खेरसन क्रेमलिन प्रशासन के हाथों में रहा है। यह उन चार क्षेत्रों में शामिल है जिसे रूस ने अपने में मिला लिया था।
3. पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जानसन खुद पीएम पद की रेस से बाहर हो गए हैं, जिससे यह लगभग तय हो गया है कि ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री ऋषि सुनक बनेंगे। टोरी सांसदों के समर्थन से ऋषि आगे बढ़ रहे हें। इसी बीच ब्रिटेन के पूर्व वित्त मंत्री ऋषि ने सोमवार को बोरिस जानसन के नेतृत्व की प्रंशसा की है। उन्होंने कहा कि जानसन ने ब्रेक्सिट, कोरोना वैक्सीन रोलआउट और यूक्रेन में युद्ध सहित कुछ सबसे कठिन चुनौतियों के माध्यम से यूके का नेतृत्व किया। ऋषि ने ट्वीट किया, बोरिस जानसन ने ब्रेक्सिट और कोविड वैक्सीन रोल-आउट दिया। उन्होंने हमारे देश को सबसे कठिन चुनौतियों से बाहर निकाला। हम इसके लिए हमेशा उनके आभारी रहेंगे। ऋषि ने आगे कहा कि बोरिस ने फिर से चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है और मुझे उम्मीद है कि वह देश और विदेश में सार्वजनिक योगदान देना जारी रखेंगे।
कारोबार :
1. दिवाली पर भी भारतीय रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला जारी है। सोमवार को दिवाली के दिन रेलवे के द्वारा करीब 231 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसमें से 219 ट्रेनों को पूरी तरह से और 12 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, केरल,तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और गुजरात के चलने वाली गाड़ियां शामिल हैं। इसके साथ ही रेलवे की ओर से 17 ट्रेनों को रीशेड्यूल और 13 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। रद्द, रीशेड्यूल और डायवर्ट की गई ट्रेनों में हमसफर, जनशताब्दी, दूरंतो एक्सप्रेस के साथ कई स्पेशल और एक्सप्रेस गाड़ियां शामिल हैं।
खेल/खिलाड़ी :
1. पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2022 के पहले मैच में मेलबर्न में जो भारतीय टीम को जीत मिली, उसके असल हीरो तो विराट कोहली ही रहे, लेकिन टीम के आलराउंडर हार्दिक पांड्या ने जो भूमिका निभाई उसे गौर से देखने पर पता चलता है कि वो भी टीम की इस जीत के लिए कितने अहम साबित हुए। पहले उन्होंने गेंदबाजी में कमाल किया और फिर बल्लेबाजी में कोहली का भरपूर साथ देकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। हार्दिक पांड्या टी-20 में 1000 रन और 50 विकेट लेने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी में हार्दिक पांड्या की गेंदबाजी शानदार रही और उन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। हार्दिक पांड्या ने शादाब खान, हैदर अली और मो. नवाज को अपना शिकार बनाया और इस टीम की मध्यक्रम की कमर ही तोड़ दी। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने 37 गेंदों पर 2 छक्के व एक चौके की मदद से 40 रन बनाए और सबसे अहम तो ये कि पांचवें विकेट के लिए विराट कोहली के साथ 113 रन की शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को संभालने का काम किया।
2. भारत-पाकिस्तान का मुकाबला जब-जब खेला जाता है, ये सिर्फ साधारण क्रिकेट मैच नहीं होता। इसके साथ लोगों के जज्बात भी जुड़े होते हैं। ये लोग सिर्फ फैंस नहीं होते, मुकाबले में पार्टिसिपेट कर रहे खिलाड़ी भी होते हैं। रविवार को भारत से लगभग 10 हजार किलोमीटर दूर जब मेलबर्न के एमसीजी के मैदान में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया तो कई खिलाड़ी अपने इमोशंस को रोक नहीं पाए। किसी की आंखों में आंसू थे, तो कोई छोटे बच्चे की तरह एक दूसरे को गले लगा रहा था। मशहूर कवि कुंवर नारायण की पंक्तियां हैं- कोई दुख मनुष्य के साहस से बड़ा नहीं, वही हारा जो लड़ा नहीं... रविवार के दिन मेलबर्न के एमसीजी ग्रांउड पर लगभग एक लाख लोगों के बीच विराट कोहली ने इन लाइनों के एक-एक शब्द को सही साबित किया। 53 गेंद पर 82 रन की नाबाद पारी ने भारत के 140 करोड़ लोगों की दिवाली बना दी। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 क्लासिकल चौके और 4 खूबसूरत छक्के जड़े। 19वें ओवर की पांचवीं गेंद... हारिस रउफ ने धीमी शॉर्ट ऑफ लेंथ बॉल डाली। इसे कोहली ने बॉलर के सिर के ऊपर से 6 रन के लिए भेज दिया और रउफ बॉल को देखते रह गए। अगली गेंद लेग स्टंप पर पड़ी और उसे किंग कोहली ने कलाइयों के सहारे फाइन लेग की दिशा में फ्लिक कर दिया। हारिस कोहली के सामने नतमस्तक हो गए और यहीं से पूरा मैच बदल गया। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे और उसके बाद जो हुआ वो इतिहास बन गया।