News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 09:37 AM
News Update :
राष्ट्रीय :
1. पीएम नरेन्द्र मोदी आज हरियाणा के फरीदाबाद जिले में हो रहे सभी राज्यों के गृह मंत्रियों के चिंतन शिविर को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी का संबोधन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होगा। फरीदाबाद के सूरजकुंड में दो दिवसीय चिंतन शिविर का आज अंतिम दिन है। पीएमओ से मिली जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्रियों का चिंतन शिविर आंतरिक सुरक्षा से संबंधित मामलों पर नीति निर्माण के लिए किया जा रहा है। चिंतन शिविर का मकसद सहकारी संघवाद, केंद्र और राज्य स्तर पर विभिन्न हितधारकों के बीच योजना और समन्वय में अधिक तालमेल लाना भी है।
2. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने कहा कि इस साल 15 सितंबर से 26 अक्टूबर तक पंजाब में 2021 की इसी अवधि की तुलना में पराली जलाने की घटनाओं में नौ फीसदी की बड़ी वृद्धि हुई, जो चिंता का विषय है। आयोग ने बताया कि हरियाणा में पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में पराली जलाने की घटनाओं में 26 फीसदी की गिरावट आयी है। सीएक्यूएम ने कहा कि पराली जलाने की घटनाओं में वृद्धि के मद्देनजर आयोग ने पराली प्रबंधन की रणनीति समेत कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंजाब सरकार के सामने यह विषय उठाया। एक बयान में कहा कि सीएक्यूएम के लिए इसरो द्वारा विकसित मानक नियम के मुताबिक 15 सितंबर से 26 अक्टूबर तक पंजाब में पराली जलाने की 7,036 घटनाएं सामने आयीं, जबकि पिछले साल इस अवधि में ऐसी 6,463 घटनाएं हुई थीं। यानी ऐसी घटनाओं में करीब नौ फीसद की बड़ी वृद्धि हुई।
News Update :
राजनीति :
1. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ चार दिन के विराम के बाद तेलंगाना के नारायणपेट जिले के मकथल से फिर शुरू हुई। यात्रा सुबह साढ़े छह बजे मकथल से शुरू हुई, जिसमें राहुल के साथ कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी, सांसद उत्तम कुमार रेड्डी, कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता भट्टी विक्रमार्क और कई अन्य पार्टी नेता शामिल हुए। राज्य में यात्रा का यह दूसरा दिन है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने कर्नाटक के रायचूर से निकलने के बाद 23 अक्टूबर की सुबह गुडेबेलूर के रास्ते तेलंगाना में प्रवेश किया था। कुछ देर पदयात्रा के बाद रविवार दोपहर से 26 अक्टूबर तक इस यात्रा को विराम दिया गया था। राहुल 23 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी चले गए थे। वह बुधवार रात विमान से हैदराबाद पहुंचे और सड़क मार्ग से गुडेबेलूर गए। मकथल से तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में 16 दिनों तक यात्रा जारी रहेगी।
2. कश्मीर मुद्दे के लिए पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराने संबंधी केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू के लेख पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के नेताओं को समकालीन इतिहास के बारे में कोई जानकारी नहीं है और उन्हें नेहरू या किसी अन्य प्रधानमंत्री को दोषी ठहराने के बजाय इस बात का हिसाब देना चाहिए कि उनके शासन में क्या हुआ है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक लेख साझा करते हुए कहा कि किरण रिजिजू और उनके जैसे छद्म इतिहासकारों और झूठ के व्यापारियों को इसे पढ़ना चाहिए। पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भाजपा नेताओं की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि वाट्सएप नर्सरी के इन छात्रों को इतिहास की कक्षाओं में फिर जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘वे जो कुछ कह रहे हैं अगर वह सब सच है तो कैसे मनमोहन सिंह के काल में लक्ष्य बनाकर हत्याएं रुक गईं और राज्य की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में 75 प्रतिशत लोगों ने हिस्सेदारी की। इसका जवाब पाकर हमें खुशी होगी।’
News Update :
अंतर्राष्ट्रीय :
1. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की भूमिका बढ़ेगी। रूस ने भारत को उर्वरक आपूर्ति में 7.6 गुना की वृद्धि की। पुतिन ने पीएम मोदी को एक बड़ा देशभक्त कहा। रूसी राष्ट्रपति का कहना है कि भारत की हमेशा एक स्वतंत्र विदेश नीति रही है और रूस हमेशा से ही खास संबंध रहे हैं। व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दुनिया सबसे खतरनाक दशक का सामना कर रही है, क्योंकि पश्चिमी अभिजात्य वर्ग अमेरिका और उसके सहयोगियों के वैश्विक प्रभुत्व के अपरिहार्य पतन को रोकने के लिए जोर आजमाइश कर रहा है। अमेरिका और उसके सहयोगियों पर यूक्रेन युद्ध को भड़काने का आरोप लगाने वाले पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देश खतरनाक, खूनी और गंदा भू-राजनीतिक खेल खेल रहे थे, जिससे दुनियाभर में अराजकता फैल रही थी। उन्होंने कहा कि उनका इरादा यूक्रेन में परमाणु हथियार के इस्तेमाल का नहीं है। पुतिन ने कहा कि उन्हें यूक्रेन में सेना भेजने का कोई पछतावा नहीं है।
2. दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से बैलिस्टिक मिसाइल दागी है। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि यह मिसाइल गुरुवार सुबह दागी गई। लेकिन उन्होंने इस संबंध में और कोई जानकारी नहीं दी है। दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी वायु सेना अगले सप्ताह बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण आयोजित करने की योजना बना रही है। इससे पहले इस महीने की शुरूआत में उत्तर कोरिया ने बीते मंगलवार को जापान की राजधानी टोक्यो के ऊपर से बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी। जिसके बाद देश की सरकार ने लोगों के बीच अलर्ट जारी कर दिया था। बीते पांच सालों में यह पहला मौका था जब उत्तर कोरिया ने जापान के ऊपर से मिसाइल दागी थी।
3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से फोन पर बातचीत की और दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच व्यापक और संतुलित मुक्त व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के महत्व पर सहमति जताई। भारतीय मूल के सुनक के ब्रिटिश प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद से यह उनकी पहली बातचीत थी। ऋषि सुनक ने भी पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए ट्वीट किया और कहा कि वह इस बात से उत्साहित हैं कि दो ‘महान लोकतंत्र’ क्या हासिल कर सकते हैं, क्योंकि वे आने वाले महीनों और वर्षों में अपनी सुरक्षा, रक्षा और आर्थिक साझेदारी को गहरा कर सकते हैं।
4. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी सहयोगी चेचन नेता रमजान कादिरोव ने कहा कि इस सप्ताह यूक्रेन के तोपखाने के हमले में उनके 23 सैनिक मारे गए और 58 अन्य घायल हो गए। टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए एक बयान में, कादिरोव ने कहा कि यह घटना दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र में हुई थी। युद्ध शुरू होने के बाद से, मास्को समर्थक बलों ने शायद ही कभी युद्ध के मैदान में बड़े नुकसान को स्वीकार किया किया है। कादिरोव की टिप्पणियां असामान्य थीं। घटना दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र में हुई, कादिरोव ने टेलीग्राम पर कहा। सहयोगी चेचन नेता रमजान कादिरोव ने कहा, ‘घटनास्थल पर सभी बचाव अभियान पूरे कर लिए गए हैं और मृतकों और घायलों की अंतिम सूची के मुताबिक, 23 सैनिक मारे गए और 58 घायल हो गए।’ रूस के दक्षिणी मुस्लिम-बहुल क्षेत्र चेचन्या के प्रमुख कादिरोव खुद को पुतिन पैदल सैनिक बताते हैं और कहते हैं कि उन्होंने युद्ध में लड़ने के लिए हजारों लोगों को भेजा है।
मौसम :
1. देश के अधिकांश राज्यों में मौसम शुष्क बना हुआ है। तापमान में तेजी से गिरावट के कारण ठंड का अहसास शुरु हो गया है। दिल्ली से यूपी तक उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड शुरु हो गई है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क ही बना रहेगा। हालांकि, दिल्ली में गुरुवार को देश की राजधानी का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, अगर आज 28 अक्टूबर की बात करें तो दिल्ली में आज भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहेगा। वहीं, अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहेगा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तर पूर्वी दिशा से हवाएं अब चलने लगी हैं, जिससे उत्तर-पूर्वी मानसून शुरू होगा। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बारिश की गतिविधियां 29 अक्टूबर से शुरू होंगी। धीरे-धीरे दक्षिण भारत में बढ़ जायेंगी। शेष भारत में उत्तर पश्चिमी दिशा से चलने वाले हवाएं तापमान गिराएंगी।
कारोबार :
1. एलन मस्क ने ट्विटर अधिग्रहण का सौदा पूरा कर लिया। कंपनी के मालिकाना हक मिलते ही मस्क ने सीईओ पराग अग्रवाल समेत कई शीर्ष अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। मस्क ने ट्विटर के शीर्ष अधिकारियों पर उन्हें गुमराह करने के आरोप लगाए हैं। मस्क ने एक बयान में कहा है कि वो ट्विटर पर स्पैम बॉट्स को हराना चाहते हैं। वो एक ऐसी एल्गोरिदम बनाना चाहते हैं, जो यह निर्धारित करे, साइट पर मौजूद सामग्री सार्वजनिक रूप से कैसे दिखे, यह निर्धारित किया जा सके। हालांकि मस्क ने अभी तक अपनी इस कार्य योजना को लेकर कोई खास जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है।
खेल/खिलाड़ी :
1. नीदरलैंड के खिलाफ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 39 गेंदों पर 3 छक्के व 4 चौकों की मदद से 53 रन की पारी खेली। इस मैच में 3 छक्के लगाकर उन्होंने युवराज सिंह का रिकार्ड तोड़ा और टी-20 विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने। इस पारी के बाद रोहित शर्मा अब टी-20 विश्व कप में बतौर कप्तान भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे कप्तान बने और एमएस धोनी तीसरे नंबर पर आ गए। जबकि विराट कोहली इस मामले में पहले नंबर पर हैं। वहीं, इस पारी के दम पर रोहित शर्मा अब टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी टीम के लिए जीते हुए मैचों में 3000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। इसके साथ ही साथ ऐसा कमाल करने वाले विश्व के पहले बैट्समैन भी बन गए। यही नहीं, वो क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में भारत के लिए जीते हुए मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले स्थान पर मौजूद हैं। रोहित शर्मा ने जीते हुए मैचों में अब तक 3022 रन बनाए हैं जबकि 2709 रन के साथ विराट कोहली दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम 2265 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि 2222 रन के साथ मार्टिन गप्टिल चौथे स्थान पर हैं।
2. सूर्यकुमार यादव ने नीदरलैंड के खिलाफ 25 गेंद में 51 रन बनाकर टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भी अर्धशतक लगाए। सूर्या और विराट की पार्टनरशिप अहम साबित हुई। बहरहाल, इस मैच में जीत-हार के अलावा कुछ ऐसे पल भी आए, जिनके जरिए आपको टीम इंडिया की पर्सनल और टीम बॉन्डिंग का अहसास होगा। ऐसा ही एक मौका था जब सूर्या ने सिक्स लगाया और हाफ सेंचुरी पूरी की। दूसरे छोर पर खड़े कोहली इमोशनल हो गए। दौड़कर सूर्या के करीब गए और उन्हें गले लगा लिया।