News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 07:58 AM
राष्ट्रीय :
1. लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को छठव्रतियों ने खरना किया। इसके लिए रोटी एवं खीर का प्रसाद बनाया गया। खरना के दिन छठव्रतियों ने गंगा स्नान किया, उसके बाद नदी तट स्थित मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई। आज छठ पर्व का तीसरा दिन है। रविवार को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया जाएगा। सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ संपन्न हो जाएगा। मौसम विभाग की तरफ से अर्घ्य के मद्देनजर बिहार की राजधानी पटना समेत प्रदेश के सभी जिलों के लिए समय सारिणी जारी की गई है।
2. पढ़ाई की चिंता में यूक्रेन लौटे छात्र फिर परेशान हैं। रूसी सेना के हिंसक रवैया अपनाने की सूचना पर उनके साथ ही उनके अपनों की भी चिंता बढ़ रही है। दिवाली बाद जो छात्र वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे, उनमें से ज्यादातर ने अपनी टिकट कैंसिल करानी शुरू कर दी है। कुछ छात्र दिल्ली एयरपोर्ट से वापस लौट आए। यूक्रेन के विभिन्न मेडिकल विश्वविद्यालयों में करीब 20 हजार भारतीय छात्र-छात्राएं एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। इसी वर्ष फरवरी व मार्च में यूक्रेन में रूस का हमला होने के बाद ये विद्यार्थी वापस भारत लौटे थे। यहां आने के करीब एक माह बाद ही यूक्रेनी विश्वविद्यालयों की ओर से आनलाइन पढ़ाई शुरू करा दी गई, लेकिन प्रायोगिक प्रशिक्षण न मिलने के कारण अगस्त व सितंबर में कई विद्यार्थी वापस यूक्रेन लौट गए थे। अन्य विद्यार्थियों ने दिवाली बाद जाने की तैयारी की थी।
3. राष्ट्रीय राजधानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स के गंभीर श्रेणी में आने के बाद और प्रतिबंध लगाए गए। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के स्तर के बीच केंद्र के वायु गुणवत्ता पैनल ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अधिकारियों को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान चरण तीन के तहत निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने जैसे प्रतिबंधों को लागू करने का निर्देश दिया। प्रतिबंध राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा, रेलवे और मेट्रो रेल से संबंधित आवश्यक परियोजनाओं पर लागू नहीं होंगे। क्षेत्र में खनन गतिविधियों की भी अनुमति नहीं होगी। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने कहा कि राज्य खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए एनआरसी में बीएस थ्री पेट्रोल और बीएस फोर डीजल चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा सकते हैं। यह निर्देश अधिकारियों के लिए बाध्यकारी नहीं है। आयोग ने अपील की है कि संभव हो तो वर्क फ्रॉम होम करें ।
4. बलिया जिले के फेफना में समाजवादी पार्टी के विधायक संग्राम यादव के पुत्र रोहित यादव पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के कारण शहर कोतवाल प्रवीण सिंह की शिकायत पर को एनसीआर दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार रोहित ने पुलिस संग अभद्रता करने के साथ ही सरकारी काम में बाधा पहुंचाई, जिसकी वजह से पुलिस को एनसीआर पंजीकृत करना पड़ा। दरअसल, बलिया रेलवे स्टेशन के सामने 27 अक्टूबर की देर शाम पुलिस बूथ के ठीक सामने रोहित यादव को अपनी गाड़ी खड़ी करने से मना करने पर वहां मौजूद कोतवाल और अन्घ्य पुलिसकर्मियों से रोहित यादव का विवाद हुआ था। इस दौरान झड़प होने की सूचना बेटे से मिलने के बाद सपा विधायक संग्राम यादव भी मौके पर पहुंचे थे, उन्होंने वहां पर तैनात कोतवाल को गाली देने का आरोप लगाते हुए उनसे तीखी बहस भी की थी। इस दौरान विवाद का वीडियो भी खूब वायरल हो गया था। इसके बाद से ही प्रकरण चर्चा में आ गया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने रोहित के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच भी शुरू कर दी है।
5. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण यूक्रेन से लौटे राजस्थानी छात्रों को हवाई किराये का पुनर्भरण करने की सहमति दी है। एक से 14 फरवरी के बीच स्वयं के खर्चे पर यूक्रेन से भारत लौटने वाले राजस्थानी छात्रों विमान कराये की राशि का पुनर्भरण किया जाएगा। इसके लिए वित्त विभाग ने 50 लाख रुपये की रकम जारी कर दी है। इस राशि का पुनर्भरण दिल्ली में स्थित प्रदेश के मुख्य आवासीय आयुक्त के माध्यम से हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के खतरे को भांपते हुए कई छात्र भारत सरकार की एडवायजरी जारी होने से पहले ही स्वदेश लौट गए थे। ऐसे छात्रों का राज्य सरकार किराया देगी।
राजनीति :
1. हिमाचल विधानसभा चुनाव में अब प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गई है। शनिवार नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था। अपने असंतुष्ट नेताओं को मनाने में कांग्रेस को अधिक सफलता मिली है। भाजपा के 17 असंतुष्ट नेता चुनावी समर में डटे हैं। वहीं, कांग्रेस के छह असंतुष्ट नेता नहीं माने। दोनों ही दलों के लिए बहुमत प्राप्त करने में अपनों की चुनौती का सामना करना होगा। भाजपा ने असंतुष्ट नेताओं को मनाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व पार्टी अध्यक्ष सुरेश कश्यप को उतारा था। भाजपा को कुल्लू से महेश्वर सिंह, धर्मशाला से अनिल चौधरी, बल्ह से संजय व करसोग से युवराज को मनाने में ही सफलता मिली है। भाजपा के दिग्घ्गज नेतओं की भी असंतुष्घ्ट नेताओं ने एक नहीं सुनी। कांग्रेस को चिंतपूर्णी से कुलदीप कुमार, बिलासपुर सदर से तिलकराज, झंडूता से बीरूराम किशोर, रामपुर से विशेषवर, नाचन से लाल चंद्र और हेम चंद, इंदौरा से कमल किशोर को मनाने में सफलता मिली। इसके अलावा कांग्रेस देहरा से विजय कुमार, ईशान, राकेश, पांवटा साहिब से शमशेर अली, शाहपुर से कर्ण परमार और चौपाल से सबला राम चौहान को बैठाने का दावा कर रही है। ठियोग में इंदु वर्मा दोनों ही दलों में रह चुकी हैं, इसलिए उन्हें दोनों ही दलों से असंतुष्ट माना जा रहा है। हालांकि, वर्तमान में वह कांग्रेस में रही हैं।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. साउथ कोरिया की राजधानी सियोल में हैलोवीन उत्सव के दौरान भगदड़ मचने से 151 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 लोग घायल हो गए। मरने वालों में 19 विदेशी भी शामिल हैं। इस घटना से पूरी दुनिया में शोक की लहर है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो समेत कई वैश्विक नेताओं ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। ऋषि सुनक के कहा कि सियोल से बुरी खबर आई है। इस बहुत ही संकटपूर्ण समय में हमारे सभी विचार वर्तमान में प्रतिक्रिया देने वालों और सभी दक्षिण कोरियाई लोगों के साथ हैं।
2. रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मॉस्को संयुक्त राष्ट्र के अनाज सौदे के कार्यान्वयन को स्थगित करने के लिए आगे बढ़ा है। जिसमें यूक्रेन से 90 लाख टन से अधिक अनाज का निर्यात हुआ है और वैश्विक खाद्य कीमतों में कमी आई है। मंत्रालय ने कब्जे वाले क्रीमिया के तट पर रूस के काला सागर बेड़े के जहाजों के खिलाफ एक कथित यूक्रेनी ड्रोन हमले का हवाला दिया। यूक्रेन ने हमले से इनकार किया है। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस द्वारा रूस और यूक्रेन से सौदे को नवीनीकृत करने का आग्रह करने के एक दिन बाद रूस ने घोषणा की है। गुटेरेस ने अन्य देशों से मुख्य रूप से पश्चिम में रूसी अनाज और उर्वरक निर्यात को अवरुद्ध करने वाली बाधाओं को दूर करने में तेजी लाने का आग्रह किया है।
मौसम :
1. दिल्ली-एनसीआर में दीपावली के बाद एक बार फिर प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर के चलते लोगों को आंखों में जलन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, दिल्ली के पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसका धुआं दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ा रहा है। आज रविवार को भी स्माग की परत छाई हुई है। इससे पहले शनिवार को दिल्ली-एनसीआर देश में सबसे प्रदूषित स्थान में दर्ज किया गया। प्रदूषण के बढ़ते स्तर के चलते चिकित्सकों ने सुबह के वक्त बुजुर्गों और बच्चों को बाहर न जाने की सलाह दी है। इसके साथ ही सांस के मरीजों को विशेष तौर पर सतर्क रहने की बात कही गई है। बता दें कि शनिवार को राजधानी में प्रदूषण का स्तर 397 पहुंच गया, यह इस सीजन का सबसे अधिक है। वहीं एनसीआर में 350 से 400 के बीच प्रदूषण का स्तर दर्ज किया गया।
2. देश के अधिकांश राज्यों में मौसम शुष्क बना हुआ है। तमाम शहरों के तापमान के गिरावट नजर आने लगी है। रातें ठंडी होने लगी हैं। मौसम विभाग ने आज यानी 30 अक्टूबर 2022 को दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल सहित कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही अगले तीन दिन तक तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कुछ हिस्से में तेज बारिश हो सकती है। इस बीच उत्तर भारत के कई इलाकों में सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट देखी की जा रही है। वहीं पहाड़ों पर ऊंचाई वाले इलाकों बर्फबारी हो रही है। एमआईडी के मुताबिक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, अंडमान और निकोबार में पांच दिनों तक बारिश होने के आसार हैं। एमआईडी के पर्वानुमान के मुताबिक केरल और माहे में 30 और 31 अक्टूबर को बारिश होगी। जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के इलाके में 31 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बना हुआ है, जिसके कारण अगले आज कुछ राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में हल्की बारिश की संभावना है।
कारोबार :
1. एलन मस्क ट्विटर से कर्मचारियों की छंटनी शुरू करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने बीते दिनों ही सोशल मीडिया कंपनी का अधिग्रहण सौदा पूरा किया है। ट्विटर खरीद डील पूरी करने के बाद मस्क ने सबसे पहले कंपनी के भारतवंशी सीईओ पराग अग्रवाल समेत कई शीर्ष अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था। कंपनी के कुछ अधिकारियों से छंटनी के लिए कर्मचारियों की लिस्ट तैयार करने को कहा गया है। ट्विटर खरीद डील पूरी होने से पहले कुछ ऐसी मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई थी कि मस्क कंपनी के करीब 75 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी कर सकते हैं। ट्विटर में मौजूदा वक्त में करीब 7,500 कर्मचारी कार्यरत हैं। अभी यह अनुमान लगाना मुश्किल है कि कितने कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी।
2. भारतीय रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला जारी है। आज भी रेलवे के द्वारा 122 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसमें से 93 ट्रेनों को पूरी तरह से और 29 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रेलवे की ओर से इन ट्रेनों को रद्द करने के पीछे कोई भी स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि परिचालन संबंधी कारणों के चलते इन्हें रद्द किया गया है। इसके अलावा रेलवे ने 15 ट्रेनों को रीशेड्यूल और 9 ट्रेनों को डायवर्ट किया है। रद्द, रीशेड्यूल और डायवर्ट की ट्रेनों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, गोवा और गुजरात से चलने वाली मेल, लोकल, एक्सप्रेस, स्पेशल और जनशताब्दी जैसी गाड़ियों का नाम शामिल हैं।
खेल/खिलाड़ी :
1. टी-20 विश्व कप में टीम इंडिया आज अपना तीसरा मैच खेलने उतरेगी। पर्थ में होने वाले सुपर-12 ग्रुप-2 के मुकाबले में भारत का सामना साउथ अफ्रीका से होगा। शुरुआती दो मैचों में पाकिस्तान और नीदरलैंड को हरा चुकी भारतीय टीम अगर यह मुकाबला जीत जाती है तो सेमीफाइनल में एंट्री का उसका दावा काफी मजबूत हो जाएगा। मैच इंडियन टाइमिंग के अनुसार शाम 4ः30 बजे शुरू होगा। टीम इंडिया 2014 के बाद पहली बार टी-20 विश्व कप में साउथ अफ्रीका से भिड़ने वाली है। दोनों टीमों के बीच विश्व कप में अब तक 5 मैच खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 4 मैच जीते हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका ने सिर्फ एक मैच जीता है। साउथ अफ्रीका 2009 के विश्व कप के बाद से टी-20 विश्व कप में भारत से एक भी मैच नहीं जीत पाई है।
2. टी-20 विश्व कप 2022 में जारी है और इसमें कुछ मैच खेले जा चुके हैं, लेकिन आईसीसी ने इस टूर्नामेंट के अब तक के टाप 5 मैचों का चयन किया है। इसमें भारत और पाकिस्तान के मैच को पहला स्थान दिया गया है, जिसमें रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने बाबर आजम की पाकिस्तान को 4 विकेट से हराने में सफलता हासिल की थी। भारत को इस मैच में आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन बनाने थे और बेहद रोमांचक अंदाज में टीम इंडिया ने इसमें जीत हासिल की थी। आईसीसी ने अपनी बेस्ट पांच की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान-जिम्बाब्वे को रखा है, जिसमें बाबर आजम की टीम को एक रन से हार मिली थी। इसके अलावा अन्य तीन जिन मैचों को टाप 5 की लिस्ट में जगह दी गई है वो पहले दौर के मैच हैं। इसमें तीसरे नंबर पर स्काटलैंड और आयरलैंड के बीच खेला गया मैच है। इसमें आयरलैंड ने 61 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन फिर 5 विकेट पर 176 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। आयरलैंड की तरफ से कर्टिस कैंपर ने नाबाद 72 रन की पारी खेली थी। आयरलैंड ने इस मैच में अपने टी20 इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया था।
3. टी-20 विश्व कप 2022 के दौरान अब तक कई ऐसे मुकाबले हुए, जो वाकई बेहद रोमांचकारी रहे हैं। चाहे वो पहले दौर या फिर सुपर-12 चरण के मैच हों। हालांकि आस्ट्रेलिया के मौसम ने कई बेहतरीन मैचों पर पानी फेरा और फैंस के चेहरे की खुशी छीन ली, लेकिन कुछ ऐसे गेम थे, जिसने अंतिम समय में अंकतालिका को बदला तो कुछ मैच ऐसे थे जो सांसें अंटकाने वाली थीं।