News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 02:30 PM
राष्ट्रीय :
1. गुजरात के मोरबी में एक सस्पेंशन ब्रिज के गिरने से मरने वालों की संख्या सोमवार सुबह तक बढ़कर 141 हो गई है। राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अशोक यादव ने मीडिया से इस बात की पुष्टि की है। बता दें कि मोरबी जिले में रविवार शाम करीब 6.30 बजे मच्छू नदी पर बना केबल पुल टूट गया था। हादसे के समय पुल पर 300 से अधिक लोग मौजूद थे। यह पुल 233 मीटर लंबा और करीब 142 साल पुराना था। एनडीआरएफ के कमांडेंट वीवीएन प्रसन्ना कुमार ने बताया कि पानी गंदा होने की वजह से जब पानी के अंदर सर्च करते हैं तो विजिबिलिटी की दिक्कत होती है। झूले के गिरने के कारण वहां कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है, उसके मलबे को निकालकर वहां भी सर्च किया जाएगा। राजकोट के मुख्य अग्निशमन अधिकारी इलेश खेर ने बताया कि राजकोट फायर ब्रिगेड ने 6 नाव, 6 एम्बुलेंस, 2 बचाव वैन और 60 जवान तैनात किए हैं। बड़ौदा, अहमदाबाद, गोंडल, जामनगर, कच्छ से कुल 20 बचाव नौकाएं काम कर रही हैं। 12 फायर टेंडर, बचाव वैन और 15 से अधिक एम्बुलेंस यहां मौजूद हैं।
News Update :
2. गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने सोमवार को बताया कि मोरबी पुल टूटने के मामले में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। रेंज आईजीपी के नेतृत्व में आज जांच शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि अब तक कुल 142 लोगों की मौत इस हादसे में हुई है। गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि नेवी, एनडीआरएफ, वायुसेना और सेना तेजी से पहुंच गई थी। पूरी रात खोज और बचाव कार्यों के लिए 200 से अधिक लोगों ने काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद से रवाना होते हुए कल ही एक हाई पावर कमेटी का गठन किया था। विभिन्न स्थानों पर तैनात सभी अधिकारियों को सुबह दो बजे तक मोरबी में रिपोर्ट करने को कहा गया है। जांच चल रही है।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. दुनियाभर में इस समय हैलोवीन की चर्चा तेज है। सब लोग अलग-अलग और डरावने भेष में खुद को सजाकर डराने की कोशिश में है। अब इस कड़ी में नासा भी जुड़ गया है। हैलोवीन पर लोगों को डराने के लिए नासा ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की है। इस फोटो को अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के सबसे शक्तिशाली स्पेस टेलिस्कोप जेम्स वेब से खींचा गया है। फोटो में अंतरिक्ष में मौजूद धूल और संरचनाएं दिखाई दे रही हैं जिन्हें पिलर्स ऑफ क्रिएशन भी कहा जाता है। इस फोटो में दिख रही धूल काफी डरावनी लग रही है जिसको लेकर नासा ने इंस्टाग्राम पर लिखा है-श्आप इसके चंगुल से बच नहीं सकते। जेम्स वेब स्पेस टेलिस्कोप की मदद से ली गई तस्वीर में ईगल नेबुला में 6500 प्रकाश वर्ष दूर स्थित पिलर्स ऑफ क्रिएशन के गहरे हिस्से को दिखाया गया है। इससे पिछले हफ्ते भी इस टेलिस्कोप ने पिलर्स ऑफ क्रिएशन की एक चमकदार फोटो खींची थी। ये संरचनाएं जितनी तस्वीरों में विशाल दिखती हैं उससे कहीं ज्यादा ये असल में होती है। इसकी लंबाई 5 प्रकाश पर्व के करीब होती है।
2. ब्राजील को नया राष्ट्रपति मिल गया है। दक्षिणपंथी विचारधारा रखने वाले मौजूदा राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को हराकर लुइज इनासियों लूला डा सिल्वा ने जीत हासिल कर ली है। लूला ने अपनी जीत के बाद विजयी भाषण में शांति और एकता का आह्वान भी किया। लूला ब्राजील के राष्ट्रपति बने इसके लिए देश की जनता ने भी उनका पूरा समर्थन किया। अधिकांश चुनावों के सर्वे के मुताबिक लूला फिर से देश के राष्ट्रपति चुने जाने वाले पंसदीदा उम्मीदवार थे। बता दें कि लूला को 50.8 प्रतिशत वोट मिले तो वहीं बोल्सोनारो को केवल 49.2 प्रतिशत वोट ही हासिल हुए। वामपंथी विचारों वाले लूला पहले भी ब्राजील के राष्ट्रपति रह चुके हैं और अब एक दशक बाद राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने एक आश्चर्यजनक वापसी की है। कौन है लूला और क्या उनकी वापसी से ब्राजील की मौजूदा स्थिति बदलेगी?
News Update :
3. यूरोपीय यूनियन ने रूस से अनुरोध किया है कि वह यूक्रेन से खाद्यान्न निर्यात का समझौता तोड़ने के निर्णय को बदले। इससे निर्णय से विश्व में खाद्यान्न संकट का खतरा पैदा हो जाएगा। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के निर्णय को पूरी तरह से क्रूरतापूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से विश्व में भुखमरी की समस्या बढ़ेगी। जबकि यूक्रेन ने कहा है कि खाद्यान्न निर्यात के समझौते से अलग होने का रूस का निर्णय पूर्व नियोजित है। काला सागर में शनिवार को रूसी नौसेना पर यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद रूस ने संयुक्त राष्ट्र के प्रयास से जुलाई में हुआ खाद्यान्न निर्यात समझौता तोड़ने की घोषणा की थी। इसके कारण काला सागर के जरिये यूक्रेनी खाद्यान्न का निर्यात एक बार फिर से रुक गया है। यूक्रेन का समुद्री यातायात केवल काला सागर के जरिये होता है और फरवरी से ही रूसी नौसेना ने पूरे जल क्षेत्र में नाकेबंदी कर रखी है।
4. रूस ने कहा है कि नार्ड स्ट्रीम गैस पाइपलाइन को विस्फोट से उड़ाने की वारदात ब्रिटेन की नौसेना की तोड़फोड़ की कार्रवाई थी। रूस से जर्मनी के बीच बाल्टिक सागर में बिछी यह पाइपलाइन सितंबर में बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद रूस और पश्चिमी देशों ने एक-दूसरे पर पाइपलाइन उड़ाने के आरोप लगाए थे। रूस ने उसी समय कहा था कि वह अपनी पाइपलाइन को क्यों नुकसान पहुंचाएगा ? ब्रिटेन ने प्रतिक्रिया में रूसी आरोप को झूठ बताया है और कहा है कि यूक्रेन युद्ध में विफलता के बाद रूस अब ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने ब्रिटेन के तोड़फोड़ की कार्रवाई में शामिल होने के अभी कोई सुबूत पेश नहीं किए हैं। लेकिन दावा किया है कि वारदात में नौ एरियल ड्रोन और सात मरीन ड्रोन शामिल थे। 26 सितंबर को पोलैंड के नजदीक बाल्टिक सागर में नार्ड स्ट्रीम वन और नार्ड स्ट्रीम टू गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थीं। इनमें से पहली पाइपलाइन से बीते दिनों में यूरोप को गैस की आपूर्ति होती थी जबकि दूसरी तैयार पाइपलाइन से कभी भी गैस की आपूर्ति नहीं हुई, हालांकि उसमें गैस भरी हुई थी।
मौसम :
1. पश्चिमी विक्षोभ के कारण आकाश में काफी ऊंचाई पर हल्के बादलों की आवाजाही के कारण रात के तापमान में मामूली रूप से बढ़ोत्तरी हो रही है और दिन के तापमान में कमी आ रही है। अगले सात से आठ दिन तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। हवा में नमी की मात्रा बढ़ने के साथ ही धुंध में भी इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग ने नवंबर के दूसरे सप्ताह से धुंध और बढ़ने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में धूप खिलती रहेगी, लेकिन सूरज की तपिश में कमी आ सकती है। इसके कारण तापमान में मामूली उतार चढ़ाव हो सकता है। उन्होंने बताया कि हिमालय पर आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ भी गंगा के मैदानी क्षेत्र में प्रभाव डाल सकता है। इससे बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। रविवार को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कारोबार :
1. ट्विटर अपने प्लेटफॉर्म पर पूरी वैरिफिकेशन प्रोसेस को नया रूप देने पर काम कर रहा है। एक ट्विटर यूजर के सवाल के जवाब में एलन मस्क ने वैरिफिकेशन प्रोसेस को नया रूप देने की जानकारी दी। हालांकि मस्क ने यह नहीं बताया है कि वो किस तरह के बदलावों पर काम कर रहे हैं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि वह वैरिफिकेशन प्रोसेस के लिए फीस वसूल सकते हैं। द वर्ज की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन चार्ज भी बढ़ाने का प्लान बना रहे हैं। इसे 19.99 डॉलर (लगभग 1,650 रुपये) किया जा सकता है। अभी इसका मंथली चार्ज 4.99 डॉलर है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि मस्क ने इन बदलावों के लिए एम्प्लॉइज को 7 नवंबर की डेडलाइन दी है। अगर कर्मचारी इसका पालन नहीं करते हैं तो उन्हें ‘पैक अप एंड लीव’ करना होगा।
News Update :
2. देश की प्रमुख पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने दूसरी तिमाही में घाटा होने की जानकारी दी है। कंपनी को जुलाई-सितंबर में 272.35 करोड़ का घाटा हुआ है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी को 1,992.53 करोड़ का घाटा हुआ था। आईओसी के साथ-साथ अन्य सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने 2022-23 की पहली तिमाही में भारी नुकसान दर्ज किया था। इसकी वजह महंगाई को नियंत्रित करने में सरकार की मदद के लिए पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों में संशोधन नहीं करना है। जानकारी के मुताबिक पिछले साल जुलाई-सितंबर में आईओसी को 6,360.05 करोड़ का मुनाफा हुआ। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल-सितंबर के बीच कंपनी ने 2,264.88 करोड़ रुपए का घाटा दर्ज किया है। पिछले साल समान छमाही में कंपनी को 12,301.42 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। जुलाई-सितंबर में कंपनी का रेवेन्यू 34.9ः बढ़कर 2.28 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह पिछले 1.69 लाख करोड़ रुपये था।
खेल/खिलाड़ी :
1. टी-20 विश्व कप में रविवार को टीम इंडिया साउथ अफ्रीका से 5 विकेट से हार गई। इस नतीजे के बाद सुपर-12 में ग्रुप-2 का समीकरण काफी बदल गया है। अब ग्रुप की 6 में से 5 टीमें अंतिम चार में पहुंचने की होड़ में हैं। चलिए एक-एक कर सभी टीमों की संभावनाओं को जान लेते हैं। नीदरलैंड की टीम रविवार को पाकिस्तान से हार गई। यह तीन मैचों में डच टीम की लगातार तीसरी हार है। वह सेमीफाइनल की होड़ से बाहर होने वाली ग्रुप-2 की पहली टीम बन गई है। रविवार के मुकाबलों से पहले टीम इंडिया ग्रुप-2 में सबसे अच्छी स्थिति में थी। भारत पर जीत के बाद अब इस स्थिति में साउथ अफ्रीका की टीम आ गई है। तीन मैचों से साउथ अफ्रीका के पांच प्वाइंट्स हैं। उसके अब पाकिस्तान और नीदरलैंड से मैच बाकी हैं। दोनों मैच जीतने पर टीम 9 अंक के साथ टेबल टॉपर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। एक मैच में हार के बावजूद भी साउथ अफ्रीका अंतिम चार में पहुंच सकता है। उसका नेट रन रेट 2.772 का है जो ग्रुप में सबसे बेहतर है।
2. रविवार को टी-20 विश्व कप में भारत-साउथ अफ्रीका मैच खासा रोमांचक रहा। एक बॉल पर लगता बाजी इंडिया के हाथ में है तो दूसरी ही बॉल पर खेल बदल जाता। बहरहाल, टीम इंडिया ने इस करीबी मुकाबले को गंवा दिया और इसके जिम्मेदार रहे कप्तान और पूर्व कप्तान। हम बात कर रहे हैं रोहित शर्मा और विराट कोहली की। मैच में एक नहीं, बल्कि तीन ऐसे मौके आए जब रोहित शर्मा और विराट कोहली ने बड़ी गलतियां कीं। अगर इन दोनों प्लेयर्स ने मिलाकर तीन मौके न गंवाए होते तो शायद मैच का नतीजा कुछ और ही होता। हार्दिक पंड्या 9वां ओवर डालने आए। ओवर की पांचवी गेंद लैंथ बॉल थी। साउथ अफ्रीकन बैटर डेविड मिलर ने इसे कवर्स की तरफ खेला और रन लेने के लिए क्रीज से काफी आगे निकल आए। नॉन-स्ट्राइकर एडेन मार्करम भी दौड़ पड़े और आधी पिच तक आ गए। रोहित शर्मा ने बॉल उठाई और नॉन-स्ट्राइकर एंड पर थ्रो किया। रोहित का निशाना सही नहीं था और मार्करम हिफाजत के साथ क्रीज में पहुंच गए। ये सब इतनी तेजी से हुआ कि बॉलर अर्शदीप को फॉलो थ्रू कम्पलीट करके विकेट तक आने का मौका भी नहीं मिल सका।