News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on throughout the day
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 04:16 AM
News Update :
राष्ट्रीय:
आगरा के शाहगंज इलाके में बुधवार तड़के आर. मधुराज हॉस्पिटल में भीषण आग लग गई। हादसे में हॉस्पिटल संचालक डॉ. राजन, उनकी बेटी और बेटे की मौत हो गई। तीनों के शव अग्निशमन विभाग के दमकलकर्मियों ने निकाले। वहीं, ग्राउंड फ्लोर से तीन मरीज और उनके तीमारदारों को भी रेस्क्यू किया गया। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का आज स्थापना दिवस है। साल-1925 में दशहरा के दिन ही महाराष्ट्र के नागपुर में आरएसएस की स्थापना हुई थी। नागपुर के रेशम बाग में संघ का वार्षिक विजयादशमी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने अपने संबोधन में कहा कि शक्ति ही शांति का आधार है। आज आत्मनिर्भर भारत की आहट हो रही है। विश्व में भारत की बात सुनी जा रही है। आत्मा से ही आत्मनिर्भरता आती है। विश्व में हमारी प्रतिष्ठा और साख बढ़ी है। जिस तरह से हमने श्रीलंका की मदद की। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान हमारे रुख से पता चलता है कि हमें सुना जा रहा है।
कश्मीर में गृहमंत्री अमित शाह की रैली में खलल डालने की आतंकवादियों की साजिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया है। शोपियां के द्राच कीगम इलाके में छिपे जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। द्राच शोपियां में मंगलवार की शाम शुरू हुई मुठभेड़ बुधवार की सुबह जैसे ही समाप्त हुई, उसके तुरंत बाद शोपियां के मोलू इलाकों में भी सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। यहां भी दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना है। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ के प्रारंभ में ही एक आतंकी मारा गया है। फिलहाल यहां अभियान जारी है। मारे गए आतंकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।
राजनीति:
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को निष्पक्ष साबित करने की चुनौती से जूझ रही पार्टी ने यह घोषणा तो कर दी है कि मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के नामित उम्मीदवार नहीं हैं। प्रदेश इकाइयों के नाम दिशानिर्देश जारी कर दिया गया है कि खड़गे और थरूर को चुनाव प्रचार में समान सहयोग दें। लेकिन, परोक्ष रूप से यह संदेश भी दिया जा रहा है कि खड़गे ही चहेते उम्मीदवार हैं।
राजस्थान में एक बार फिर से कांग्रेस के बीच सियासी हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी दशहरा बाद ही राजस्थान को लेकर कोई बड़ा निर्णय ले सकती हैं। इन सबके बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खेमे से मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सचिन पायलट से मुलाकात की है। इसके अलग-अलग मायने भी निकाले जा रहे हैं। खाचरियावास लगातार अशोक गहलोत के समर्थन में बोलते रहे हैं। बीच में उन्होंने जबरदस्त तरीके से सचिन पायलट पर निशाना भी साधा था। यही कारण है कि आज दोनों नेताओं की मुलाकात को लेकर चर्चा गर्म है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में खड़गे के शामिल होने की संभावना है। इससे यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि खड़गे को हाईकमान का समर्थन है। कांग्रेस में बदलाव की मांग करते हुए शशि थरूर ने सबसे पहले दावेदारी ठोकी थी। उन्होंने सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद सार्वजनिक रूप से कहा था कि सोनिया ने निष्पक्ष रहने का आश्वासन दिया है।
मुंबई में दशहरे के अवसर पर आज शिवसेना के दोनों धड़े अलग-अलग रैलियां कर अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। जून में बगावत कर उद्धव ठाकरे से सीएम की कुर्सी पर काबिज हुए एकनाथ शिंदे मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित एमएमआरडीए मैदान में रैली करेंगे। वहीं, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मध्य मुंबई स्थित शिवाजी पार्क में परंपरागत रैली में गरजेंगे। इन रैलियों को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं। यह पहला मौका होगा जब उद्धव ठाकरे के पुत्र व शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे पार्टी की दशहरा रैली को संबोधित करेंगे। करीब 10 साल पहले शिवसेना ने इसी रैली से उन्हें सियासी मैदान में उतारा था। स्वास्थ्य कारणों से संभवतः उद्धव ठाकरे इस रैली को संबोधित नहीं करेंगे। शिवसेना के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि इससे पहले आदित्य रैली में मंचासीन होते थे, लेकिन भाषण नहीं देते थे।
News Update :
अंतर्राष्ट्रीय:
रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को खत्म कराने के लिए पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने जेलेंस्की से शत्रुता को खत्म कर बातचीत और कूटनीति के रास्ते पर आगे बढ़ने का आह्वान किया था। हालांकि, जेलेंस्की ने अपने जवाब में कहा है कि मौजूदा स्थिति में वह रूस की मौजूदा सरकार के साथ कोई बातचीत नहीं करेंगे। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन हमेशा बातचीत के पक्ष में रहा है, लेकिन रूस ही वार्ता के लिए तैयार नहीं हुआ और जानबूझकर कूटनीतिक प्रक्रिया को उसने कमजोर किया। दूसरी ओर, रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि शांति स्थापित करने के लिए हम अपने भागीदारों के साथ काम मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।
यूएई के दुबई में जेबेल अली में निर्मित नया हिंदू मंदिर पूरी दुनिया में सुर्खियां बटोर रहा है। खलीज टाइम्स के मुताबिक, यह मंदिर सिंधी गुरु दरबार मंदिर का विस्तार है, जो यूएई के सबसे पुराने हिंदू मंदिरों में से एक है। वर्ष-2020 में यहां 16 देवी-देवताओं की मूर्तियों के साथ मंदिर की नींव रखी गई थी। आज दशहरा के मौके पर मंदिर को आधिकारिक रूप से खोल दिया गया है। यूएई के सहिष्णुता मंत्री हिज हाइनेस शेख नाहयान बिन मुबारक अल नाहयान ने इस हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया। हालांकि इस मंदिर का औपचारिक उद्घाटन एक सितंबर, 2022 को ही हो चुका है।
स्वास्थ्य:
अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि मंकीपाक्स जल्दी खत्म नहीं होने वाला है। बीमारी भले ही धीरे-धीरे फैल रही हो, लेकिन इसका खात्मा जल्दी नहीं होने वाला है। यह जानकारी सेंटर्स फार डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने दी। यह निष्कर्ष हालिया रिपोर्ट में थी। इसी बात को मार्क लिप्सिच ने भी दोहराया है। लिप्सिच एजेंसी में डिजीज फोरकास्टिंग सेंटर में डायरेक्टर हैं। लिप्सिच ने ऐसा नहीं कहा कि मंकीपाक्स बीमारी हमेशा के लिए रहेगी, लेकिन उन्होंने यह चेताया कि अगले कुछ सालों के लिए इसका जोखिम बरकरार रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य देशों के साथ-साथ देश के कई इलाकों में मंकीपाक्स का खतरा है।
खेल/खिलाड़ी:
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए तीन मैचों की टी-20 सीरीज पर रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2-1 से कब्जा किया। बतौर फुलटाइम कप्तान रोहित शर्मा ने लगातार दसवीं सीरीज जीती और भारत की इस जीत में टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का भी योगदान रहा, जिन्हें प्लेयर आफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया। टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ये दूसरा मौका था, जब सूर्यकुमार यादव ने प्लेयर आफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया।
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज बेशक 2-1 से जीत ली, लेकिन इस सीरीज में कप्तान रोहित शर्मा के प्रदर्शन ने निराश किया। प्रोटियाज के खिलाफ रोहित शर्मा तीसरे मैच में डक पर आउट हुए और विराट कोहली का रिकार्ड तोड़ा। वहीं, इस सीरीज के तीन मैचों में दो बार डक पर आउट होकर एक अन्य रिकार्ड भी अपने नाम कर लिया, जो किसी भी भारतीय कप्तान ने नहीं किया था।