News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:25 PM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:25 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. गुजरात विधानसभा चुनावों का आज एलान हो सकता है। सूत्रों की मानें तो चुनाव आयोग द्वारा आज दोपहर तक गुजरात में चुनाव की तारीखों की घोषणा की जा सकती है। सूत्रों की मानें तो यह चुनाव दो चरणों में हो सकता है। दिसंबर को पहले सप्ताह में वोटिंग कराई जा सकती है। अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक एक से दो दिसंबर को पहले चरण और चार से पांच दिसंबर को दूसरे चरण के मतदान हो सकते हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश के साथ ही साथ गुजरात चुनाव के नतीजे भी आठ दिसंबर को घोषित किए जा सकते हैं।
2. गुजरात के मोरबी जिले में केबल ब्रिज गिरने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। शीर्ष अदालत में इसको लेकर एक याचिका दायर की गई है। याचिका में मामले की जांच शुरू करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की देखरेख में एक न्यायिक आयोग के गठन का तुरंत निर्देश देने की मांग की गई है।
3. पिछले सप्ताह 25 अक्टूबर को देश-दुनिया में सूर्य ग्रहण 2022 लगा था और अब चंद्र ग्रहण 2022 की तैयारी शुरू हो गई है। देश-दुनिया के खगोलशास्त्रियों, पुजारियों और ज्योतिषियों के साथ आम लोगों में भी चंद्र ग्रहण को लेकर अभी से खासा उत्साह है। दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में साल का अंतिम चंद्र ग्रहण अगले सप्ताह लगेगा। चंद्र ग्रहण लगने की तारीख होगी 8 नवंबर और दिन होगा मंगलवार। यह ग्रहण शाम को 5 बजे के बाद लगेगा। साल का दूसरी और अंतिम चंद्र ग्रहण 2022 मंगलवार 8 नवंबर को लगेगा और यह कुल 1 घंटा और 95 मिनट का होगा। 8 नवंबर को लगने चंद्र गहण इस साल का अंतिम ग्रहण होगा। ज्योतिषियों का कहना है कि सूर्य ग्रहण की तरह चंद्र ग्रहण का भी व्यापक असर होता है। पूर्णिमा की रात को सूर्य, चंद्रमा व पृथ्वी परिक्रमा करते-करते एक सीध में आ जाते हैं, पृथ्वी के मध्य में होने की वजह से इसकी छाया चंद्रमा पर पड़ती है, जिसकी वजह से चंद्रग्रहण होता है। चंद्रमा पर पृथ्वी की छाया कभी-कभी आकर्षक लाल रंग की नजर आती है तो कभी यह चंद्रमा को पूरी तरह से कवर कर लेती है।
4. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोरबी में हुए पुल हादसे को लेकर गांधीनगर में अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक के दौरान उन्होंने हादसे के बारे में जानकारी ली और घायलों की पूरी मदद करने का निर्देश दिया। पीएम मोदी ने बैठक में दो नवंबर को प्रदेश में राजकीय शोक घोषित करने का भी निर्णय लिया। उन्होंने बचाव एवं राहत प्रयासों में कोई ढिलाई न बरतने का निर्देश दिया।
5. देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद के असारवा स्टेशन से और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर सिटी स्टेशन से उदयपुर-हिम्मतनगर-असारवा गेज परिवर्तन का उद्घाटन करते हुए रेल सेवा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। असारवा में आयोजित समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे। असारवा, अहमदाबाद में आयोजित शुभारंभ समारोह के साथ-साथ उदयपुर से भी इस आमान परिवर्तित रेल लाइन पर नई रेल सेवा का शुभारंभ किया गया। असारवा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज इस परियोजना के पूर्ण होने एवं रेल सेवा के प्रारंभ होने से लाखों लोगों को राहत मिलने जा रही है। दशकों बीत जाने के बाद गेज परिवर्तन का यह कार्य पूर्ण हुआ है। गेज परिवर्तन करने से यह क्षेत्र से संपूर्ण भारत से सीधे जुड़ गया है। ब्रॉड गेज लाइन होने से सामाजिक, आर्थिक परिवर्तन होते हैं, जिससे सभी को लाभ प्राप्त होता है। अहमदाबाद-हिम्मतनगर- उदयपुर ब्रॉड गेज लाइन प्रारंभ होने से अहमदाबाद-दिल्ली के लिए एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा एवं यह क्षेत्र सीधे उत्तर भारत से जुड़ गया है।
6. गुजरात के मोरबी में झूला पुल के टूटने से 134 लोगों की मौत के बाद देश के अन्य राज्यों में बने झूला पुलों के लिए भी खतरे की घंटी बजा दी है। ओडिशा में तो कटक जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए आठगढ़ के प्रसिद्ध शैव पीठ जाने के लिए बने धवलेश्वर झूला पुल को दो दिनों के लिए बंद कर दिया है। उत्तराखंड में भी जिन झूला पुलों की स्थिति अच्छी नहीं है, उन पर प्रशासन पहले से ही लगातार नजर रखे हुए हैं। इसी सतर्कता का नतीजा है कि विश्व प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला पुल को दो वर्ष ही बंद किया जा चुका है। ओडिशा के कटक जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए आठगढ़ के प्रसिद्ध शैव पीठ जाने के लिए बने धवलेश्वर झूला पुल को दो दिनों के लिए बंद कर दिया है। इस अवधि में यहां जांच व मरम्मत के काम होंगे। इसके साथ ही शैव पीठ परिसर में प्रशासन ने अनिश्चित काल के लिए धारा 144 लगा दी है। आठगढ़ के तहसीलदार प्रियव्रत दास ने बताया कि कोलकाता से आए विशेषज्ञों की टीम ने सोमवार को झूला पुल का अध्ययन किया है। उन्होंने पुल की मरम्मत करने की आवश्यकता बताई है।
News Update :
अंतर्राष्ट्रीय:
1. यूरोपीय यूनियन ने रूस से अनुरोध किया है कि वह यूक्रेन से खाद्यान्न निर्यात का समझौता तोड़ने के निर्णय को बदले। इस निर्णय से विश्व में खाद्यान्न संकट का खतरा पैदा हो जाएगा। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के निर्णय को पूरी तरह से क्रूरतापूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से विश्व में भुखमरी की समस्या बढ़ेगी। जबकि यूक्रेन ने कहा है कि खाद्यान्न निर्यात के समझौते से अलग होने का रूस का निर्णय पूर्व नियोजित है। बता दें कि काला सागर में शनिवार को रूसी नौसेना पर यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद रूस ने संयुक्त राष्ट्र के प्रयास से जुलाई में हुआ खाद्यान्न निर्यात समझौता तोड़ने की घोषणा की थी। इसके कारण काला सागर के जरिये यूक्रेनी खाद्यान्न का निर्यात एक बार फिर से रुक गया है। यूक्रेन का समुद्री यातायात केवल काला सागर के जरिये होता है और फरवरी से ही रूसी नौसेना ने पूरे जल क्षेत्र में नाकेबंदी कर रखी है।
2. पिछले दिनों अमेरिकी हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी के पति पॉल पेलोसी पर एक घुसपैठिए ने हथौड़े से हमला किया। यह हमलावर पेलोसी की तलाश कर रहा था और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हमलावर की पहचान 42 वर्षीय डेविड डेपेप के रूप में हुई। इस हमले के दौरान वह स्पीकर पेलोसी को सैन फ्रांसिस्को घर में अपहरण करने के प्रयास में था। जिला अटॉर्नी बु्रक जेनकिंस ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि सैन फ्रांसिस्को सुपीरियर कोर्ट में हमलावर पर कई अलग-अलग मामलों पर आरोप दायर किए गए हैं। इनमें हत्या का प्रयास, घातक हथियार से हमला, चोरी, दुर्व्यवहार और एक सार्वजनिक अधिकारी को धमकी देना शामिल है।
3. अफगानिस्तान में जबसे तालिबान का कब्जा हुआ है, तभी से महिलाओं की आजादी पर प्रतिबंध लग चुका है। तालिबान के राज में महिलाओं के मूल अधिकारों पर प्रतिबंध एक वैश्विक चिंता बन गई है। अफगान महिलाओं ने काबुल में अपने अधिकारों के लिए विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। टोलो न्यूज के मुताबिक, महिलाएं छठी कक्षा से अधिक लड़कियों की पढ़ाई और नौकरी के लिए काबुल के सड़कों पर निकलकर आजादी की मांग कर रही है। महिला प्रदर्शनकारियों ने तालिबान से महिलाओं के लिए काम करने और कक्षा 6 से ऊपर की लड़कियों की शिक्षा की अनुमति देने का आह्वान किया है। गृह मंत्रालय के एक पूर्व कर्मचारी, मारघलारे ने कहा, हम संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से हम पर ध्यान देने और महिलाओं को उनके अधिकारों के उल्लंघन से बचाने का आह्वान करते हैं।
4. रूस ने उत्तरपूर्वी यूक्रेनी शहर खार्किव और चर्कासी में मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमले किए हैं, जिससे कीव की 80 प्रतिशत आबादी को सोमवार को बिजली और पानी की कटौती का सामना करना पड़ रहा है। यूक्रेनी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बता दें कि यह हमला रूस द्वारा अपने काला सागर बेड़े पर ड्रोन हमले के लिए यूक्रेन को दोषी ठहराए जाने के कुछ दिनों बाद हुआ है। राजधानी के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर कहा कि सोमवार को तड़के कीव में धमाकों और हवाई हमले के सायरन की आवाज सुनी गई, जिसके बाद 80 प्रतिशत लोग बिजली और पानी से वंचित हो गए। सीएनएन ने क्लिट्स्को का हवाला देते हुए कहा कि यूक्रेन के लोगों को पानी की गंभीर कमी का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य:
1. कोरोना महामारी से अब भी ऐसे कई देश हैं, जो उबर नहीं पाए हैं। चीन भी उसी देश में से एक है। यहां अब तक सख्त लॉकडाउन लागू है और लोगों को घरों में कैद रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसा ही हाल कुछ मकाऊ देश का भी हो रखा है। पिछले हफ्ते कोरोना के मामले बढ़ने के बाद मंगलवार को 700,000 निवासियों का कोरोना टेस्ट कराया गया। अधिकारियों को देश के प्रमुख कैसीनों को भी सील करने का आदेश दे दिया है, जिसमें 1500 लोग अंदर ही बंद रहने को मजबूर हैं। मकाऊ, दुनिया का सबसे बड़ा जुआ केंद्र है और मंगलवार को यहां के निवासियों को पीसीआर टेस्ट कराने और प्रतिदिन रेपिड एनटीजेन टेस्ट कराने का आदेश दिया है। अधिकारियों को यकीन है कि एक दिन निवासियों का कोरोना टेस्ट पूरा किया जा सकता है। अधिकारियों ने एमजीएम चीन के कोटाई कैसीनों को बंद कर दिया है। इसके अलावा कैसीनों में मौजूद स्टाफ और मेहमानों को तीन दिन तक अंदर रहने का आदेश सुनाया गया है। इन्हें कब बाहर निकाला जाएगा, इसकी जानकारी अब तक नहीं दी गई है।
मौसम:
1. देशभर के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों में ठंड के बीच बारिश के आसार हैं। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज एक नवंबर को तमिलनाडु, केरल सहित 5 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। भारी बारिश को देखते हुए तमिलनाडु के कई जिलों में स्कूल कालेज बंद कर दिए गए है। राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कारोबार:
1. एलपीजी उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में एक बार फिर कटौती की है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर आज से 115 रुपये तक सस्ता हो गया है। घरेलू सिलेंडर के दामों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इंडियन ऑयल द्वारा मंगलवार 1 नवंबर को एलपीजी के नए रेट जारी किए गए हैं। इसके मुताबिक आज से दिल्ली में इंडेन के 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115.5 रुपये, कोलकाता में 113 रुपये, मुंबई में 115.5 रुपये और चेन्नई में 116.5 रुपये की कटौती की गई है। घरेलू सिलेंडर की कीमतों में 6 जुलाई 2022 के बाद से कोई बदलाव नहीं हुआ है।
खेल/खिलाड़ी:
1. टी-20 विश्व कप 2022 में टीम इंडिया अब तक तीन ग्रुप मैच खेल चुकी है, जिसमें उसे दो में हार तो एक में जीत मिली है। दो मैचों मे जीत दर्ज करते हुए भारतीय टीम इस वक्त 4 अंक के साथ अंकतालिका में दूसरे नंबर पर है। पहले नंबर पर अभी 5 अंक के साथ साउथ अफ्रीका मौजूद है। वहीं, इस वक्त बांग्लादेश के भी 4 अंक हैं और ये टीम भी सेमीफाइनल की होड़ में बनी हुई है। ऐसे में बांग्लादेश की टीम की कोशिश होगी कि वो भारतीय टीम को चौंकाने का प्रयास करे। वहीं, भारत इस मैच में कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा। मैच को जीतकर अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगे।
2. बांग्लादेश के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि अगले मैच में केएल राहुल और रविचंद्रन अश्विन की जगह रिषभ पंत और युजवेंद्र सिंह चहल को मौका दिया जाए। अगर दिनेश कार्तिक मैच के लिए फिट नहीं है तो टीम दीपक हुड्डा के साथ भी जा सकती है। युजवेंद्र चहल विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, अगर वह दो-तीन विकेट निकालकर कुछ रन खर्च भी करते हैं तो टीम को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। टीम को कुछ कठिन निर्णय लेने पड़ सकते हैं। टीम को आगे बढ़ने के बारे में सोचना होगा।