News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:34 AM
राष्ट्रीय :
1. सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से फिर शुरू हुई। यात्रा में फिल्म अभिनेत्री व निर्माता पूजा भट्ट भी कुछ देर के लिए शरीक हुईं। भारत जोड़ो यात्रा का आज 56 वां दिन है। तेलंगाना में यह पिछले करीब एक सप्ताह से भ्रमण कर रही है। इससे पहले अभिनेत्री पूनम कौर भी राहुल गांधी के साथ यात्रा में शरीक हुई थीं। राहुल गांधी और पूनम कौर की एक तस्वीर भी वायरल हुई थी, जिसमें दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए नजर आ रहे थे। इस तस्वीर को लेकर सियासत गरमा गई थी। कर्नाटक भाजपा की नेता प्रीति गांधी ने तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा था ‘अपने परदादा के पदचिह्नों पर चलते हुए!’ इस ट्वीट को लेकर प्रीति गांधी की कड़ी आलोचना हुई थी। राहुल गांधी ने मंगलवार को हैदराबाद की पहचान चार मीनार के सामने तिरंगा फहराया था। करीब 32 साल पहले उनके पिता और तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष राजीव गांधी ने भी उसी स्थान से ‘सद्भावना यात्रा’ की शुरुआत की थी। राहुल गांधी ने जब राष्ट्रीय ध्वज फहराया, तब कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, वरिष्ठ पार्टी नेता दिग्विजय सिंह, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष रेवंथ रेड्डी भी मौजूद थे। राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो’ के नारे और सड़क किनारे खड़ी भीड़ के बीच चारमीनार पहुंचे। इस दौरान चारमीनार जाने वाली सड़कों पर बड़ी संख्या में पार्टी के झंडे के साथ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
News Update :
2. मोरबी पुल हादसे में 135 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी भी आपको लगता है कि यह पुल अचानक गिर गया, तो आप गलत हैं। इस दर्दनाक हादसे की स्क्रिप्ट तो दो साल पहले ही लिख दी गई थी, लेकिन लापरवाह अधिकारियों की नींद ही नहीं टूटी और नतीजा देश के सामने है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुल के रखरखाव और मरम्मत का काम देखने वाली ओरेवा कंपनी का जनवरी, 2020 का लेटर सामने आया है। यह लेटर मोरबी जिला कलेक्टर को लिखा गया था। इसमें कहा गया है कि हम पुल की अस्थायी मरम्मत करके इसके खोल देंगे। इस पत्र के बाद भी अधिकारी शांत बैठे रहे और इतना बड़ा हादसा हो गया। जनवरी, 2020 के इस पत्र में ऐसी बातें सामने आई हैं, जिनसे पता चलता है कि पुल के ठेके को लेकर कंपनी और जिला प्रशासन के बीच एक लड़ाई चल रही थी। पत्र से पता चलता है कि ओरेवा ग्रुप पुल के रखरखाव के लिए एक स्थायी अनुबंध चाहता था। समूह ने कहा था कि जब तक उन्हें स्थायी ठेका नहीं दिया जाता, तब तक वे पुल पर अस्थायी मरम्मत का काम ही करते रहेंगे। इसमें यह भी कहा गया है कि ओरेवा फर्म पुल की मरम्मत के लिए सामग्री का ऑर्डर नहीं देगी और वे अपनी मांग पूरी होने के बाद ही पूरा काम करेंगे।
3. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उच्चस्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री ने विशेष जांच समिति को निष्पक्ष एवं तटस्थ जांच करने के निर्देश दिए और कहा कि जांच में कोई नेता व अधिकारी हस्तक्षेप न करे। मोरबी के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुई इस बैठक में विशेष जांच दल के सदस्य भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने साथ ही कहा कि इस जांच में मिली प्रमुख सीखों को जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने हादसे में अनाथ हुए बच्चों एवं बेसहारा बुजुर्गों की देखभाल के निर्देश के साथ घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था के भी निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि वे पीड़ित परिवारों के संपर्क में रहें और सुनिश्चित करें कि दुख की इस घड़ी में उन्हें हरसंभव सहायता मिले।
4. एक भारत, श्रेष्ठ भारत के तहत काशी में तमिल समागम का शुभारंभ 17 नवंबर से होगा। एक माह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की संभावना है। इससे पूर्व चार नवंबर को केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान काशी हिंदू विश्वविद्यालय में तमिल समागम की अब तक की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने कमिश्नरी सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान इसके संकेत दिए और अधिकारियों को इसकी तैयारी में अभी से जुटने का भी निर्देश दिया। प्रधानमंत्री की एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार रूप देने के लिए उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु प्रदेश के बीच सांस्कृतिक, धार्मिक, औद्योगिक, खानपान, शिक्षा, मेडिकल, कृषि सहित अन्य सभी क्षेत्रों की संस्कृति व सभ्यता का आदान-प्रदान के दृष्टिगत इस कार्यक्रम का आयोजन यहां हो रहा है। एक माह तक चलने वाले तमिलनाडु समागम के लिए भारत सरकार के एजुकेशन डिपार्टमेंट नोडल है।
News Update :
5. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को सोशल मीडिया पर लगातार धमकियां मिल रही हैं। अमृता के खिलाफ पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर अभद्र और अश्लील टिप्पणी की जा चुकी है। इसी को देखते हुए अब अमृता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अमृता के साथ अब 24 घंटे सशस्त्र सिपाही तैनात रहेंगे। अमृता को अब वाई प्लस क्षेणी की सिक्योरिटी प्रदान की गई है। इससे पहले उन्हें एक्स क्षेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी। अब जब भी अमृता अपनी कार के साथ बाहर निकलेगी तो उनके साथ ट्रैफिक क्लीयरेंस व्हीकल भी साथ चलेगा। ट्रैफिक क्लीयरेंस व्हीकल, वो वाहन है जो यात्रा के दौरान अमृता के लिए ट्रैफिक क्लियर करता रहेगा। बता दें कि एस्कॉर्ट श्रेणी के साथ वाई प्लस केटेगरी की सिक्योरिटी में एक एस्कॉर्ट वाहन 24 घंटे पांच पुलिसकर्मी की सुरक्षा के साथ मौजूद रहता है। महाराष्ट्र सरकार ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के 41 विधायकों और 10 सांसदों को भी वाई प्लस सुरक्षा जारी रखने का फैसला किया है। यह फैसला खुफिया विभाग से मिली जानकारी के आधार पर लिया गया। राज्य पुलिस ने पिछले सप्ताह एक समीक्षा बैठक की थी।
6. धनबाद के प्रीमियर टेक क्रैडल आईआईटी आईएसएम ने स्टूडेंट मोबिलिटी, अकादमिक आदान-प्रदान और श्रम एवं रोजगार के मुद्दों से संबंधित सहयोगी अनुसंधान के लिए वीवी गिरी राष्ट्रीय श्रम संस्थान नोएडा के साथ हाथ मिलाया। संस्थान के कांफ्रेंस हाल में निदेशक प्रो. राजीव शेखर एवं सहायक प्रोफेसर मैकेनिकल इंजीनियरिंग सह समन्वयक इनोवेशन प्रो. अजीत कुमार ने संयुक्त अनुसंधान, संगोष्ठी व कार्यशाला के आयोजन, रिसर्च स्कालर के सुपरविजन, संकायों के आदान-प्रदान, पुस्तकालय संसाधनों को साझा करना और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया। निदेशक ने कहा कि सहकारी सामाजिक अनुसंधान परियोजनाएं दोनों संस्थान संयुक्त रूप से करेंगे। दोनों सहयोगी संस्थान विशेष रूप से सेमिनार और कार्यशालाओं का आयोजन कर विभिन्न श्रम और रोजगार के मुद्दों की संभावनाओं और चुनौतियों को उजागर और प्रसारित करेंगे। प्रो. अजीत कुमार ने दोनों संस्थानों के एमओयू के अनुसार की जाने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। इसके अंतर्गत हम अनुसंधान के साथ ही सुपरविजन की सुविधा भी प्रदान करेंगे। दोनों संस्थानों के छात्रों को एक-दूसरे संस्थानों में इंटर्नशिप की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा दोनों संस्थानों के पुस्तकालय संसाधनों को भी साझा किया जाएगा।
7. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा से मुलाकात की। सुजीत मुंडा ने बताया कि 4 दिसंबर से 17 दिसंबर 2022 तक आयोजित होने वाले ब्लाइंड क्रिकेट टी-20 विश्व कप के लिए उनका चयन टीम इंडिया में हुआ है। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा को ब्लाइंड टी-20 विश्व कप में अच्छे प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही सुजीत मुंडा को क्रिकेट किट भी प्रदान किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा को रांची में जमीन तथा उस पर घर बनाने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुजीत मुंडा के बच्चों की पढ़ाई का पूरा जिम्मा उठाएगी। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले यह राज्य सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। नई खेल नीति के तहत स्कालरशिप एवं कैश अवार्ड का प्रावधान है, इसका लाभ देने का निर्देश भी दिया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. उत्तर कोरिया ने एक बार फिर मिसाइल दागी है। दक्षिण कोरिया के साथ अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास की आलोचना के बाद उत्तर कोरिया ने बुधवार को एक-एक कर 10 मिसाइलें दागी हैं। इनमें से एक मिसाइल दक्षिण कोरिया के पास गिरी है। मिसाइल दागे जाने के बाद दक्षिण कोरिया की टेंशन बढ़ गई है। दक्षिण कोरिया ने अपने पूर्वी द्वीप पर हवाई हमले का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि इससे पहले उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के साथ अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास की आलोचना की थी। उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया और अमेरिका को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी है। उत्तर कोरिया द्वारा मिसाइल दागे जाने के बाद दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने एक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया कि उत्तर कोरिया ने बुधवार सुबह पूर्वी तटीय क्षेत्र वॉनसन से मिसाइल दागी।
2. बेंजामिन नेतन्याहू एक बार फिर इजरायल के प्रधानमंत्री बन सकते हैं। इजरायल में हुए आम चुनाव के बाद हुए एग्जिट पोल में नेतन्याहू के पीएम बनने का अनुमान जताया गया है। पूर्व पीएम नेतन्याहू भी खुद अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बड़ी जीत की ओर है। गौरतलब है कि इजरायल में चार वर्षों से भी कम समय में पांचवीं बार आम चुनाव कराए जा रहे हैं। यरुशलम में अपनी लिकुड पार्टी के चुनाव मुख्यालय में नेतन्याहू ने समर्थकों से कहा कि हमने इजरायल के लोगों से भारी विश्वास हासिल किया है। हम बड़ी जीत की ओर हैं। इजरायल में वोटिंग के बाद हुए टीवी चैनलों के एग्जिट पोल में नेतन्याहू की जीत का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल के अनुसार, नेतन्याहू समर्थित दल नेसेट की 120 सीटों में से 62 सीटों पर कब्जा कर सकते हैं। हालांकि, अंतिम परिणाम आने में एक हफ्ते का समय लग सकता है।
News Update :
3. नागरिकता (संशोधन) अधिनियम को लेकर बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्री हसन महमूद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सीएए भारत का आंतरिक मामला है। उन्होंने प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में मीडिया से बातचीत के दौरान ये बयान दिया। बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्री हसन महमूद ने कहा कि सीएए भारत का आंतरिक मामला है। सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। यह कानूनी मामला है। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता। उनका ये बयान ऐसे वक्त में आया है, जब भारत की सुप्रीम कोर्ट सीएए को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर 6 दिसंबर को सुनवाई करेगा। बांग्लादेश के मंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले सितंबर में मैं इस प्रेस क्लब में बंगबंधु मीडिया सेंटर का उद्घाटन करने आया था। यह प्रेस क्लब ऑफ इंडिया द्वारा की गई एक भव्य पहल थी और यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात थी। यह एक ऐतिहासिक प्रेस क्लब है।
4. सऊदी अरब ने अमेरिका को चेताया है कि ईरान एक बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। ईरान के निशाने पर सऊदी अरब है। ईरान द्वारा खुफिया जानकारी साझा करने के बाद अमेरिका की खाड़ी देशों में तैनात अमेरिका की सेना को सर्तक कर दिया गया है। इस खुफिया रिपोर्ट की पुष्टि अमेरिका और सऊदी के अधिकारियों ने की है। अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद सऊदी अरब, अमेरिका और कई अन्य पड़ोसी देशों ने अपने सैन्य बलों के लिए सतर्कता का स्तर बढ़ा दिया है। सऊदी अरब की ओर से खुफिया जानकारी की पुष्टि तो हो गई है। हालांकि, इस रिपोर्ट को साझा नहीं किया गया है। अधिकारियों ने ये नहीं बताया कि आखिर पूरी रिपोर्ट कहती क्या है? ईरान के हालात इस समय ठीक नहीं हैं। पिछले कई महीनों से वहां हिजाब को लेकर महिलाएं विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। इस प्रदर्शन के दौरान कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। सऊदी अरब के अधिकारियों का कहना है कि देश में चल रहे भारी प्रदर्शन से लोगों का ध्घ्यान हटाने के लिए ईरान सऊदी और इराक को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा है।
5. दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर में एक बार फिर कैदियों का तांडव देखने को मिला है। कैदियों के स्थानांतरण के दौरान एक विस्फोटक हमले में इक्वाडोर के कम से कम पांच पुलिस अधिकारी मारे गए हैं। जिसके बाद इक्वाडोर के राष्ट्रपति गुइलेर्मो लासो ने दो प्रांतों में आपातकाल की स्थिति की घोषणा की है। राष्ट्रपति गुइलेर्मो लासो ने इस घटना के लिए ड्रग गैंग को दोषी ठहराया है। राष्ट्रपति के मुताबिक, ग्वायाकिल और एस्मेराल्डास में कल रात और आज के बीच जो हुआ, वह स्पष्ट रूप से उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हम इन लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करेंगे। जिससे इस बढ़ती हिंसा पर रोक लगाई जा सके।
मौसम :
1. उत्तर भारत में जहां ठंड ने दस्तक दे दी है, वहीं तमिलनाडु सहित दक्षिण भारत के कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। पहाड़ी इलाकों में भी जमकर बर्फबारी हो रही है। नई दिल्ली में सुबह के वक्त कोहरा देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का कहर देखने को मिल रहा है। आज सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स 370 के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तीन और चार नवंबर को सुबह के वक्त कोहरा छाया रहेगा, जबकि 5 से 7 नवंबर तक बादल छाए रहेंगे। तमिलनाडु में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। चेन्नई का हाल तो और भी बुरा है। भारी बारिश के कारण चेन्नई समेत रानीपेट, तिरुवल्लूर, वेल्लोर, कांजीपुरम, विलुपुरम और चेंगलपट्टू में स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।
2. धीमी हवा चलने और पंजाब में पराली जलाए जाने के मामले बढ़ने के बीच वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में आ जाने के कारण दिल्ली में धुंध और धुएं की परत छाई रही और दृश्यता स्तर कम रहा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ‘नासा’ के उपग्रह से ली गई तस्वीरों में कई लाल निशान दिख रहे हैं, जो पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में पराली जलाए जाने के मामलों को दर्शाते हैं। पूर्वी पाकिस्तान से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सिंधु-गंगा के मैदानों के विशाल क्षेत्रों में धुंध की एक परत दिखाई दे रही है। कई क्षेत्रों में पीएम 2.5 यानी फेफड़ों को नुकसान पहुंचाने वाले सूक्ष्म कणों की सांद्रता 450 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक रही, जो 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की सुरक्षित सीमा से लगभग आठ गुना अधिक है। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि हवा की धीमी गति और रात में कम तापमान के कारण प्रदूषकों का संचय हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण चार नवंबर से नमी बढ़ सकती है तथा हवा की गति और कम हो सकती है। अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों के बीच दिल्ली का एयर इंडेक्स बहुत खराब श्रेणी में बना रहेगा।
कारोबार :
1. नागपुर में निवेश को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की चिट्ठी पर टाटा ग्रुप की ओर से जवाब दिया गया है। चिट्ठी में कहा गया है कि ‘हम साथ देने के लिए तैयार हैं।’ यह चिट्ठी टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की ओर से केंद्रीय मंत्री को लिखी गई है। दरअसल, निवेश को लेकर इस वक्त महाराष्ट्र और गुजरात आमने-सामने हैं। इसका कारण हाल ही में दो मेगा प्रोजेक्ट महाराष्ट्र से गुजरात की झोली में चले जाना है। इसके बाद से सियासी घमासान जारी है। दोनों राज्यों के बीच तनातनी ओर विपक्ष की ओर से महाराष्ट्र सरकार पर लगाए गए आरोपों के बीच नितिन गडकरी ने सात अक्टूबर को टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के नाम चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने लिखा कि स्टील, ऑटो, उपभोक्ता उत्पाद, आईटी सेवाओं और विमानन जैसे कारोबारों में काम करने वाली कंपनियां नागपुर में निवेश कर सकती हैं। यहां जमीन की कोई कमी नहीं है। बता दें कि चिप निर्माण को लेकर फॉक्सकॉन-वेदांता के बीच 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करार हुआ है। वहीं, 22 हजार करोड़ रुपये की विमान निर्माण परियोजना के लिए टाटा समूह ने एयरबस के साथ करार किया है। गडकरी की चिट्टी के बाद टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने 19 अक्टूबर को जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि हमारी टीम निश्चित रूप से विदर्भ आर्थिक विकास परिषद (वीईडीसी) के साथ संपर्क में है। हम नए निवेश के अवसरों का मूल्यांकन कर रहे हैं।
News Update :
2. ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने ट्विटर पर ‘ब्लू टिक’ की कीमतों को लेकर बड़ा एलान कर दिया है। एलन मस्क ने घोषणा की है कि ट्विटर पर ‘ब्लू टिक’ की कीमत 8 डॉलर प्रति माह होगी। भारतीय रुपये में 660.63 रुपये अब ‘ब्लू टिक’ के लिए चुकाने होंगे। एलन मस्क ने ट्वीट कर दी जानकारी एलन मस्क के अनुसार, ट्विटर पर ‘ब्लू टिक’ की कीमत 8 डॉलर प्रति माह होगी। जिसे भारतीय रुपये में 660.63 रुपये में ‘ब्लू टिक’ के लिए चुकाने होंगे। इससे पहले यह जानकारी सामने आई थी कि ट्विटर पर ब्लू टिक प्रक्रिया में बदलाव होने वाला है। जिसके तहत उपयोगकर्ताओं को ब्लू टिक के लिए 1600 रुपये से अधिक चुकाने की बात सामने आई थी। इसमें यूजर को कई नए फीचर और ट्वीट्स को एडिट करने की बात सामने आई थी। बता दें कि दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने हाल ही में ट्विटर को खरीद लिया था। जिसके बाद उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि अब चिड़िया मुक्त हो गई है।
खेल/खिलाड़ी :
1. टीम इंडिया जब बांग्लादेश के खिलाफ एडिलेड के मैदान पर मस्ट विन मैच में उतरेगी तो इस मैच में विराट कोहली के पास एक रिकॉर्ड को अपने नाम करने का मौका होगा। बैक टू बैक फिफ्टी लगाने के बाद विराट कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में ज्यादा कुछ नहीं कर पाए थे। साउथ अफ्रीका की पेस अटैक के सामने विराट केवल 12 रन बनाकर आउट हो गए थे। बांग्लादेश के खिलाफ विराट कोहली के पास टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने के रिकॉर्ड को अपने नाम करने का मौका है। वर्तमान में टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक रन श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज महेला जयवर्धने के नाम है। उनके नाम वर्तमान में 1,016 रन है, जबकि विराट अब तक 1,001 रन है और वह केवल 16 रन दूर हैं। बांग्लादेश के खिलाफ 16 रन बनाते ही विराट कोहली टी-20 विश्व कप में रन बनाने के मामले में जयवर्धने से आगे निकल जाएंगे।
2. पिछले तीन मैचों में 22 रन बनाकर आलोचना का शिकार हो रहे भारतीय ओपनर केएल राहुल को विराट ज्ञान मिला। शायद इसके बाद वह बुधवार को बांग्लादेश के विरुद्ध होने वाले टी-20 विश्व कप मुकाबले में कुछ अच्छा कर पाएं। खराब प्रदर्शन के बावजूद राहुल का रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करना तय है। पिछले तीन साल से आलोचना झेल रहे पूर्व कप्तान विराट कोहली एशिया कप से फार्म में लौट आए हैं। उन्होंने वहां अफगानिस्तान के विरुद्ध शतक मारने के बाद यहां टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के विरुद्ध नाबाद 82 रनों की पारी खेलकर टीम को अहम जीत दिलाई थी। नीदरलैंड्स के विरुद्ध भी विराट ने अर्धशतक मारा था। भारतीय टीम में राहुल की जगह पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर लगातार उन पर काम कर रहे हैं। मंगलवार को एडिलेड ओवल स्टेडियम में वर्षा के कारण टीम को इंडोर अभ्यास के लिए मजबूर होना पड़ा। वैकल्पिक अभ्यास में विराट, केएल, दिनेश कार्तिक, हर्षल पटेल, अक्षर पटेल और दीपक हुड्डा अभ्यास के लिए पहुंचे। जब केएल नेट पर बल्लेबाजी के लिए आए तो विराट अंपायर की जगह पर खड़े हो गए। बल्लेबाजी कोच केएल को थ्रोडाउन कराने लगे। बल्लेबाजी करते समय केएल का बायां पैर यानी फ्रंट फुट बहुत जल्द बाहर आ रहा था। उनका आगे का पैर तिरछा खुल रहा था। वह आफ स्टंप की ओर एक्रास द लाइन जा रहे थे।