News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
Election Commission of India
भारत
चेतना मंच
03 Nov 2022 03:45 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. गुजरात विधानसभा चुनावों का आज एलान होगा। दोपहर 12 बजे चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इसी कॉन्फ्रेंस में गुजरात चुनाव की तारीखों की जानकारी दी जाएगी। गुजरात में चुनाव दो चरणों में हो सकते हैं। दिसंबर को पहले सप्ताह में वोटिंग कराई जा सकती है। गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 2017 में अपनाई गई परंपरा का हवाला देते हुए पिछले महीने हिमाचल प्रदेश चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ गुजरात चुनाव कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। हिमाचल प्रदेश में एक ही चरण में 12 नवंबर को चुनाव होंगे और मतगणना आठ दिसंबर को की जाएगी। गुजरात में पिछली बार दो चरणों में चुनाव हुए थे। 25 अक्टूबर 2017 को चुनाव तारीखों का एलान हुआ। पहले चरण के लिए 14 नवंबर को अधिसूचना जारी हुई थी और दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को। पहले चरण का चुनाव नौ दिसंबर 2017 और दूसरे चरण का चुनाव 14 दिसंबर को नतीजे आए थे। पहले चरण में 89 और दूसरे चरण में 93 सीटों पर वोटिंग हुई थी।
2. देश में आज 6 राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा और हरियाणा की सात विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। जिन विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें मोकामा और गोपालगंज, अंधेरी ईस्ट, गोला गोकर्णनाथ, धामनगर, आदमपुर और मुनुगोडे शामिल है। इन सीटों पर गुरुवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया था। शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। बता दें कि नतीजों की घोषणा 6 नवंबर को होगी।
3. वृंदावन में गार्डन गेस्ट हाउस के गोदाम में गुरुवार की भोर में आग लग गई। इसमें आग बुझाने पहुंचे दो कर्मचारियों की आग की चपेट में आकर मृत्यु हो गई। मथुरा मार्ग स्थित बसेरा ग्रुप के वृंदावन गार्डन गेस्ट हाउस की ऊपरी मंजिल पर स्थित गोदाम में सुबह करीब पांच बजे आग की लपटें उठती दिखाई दीं, तो कर्मचारी चीख पड़े। कार्तिक महीने का अंतिम दौर होने और देवोत्थान एकादशी के लिए गेस्ट हाउस में श्रद्धालु भी थे। ऐसे में स्टाफ और श्रद्धालुओं में खलबली मच गई। पुलिस की सूचना पर पहुंची दमकल ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। आग लगने की घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद हो सकेगा। गेस्ट हाउस में जिस मंजिल में आग लगी है। उसमें नीचे रेस्टोरेंट था। जिस वक्त घटना गेस्ट हाउस फुल था। गनीमत थी, जिसमे यात्री ठहरे हैं, वो इसके पड़ोस में दूसरा ब्लॉक है। आग की चपेट में आकर गेस्ट हाउस के कर्मचारी उमेश निवासी मांट मथुरा और वीरी सिंह निवासी कासगंज की मृत्यु हो गई है।
4. सीआईडी पुलिस ने गुरुवार सुबह पूर्व मंत्री और तेलुगु देशम पार्टी के वरिष्ठ नेता चिंताकायाला अय्यना पत्रुडु और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार सीआईडी अधिकारियों ने अय्याना पत्रुडु को धारा 50ए के तहत नोटिस जारी कर उन्हें और उनके बेटे राजेश को हिरासत में लिया है। पूर्व मंत्री की पत्नी ने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी के सत्ता में आने के बाद राज्य में उत्पीड़न बढ़ गया है। अय्याना पत्रुडू के खिलाफ उनके घर की परिसर की दीवार को गिराने से संबंधित हाईकोर्ट में जाली दस्तावेज जमा करने के लिए विभिन्न धाराओं के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज किया गया था। उसे जल्द ही एलुरु की एक अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में ही सीआइडी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है।
5. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर अब सियासत शुरु हो गई है। दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी जंग जारी है। इस बीच केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्विटर पर एक साथ कई ट्वीट किए। जिसके जरिए उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पर हमला बोला है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कुछ आकंड़े जारी करते हुए आम आदमी पार्टी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार को दिल्ली को गैस चैंबर में बदलने के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि अभी तक आप सरकार द्वारा संचालित राज्य पंजाब में 2021 में पराली जलाने के मामले में 19 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है, जबकि हरियाणा जहां भाजपा सत्ता में काबिज है, वहां इसी अवधि के दौरान पराली जलाने में 30.6 फीसद की गिरावट देखने को मिली है। भूपेंद्र यादव ने कहा कि आज ही के दिन पंजाब में 3,634 आग लगने के मामले सामने आए हैं। दिल्ली को गैस चैंबर किसने बना दिया है, इस पर कोई शक नहीं है, लेकिन आश्चर्य है कि कैसे? उन्होंने कहा कि घोटाला वहीं है, जहां आप है। पिछले 5 सालों में केंद्र सरकार ने पंजाब को फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों के लिए 1,347 करोड़ रुपये दिए। राज्य ने 1,20,000 मशीनें खरीदीं। इनमें से 11,275 मशीनें गायब हो गई हैं। धन का उपयोग स्पष्ट अक्षमता को दर्शाता है।
6. हल्द्वानी से सटी फतेहपुर रेंज में उत्तराखंड का सबसे बड़ा टाइगर ट्रैंकुलाइज अभियान अब समाप्ति की ओर पहुंच चुका है। कार्बेट से मंगाए हाथी अब वापस लौटेंगे। वन विभाग का कहना है कि जून के बाद से अब तक हमले का कोई मामला सामने नहीं आया है। अभियान पर लाखों रुपये भी खर्च हो चुके हैं। कई रेंजों के वनकर्मी यहां जुटाने पड़ रहे थे। इसलिए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को पत्र भेज अभियान खत्म करने की अनुमति मांगी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से रेंज टीम अलर्ट मोड पर ही रहेगी। समय अवधि के हिसाब से यह राज्य का सबसे लंबा अभियान पहले ही साबित हो चुका है। इससे पूर्व 2016 में रामनगर में नरभक्षी बाघिन को ढेर करने को 44 दिन तक अभियान चला था। पिछले साल 29 दिसंबर को दमुवाढूंगा से सटे जंगल में एक युवक की वन्यजीव के हमले में मौत हुई थी। उसके बाद से यह सिलसिला बढ़ता गया। 16 जून तक सात लोगों की जान चली गई। सभी घटनाएं घने जंगल में हुई थी। मवेशियों के लिए चारा और सूखी लकड़ी के चक्कर में लोग जंगल जाते थे। जिसके बाद अपनी जान गंवा बैठे। शरीर पर मिले जख्मों और घटनास्थल की जांच से साफ हो गया था कि हमले के पीछे बाघ का हाथ है।
7. राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर हालात बिगड़ते जा रहे हैं। दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक में लगातार इजाफा होना जारी है। दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार को एक्यूआई 400 के पार यानी गंभीर श्रेणी में जा सकता है। सफर इंडिया के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में नोएडा शहर की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है, यहां पर एक्यूआई 393 पहुंच गया है। इसके अलावा बृहस्पतिवार को ही दिल्ली से सटे गुरुग्राम दिल्ली एयर पोर्ट के करीब वायु प्रदूषण बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। इस बीच वायु प्रदूषण के मुद्दे पर राजनीति भी शुरू हो गई है। दिल्ली के दिग्गज भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल वायु प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति के मद्देनजर बृहस्पतिवार को जंतर मंतर पर धरने देंगे। भाजपा नेता के साथ अन्य नेता और पार्टी नेता भी शामिल होंगे। उधर, दिल्ली में वायु प्रदूषण के लिए अरविंद केजरीवाल केंद्र में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हमलवार हैं। अरविंद केजरीवाल का कहना है कि वायु प्रदूषण केवल दिल्ली की नहीं पूरे उत्तर भारत की समस्या है। दुखद है कि प्रदूषण पर केवल राजनीति हो रही है, ऐसा नहीं होना चाहिए।
राजनीति:
1. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम के प्रखंडों एवं पंचायत स्तर तक सफल आयोजन को लेकर विधानसभा प्रभारी, जिलाध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता आदि के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान उन्होंने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी पंचायतों और मतदान केंद्रों तक यात्रा पहुंचे और इसके लिए सभी प्रभारियों से पहले रूट चार्ट मुख्यालय भेजने को कहा है। कार्यक्रम का संचालन सोशल मीडिया के प्रदेश चेयरमैन गजेन्द्र सिंह ने किया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने विधानसभा प्रभारियों को निर्देश दिया कि अविलंब अपने क्षेत्र के प्रखंड अध्यक्षों के साथ-साथ जिलाध्यक्ष एवं जिला संयोजकों से समन्वय स्थापित करते हुए भारत जोड़ो यात्रा का रूर्टचार्ट निर्धारित कर प्रदेश कार्यालय को समर्पित करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि तीन नवम्बर से शुरू होनेवाला पदयात्रा कार्यक्रम आपके विधानसभा के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में जारी रहे। भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक सुबोधकांत सहाय ने कहा कि इसके उद्देश्यों को हमें बूथ स्तर तक एक-एक व्यक्ति तक पहुंचाना है।
अंतर्राष्ट्रीय:
1. रूसी सैन्य बलों द्वारा यूक्रेन पर 24 फरवरी को हमला के बाद से अब तक यूक्रेन में एक करोड़ 40 लाख लोग अपना घर छोड़ने पर मजबूर हुए हैं। इनमें से 63 लाख से अधिक लोग देश की सीमाओं के भीतर ही विस्थापित हुए हैं। यूएन शरणार्थी एजेंसी के प्रमुख फिलिपो ग्रैण्डी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सर्दियों का मौसम जल्द ही हमारे सामने होगा और यह कठिनाई भरा समय साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में सर्दियां कड़ाके की पड़ती है, जो शरणार्थियों के लिए बहुत कठिनाई भरी हो सकती है। हमें हरसम्भव प्रयास करने होंगे ताकि पहले से ही अपने जीवन में कठिनाई सह रहे लोगों के लिये ठण्ड को चुनौती बनने से रोका जा सके। यूएन शरणार्शी एजेंसी ने आगाह किया कि लोग अपने क्षतिग्रस्त घरों को फिर से खड़ा करने, अपने परिवार से फिर मिलने और कई महीने से जारी युद्ध के सदमे से उबरने के लिये संघर्ष कर रहे हैं। उनके रोजगार व आय का स्रोत खत्म हो गया है, जबकि अति-आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं। ईंधन और उन्हें तत्काल वित्तीय सहायता की आवश्यकता है। शरणार्थी मामलों के उच्चायुक्त ने कहा कि कठिन चुनौतियों के बावजूद, प्रभावित लोगों में इस संकट से उबरने और अपनी क्षतिग्रस्त इमारतों का फिर से निर्माण करने में लगे हैं। खबर है कि बिजली संकट के बाद यूक्रेन की राजधानी कीव में पानी का बड़ा संकट आ गया है। वहां के करीब 80 फीसदी इलाके में पीने का पानी नहीं है। यूक्रेन ने दावा किया कि एक दिन पहले रूस ने फिर से कीव पर अंधाधुंध मिसाइलें बरसाईं है। जिनसे वहां के पावर प्लांट और हाइड्रो पावर प्लांट को भारी नुकसान हुआ है। इसी वजह से आधे से ज्यादा कीव में पीने का पानी नहीं है।
2. उत्तर कोरिया द्वारा लॉन्च की गई संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल को देखते हुए जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने आपातकालीन अलर्ट जारी किया है। उत्तर कोरिया ने मिसाइल दागी, जो जापान के ऊपर से प्रशांत की ओर गई। उत्तर कोरिया ने गुरुवार सुबह हवाई हथियारों का परीक्षण किया। इस पर जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि उनमें से एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल भी हो सकती है। किशिदा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस बार लॉन्च की गई मिसाइलों में से एक आईसीबीएम हो सकती है, इसलिए मैंने एक बार फिर रक्षा मंत्रालय को सूचना एकत्र करने और उसका विश्लेषण करने का निर्देश दिया है। उत्तर कोरिया की मिसाइलों ने टोक्यो में चिंता पैदा कर दी है। इसको लेकर जापान में अलर्ट जारी किया है।
3. श्रीलंका के लोगों को नया राष्ट्रपति मिलने के बाद भी उनकी परेशानियां कम नहीं हो रही है। सबसे बड़े शहर कोलंबो में सैकड़ों लोग आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। सैकड़ों लोगों ने बढ़ाए गए कर, मुद्रास्फीति और लोगों के खिलाफ शासन-प्रशासन के दमन के विरोध में मार्च किया। बता दें कि श्रीलंका के लोग पिछले 70 सालों में सबसे खराब वित्तीय संकट का सामना कर रहे हैं। वहीं, कोलंबो में इस मार्च का आयोजन सरकार विरोधी विपक्षी राजनीतिक दलों, ट्रेड यूनियनों और नागरिक समाज समूहों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था। इस मार्च के दौरान पुलिस ने इसे रोक दिया था क्योंकि मार्च करने वाले लोगों ने शहर के एक मध्य भाग तक पहुंचने की कोशिश की थी, जहां राष्ट्रपति का घर और अन्य मंत्रालय स्थित हैं। सीलोन टीचर के केंद्रीय सचिव जोसेफ स्टालिन ने कहा कि लोग मुश्किल से एक दिन में तीन बार भोजन कर रहे हैं। इस सरकार ने अधिक से अधिक कर लगाने के अलावा लोगों का समर्थन करने के लिए कुछ भी नहीं किया है। हमें समाधान चाहिए और हम उसके लिए लड़ते रहेंगे। श्रीलंका इस साल विदेशी मुद्रा भंडार में रिकार्ड कमी के चलते गहरे वित्तीय संकट की चपेट में है। जिसके कारण ही यहां पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस समेत खाने-पीने की चीजें और दवा भी कई गुना महंगी हो गई हैं। श्रीलंका को इंपोर्ट किए जाने वाले सामान के बदले भुगतान करने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है और लगभग 2 करोड़ से ज्यादा लोगों ने द्वीप को छोड़ दिया है।
कारोबार:
1. वैश्विक बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में भारी अनिश्चितता के बीच केंद्र सरकार ने आयातित क्रूड पर निर्भरता बनाने की कोशिश तेज की है। तेल कंपनियों के लिए बाजार से एथनोल की खरीद मूल्य में 1.65 पैसे प्रति लीटर से लेकर 2.75 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करने का फैसला किया गया है। पीएम नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में यह फैसला किया गया है। कैबिनेट के इस फैसले की जानकारी देते हुए पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि देश में पेट्रोल में एथनोल मिश्रण का मौजूदा अधिकतम स्तर 10 फीसदी को अगले वर्ष बढ़ाकर 12 फीसदी और वर्ष 2025-26 तक 20 फीसदी और उसके बाद 20 फीसदी से भी ज्यादा करने के लिए सरकार कई स्तरों पर कोशिश कर रही है। सिर्फ 10 प्रतिशत एथनोल ब्लेंडिंग से ही सरकार ने इस वर्ष 40 हजार करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत की है।
2. एलन मस्क के ट्विटर खरीदने के बाद छंटनी की आशंका को लेकर अधिकारी और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। मस्क ने सीईओ पराग अग्रवाल समेत टॉप मैनेजमेंट के कुछ अधिकारियों को चलता कर दिया है। अब खबर है कि मस्क ट्विटर से 3700 कर्मचारियों को निकालने की तैयारी में है और इसे लेकर योजना बना रहे हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे मामले की जानकारी रखने वाले एक शख्स ने यह दावा किया है। बताया जा रहा है कि 44 बिलियन अमेरिकी डॉलर में ट्विटर को खरीदने के बाद कंपनी के खर्चों में कटौती करने के लिए मस्क ने कंपनी के आधे कर्मचारियों की लगभग 3,700 नौकरियों को खत्म करने की योजना बनाई है। कंपनी में 7 हजार से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं।
खेल/खिलाड़ी:
1. बांग्लादेश के खिलाफ सुपर-12 के अपने चौथे मैच में जब बारिश शुरू हुई तो टीम इंडिया के अलावा पूरे देश की सांसें इस बात पर अटकी थी कि यदि मैच नहीं हुआ तो क्या होगा? लेकिन फैंस की दुआएं काम आईं और 16 ओवर का ही सही पर मैच हुआ। बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रन का लक्ष्य मिला। टीम पहले ही बिना नुकसान के 7 ओवर में 66 रन बनाकर ड्राइविंग सीट पर बैठी थी। लेकिन बारिश के बाद जैसे ही मैच शुरू हुआ, अश्विन की दूसरी हीं गेंद पर केएल राहुल ने लिटन दास को अपने सटीक थ्रो पर पवेलियन भेज दिया। यहीं से बाजी पलटी और एक के बाद एक बांग्लादेश ने लगातार विकेट गंवाए और आखिरकार आखिरी ओवर तक चले इस मैच में टीम को 1 रन से जीत मिल गई। बारिश के बाद जब मैच शुरू हुआ तो जहां टीम इंडिया बांग्लादेश से मैदान के भीतर लड़ रही थी, वहीं एक शख्स हाथों में ब्रश लेकर बाउंड्री के चारो ओर चक्कर लगा रहा था, लेकिन लक्ष्य सिर्फ एक कि टीम इंडिया को जिताना है। दरअसल, टीम इंडिया के साइड आर्म थ्रोअर जो नेट्स पर टीम इंडिया की मदद करते हैं वह ब्रश लेकर उन खिलाड़ियों की मदद के लिए घूम रहे थ,े जिनके जूते में गीला फील्ड होने के कारण मिट्टी फंस रही थी। रघु ऐसा इसलिए कर रहे थे कि खिलाड़ियों के जूतों के स्पाइक ठीक से काम करें और वो बिना किसी डर के फील्डिंग और गेंदबाजी में अपना सारा ध्यान लगा सकें।