News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
Air Pollution in Delhi NCR
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 12:22 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
वायु प्रदूषण के गंभीर श्रेणी में पहुंचने और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) का चौथा चरण लागू हो जाने के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं, जो शनिवार सुबह से ही प्रभावी हो गए हैं। प्राइमरी स्कूलों को बंद करने के साथ शनिवार से 50 प्रतिशत सरकारी कर्मचारी वर्क फ्राम होम हो गए हैं। बता दें कि पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि प्रदूषण की गंभीर श्रेणी को देखते हुए सीएक्यूएम ने ग्रेप के चौथे चरण को लागू करने का निर्देश दिया था। इसके मद्देनजर पहले से जो प्रतिबंध लगे हुए हैं, उनको भी कड़ा किया जा रहा है।
यमुना एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार देर रात नोएडा से लौट रही बरातियों की बोलेरो माइल स्टोन 87 के पास हादसे का शिकार हो गई। दरअसल, आगे चल रही कार का पहिया निकल गया, इसके चक्कर में पीछे से आ रही बोलेरो अनियंत्रित हो गई। बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। दुर्घटना में दूल्हे के पिता और जीजा समेत तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दूल्हा-दुल्हन समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को मथुरा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से एक बच्ची ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। ये बच्ची दुल्हन के साथ आयी थी।
देश के पहले मतदाता श्याम सरन नेगी ने शनिवार को सुबह अपने घर पर अंतिम सांस ली। वह काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। अपनी अस्वस्थता के चलते ही बुधवार को अपने घर में ही उन्होंने मतदान किया। हालांकि इससे पहले हर बार वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पर जाते थे। पोलिंग बूथ पर चुनाव आयोग की ओर से उनका रेड कारपेट स्वागत किया जाता था। इस बार भी नेगी खुद तो चाहते थे कि वह मतदान करने पोलिंग बूथ पर जाए, लेकिन उनके शरीर ने जब साथ नहीं दिया तो परिवार वालों की बात मान ली और घर से ही वोट डाला। उनका वोट बनाने के लिए किन्नौर के उपायुक्त आबिद हुसैन सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद थी। प्रशासन ने किन्नौरी वाद्य यंत्रों की व्यवस्था कर रखी थी। इन धुनों के बजाते हुए उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मतदान किया था।
News Update :
दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के बाद से एक बार फिर वातावरण में धुंध छाई हुई है। साथ ही हवा की गुणवत्ता में गिरावट लगातार जारी है। आज शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 431 दर्ज किया गया है, जो हवा की गुणवत्ता की ‘गंभीर’ श्रेणी है। वहीं, नोएडा (यूपी) का एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में 529, गुरुग्राम (हरियाणा) में ‘गंभीर’ श्रेणी में 478 और धीरपुर (दिल्ली) के पास ‘गंभीर’ श्रेणी में 534 दर्ज किया गया है। पंजाब और हरियाणा में जलने वाली पराली को लेकर भले ही सबसे ज्यादा शोर दिल्ली-एनसीआर में मचता है, लेकिन यह बात सामने आने लगी है कि पराली जलने का असर उत्तर और पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों में भी दिखने लगा है। यहां की हवा भी बहुत खराब श्रेणी में पहुंच रही है। इससे पहले शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन वायु गुणवत्ता के लिहाज से दिल्ली एनसीआर रेड जोन में रहा। सभी जगहों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 के ऊपर यानी गंभीर श्रेणी में ही रहा। फरीदाबाद के सेक्टर-11 और 16 में तो यह 500 तक चला गया। दिल्ली के बवाना इलाके में यह 498 तक चला गया।
माफिया मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को देर रात पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी ने प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित दफ्तर में उससे करीब 9 घंटे तक पूछताछ की है। मनी लांड्रिंग के केस में 11 अक्टूबर को ही ईडी ने अब्बास के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया था। माफिया मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी से प्रर्वतन निदेशालय ने शुक्रवार को करीब नौ घंटे अपने कार्यालय में पूछताछ की। उससे माफिया मुख्तार की बेनामी संपत्तियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। देश छोड़ने की आशंका पर ईडी ने उसे पहले ही लुकआउट नोटिस जारी किया था। पूछताछ में ईडी के सभी सवालों का जवाब गोलमोल तरीके से देता रहा। देर रात करीब 12 बजे ईडी ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
राजनीति:
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में एक सभा में उनके बारे में जो कुछ भी कहा वह महज एक तथ्य है न की उनकी तारीफ। इसके साथ ही गहलोत ने कहा कि राजनीति में महत्वाकांक्षी होना उचित है, लेकिन फर्क नजरिए का होता है। गहलोत का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब दो दिन पहले ही पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मुख्यमंत्री की बड़ाई किए जाने पर कटाक्ष करते इसे रोचक घटनाक्रम बताया। उन्होंने पार्टी आलाकमान से राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर अनिर्णय की स्थिति को भी समाप्त करने को कहा था। गहलोत ने प्रधानमंत्री द्वारा मंगलवार को मानगढ़ धाम में आयोजित एक जनसभा में उनकी प्रशंसा किए जाने के बारे में पूछे जाने पर बारां में संवाददाताओं से कहा कि मोदी ने उनकी वरिष्ठता के बारे में एक तथ्य बताया, जो कि सिर्फ एक तथ्य भर था। गहलोत ने कहा कि एक बात बताइए, उन्होंने तारीफ क्या की, उन्होंने तो तथ्य रखे, उन्होंने कोई परफॉर्मेंस की बात तो नहीं की। मैं तारीफ तो तब मानता, जब वह मेरी तीन बातें मान लेते, जो मैंने वहां रखीं।
अंतर्राष्ट्रीय:
ट्विटर के अधिग्रहण के बाद कर्मचारियों को निकलने के फैसले का बचाव करते हुए टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने कहा है कि कंपनी को इस वजह से प्रतिदिन दिन करीब 4 मिलियन यूएस डॉलर (करीब 32 करोड़ रुपये) का नुकसान हो रहा था। ट्विटर से कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने के संबंध में मस्क ने ट्वीट किया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन 4 मिलियन यूएस डॉलर प्रतिदिन के नुकसान के कारण कंपनी के पास कोई विकल्प नहीं था। सभी निकले गए कर्मचारियों को तीन महीने का भत्ता दिया गया है, जो कि कानूनी बाध्यता से 50 प्रतिशत अधिक है।
इजरायल के प्रधानमंत्री यायर लैपिड ने आम चुनावों में हार मान ली और विपक्षी नेता बेंजामिन नेतन्याहू को बधाई दी। बेंजामिन नेतन्याहू के दक्षिणपंथी दलों के गठबंधन ने अगली सरकार बनाने के लिए बहुमत हासिल कर ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंजामिन नेतन्याहू को इजरायल के प्रधानमंत्री के तौर पर उनकी वापसी के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘मैं भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने के अपने संयुक्त प्रयासों को जारी रखने के लिए उत्सुक हूं।’ पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्वीट किया, ‘धन्यवाद मेरे मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मैं इजराइल और भारत के बीच निरंतर उपयोगी सहयोग की आशा करता हूं।’
ईरान ने 1979 को तेहरान में अमेरिकी दूतावास के बाहर हुए जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन की घटना को याद किया। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने देशभर में हुए कई विरोध-प्रदर्शन की तस्वीरों का प्रसारण किया और इस दौरान तेहरान में कई प्रदर्शनकारी हाथों में उन ड्रोन के आकार की त्रिकोण तख्तियां थामे नजर आए, जिनका उपयोग रूस यूक्रेन युद्ध में कर रहा है। तेहरान में प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ दिखी, जहां चादर लपेटे महिलाएं इस्लामिक गणतंत्र का झंडा लहरा रही थीं। देश में अन्य स्थानों पर हुए विरोध-प्रदर्शन में काफी कम संख्या में लोग दिखाई दिए। वहीं, ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के भी तेहरान में पूर्व अमेरिकी दूतावास के सामने जनता को संबोधित करने की संभावना है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर हत्या के प्रयास के बाद से उनके समर्थक सड़क पर उतर आए हैं। इमरान खान पर हुए जानलेवा हमले को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने इस्लामाबाद के यातायात को प्रभावित कर दिया है। इस बीच, पुलिस प्रशासन ने उनसे वाहनों में आग न लगाने का अनुरोध किया है। इस्लामाबाद पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि प्रदर्शनकारियों ने शहर के यातायात को प्रभावित कर दिया है। प्रदर्शनकारियों से वाहनों में आग न लगाने का अनुरोध किया जाता है। इसके साथ ही रावलपिंडी प्रशासन ने भी पथराव को रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों से अनुरोध किया है।
उत्तर कोरिया के तानाशाह नेता किम जोंग उन ने पिछले एक महीने से मिसाइल परीक्षण कर अमेरिका के नाम में दम कर दिया है। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के कई बार चेतावनी देने के बावजूद उत्तर कोरिया ने एक के बाद एक 20 मिसाइलें फायर की। ये फायरिंग एक दिन में की गई फायरिंग से सबसे ज्यादा है। इसी को देखते हुए अब अमेरिका ने कहा है कि भविष्य में अगर उत्तर कोरिया ने फिर से परमाणु परीक्षण किया तो अमेरिका तुरंत जवाब देगा। पेंटागन के एक प्रवक्ता ने उत्तर कोरिया को लेकर ये बयान जारी किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक रक्षा विभाग की उप प्रवक्ता सबरीना सिंह ने कहा कि निकट भविष्य में उत्तर कोरियाई के परमाणु परीक्षण की संभावना है। सबरीना ने कहा कि हम इस क्षेत्र में अपने सहयोगियों और भागीदारों के साथ बहुत निकट संपर्क में हैं, और अगर उत्तर कोरियाई परमाणु परीक्षण करता है, तो हम जरूरत पड़ने पर तुरंत प्रतिक्रिया देने में सक्षम होंगे। पेंटागन के प्रवक्ता ने डेली प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि सियोल और वाशिंगटन ने पहले कहा था कि उत्तर ने अपने सातवें परमाणु परीक्षण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसलिए हम किसी भी परमाणु परीक्षण की संभावनाओं के बारे में चिंतित हैं। हम जानते हैं कि उत्तर कोरियाई लोगों ने ऐसी परीक्षण की तैयारी की है।
ब्रिटेन ने अफगानिस्तान की लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था के बीच सर्दियों से पहले करीब 28 मिलियन अमेरिकी डालर का आपातकालीन कोष सहायता प्रदान किया है। टोलो न्यूज ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम ब्रिटेन और उत्तरी आयरलैंड की सरकार से करीब 28.8 मिलियन अमेरिकी के योगदान का स्वागत करता है। यह धन 15 मिलियन अफगानिस्तानियों के लिए डब्ल्यूएफपी के आपातकालीन कार्यों में लगाया जाएगा, जिसे इस सर्दी में खाद्य असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि अफगानिस्तान से विदेशी सेना के जाने के एक साल से अधिक समय बाद देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो गई है। अफगानिस्तान में तालिबान शासन में आर्थिक स्थिति कमजोर होने के साथ-साथ विकास सहायता और संपत्ति पर भी असर पड़ा है। अफगानिस्तान में अर्थव्यवस्था की मार की वजह से देश को 20 वर्षों में अकाल के सबसे गंभीर जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, अर्थशास्त्रियों का मानना है कि मानवीय सहायता देश के नागरिकों के लिए अल्पावधि में उपयोगी है, लेकिन इससे देश में गरीबी कम नहीं हुई है।
कारोबार:
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि एलन मस्क ने ट्विटर पर एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म खरीदा है, जो दुनियाभर में झूठ फैलाता है। अब हम सभी किस बारे में चिंतित हैं। मस्क एक ऐसा संगठन खरीदता है, जो पूरी दुनिया में झूठ फैलाता है... अमेरिका के पास अब कोई संपादक नहीं है। एक भी संपादक मौजूद नहीं हैं। हम कैसे उम्मीद करते हैं कि बच्चे यह समझने में सक्षम होंगे कि क्या दांव पर लगा है? व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव काराइन जीन-पियरे के अनुसार इससे पहले भी बाइडेन अभद्र भाषा और गलत सूचना को कम करने की आवश्यकता के बारे में स्पष्ट रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्विटर, फेसबुक और कोई भी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जहां गलत सूचना फैलाई जा सकती है, वो सभी इसके तहत आते हैं।
खेल/खिलाड़ी:
आज विराट कोहली का जन्मदिन है। वह आज 34 साल के हो गए। इस खास मौके पर उनके चाहने वालों ने उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं दी। इनमें क्रिकेट के फैंस और पूर्व भारतीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। बता दें कि टी-20 विश्व कप 2022 में विराट कोहली का बल्ला खूब चल रहा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में ही उनके बल्ले से रन नहीं बने। बाकी तीनों मैच में हाफ सेंचुरी लगाई है। बीसीसीआई ने अपने ट्विटर हैंडल पर विराट कोहली को बधाई देते हुए लिखा, ‘477 इंटरनेशनल मैच, 24350 रन, 2011 विश्व कप और 2013 चौंपियंस ट्राफी विजेता को जन्मदिन की बधाई।’ भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने लिखा, ‘जन्मदिन की बधाई भाई, आने वाले साल में आपका स्वास्थ्य और कई सारे शतक के लिए, लोगों को मोटिवेट करने के लिए बधाई।’