News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
Earthquake in Uttarakhand
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 12:10 AM
राष्ट्रीय :
1. रविवार की सुबह भूकंप के झटके से उत्तराखंड की धरती हिल गई। इस दौरान लोग घरों से बाहर निकल आए। यह झटके देहरादून, मसूरी से लेकर उत्तरकाशी तक महसूस किए गए। जिला मुख्यालय उत्तरकाशी सहित डुंडा भटवाड़ी बड़कोट नौगांव क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रुद्रप्रयाग में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.7 रही। रविवार सुबह करीब 8.33 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। कहीं से कोई नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के चिन्यालीसौंड से 35 किमी दूर बताया जा रहा है। टिहरी जिले में भी तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। डीएम अभिषेक रुहेला ने आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र से सभी तहसीलों से जानमाल के नुकसान की सूचना लेने के निर्देश दिये हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान तक कहीं से जान माल की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सभी तहसीलों से सूचना ली जा रही है।
News Update :
2. पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार व नेपाल के रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। एम्स में इमरजेंसी सेवा शुरू कर दी गई। अब 24 घंटे रोगियों के उपचार की सुविधा शुरू हो गई है। जरूरत पड़ने पर उन्हें भर्ती किया जाएगा। इससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी। हालांकि अभी गंभीर रोगियों खासकर हार्ट अटैक, स्ट्रोक आदि के रोगियों को भर्ती नहीं किया जाएगा। उनका तात्कालिक उपचार कर मेडिकल कालेज या अस्पतालों के लिए रेफर किया जाएगा। लेकिन पेट दर्द, तेज बुखार, तेज सिर दर्द, उल्टी-दस्त, चक्कर आने के रोगियों का उपचार हो सकेगा। गर्भवती भी किसी समस्या को लेकर कभी भी पहुंच सकती हैं। एम्स में अस्पताल तो खुल गया था, लेकिन इमरजेंसी सेवा शुरू न होने से ओपीडी में आए रोगियों को ही भर्ती किया जाता था। अब रोगी कभी भी इमरजेंसी में पहुंच सकते हैं। कार्यकारी निदेशक डा. सुरेखा किशोर ने इमरजेंसी सेवा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि अब किसी भी समय रोगी अपनी समस्या लेकर आ सकते हैं। उनका उपचार किया जाएगा। इमरजेंसी में दो डाक्टर व स्टाफ नर्स हमेशा तैनात रहेंगी।
3. आजमगढ़ जिले में निकाय चुनाव में पाकिस्तान के समर्थन में दो दिनों पूर्व हुई एंट्री की वजह से जिला पुलिस भी अब छिपे चेहरों को सामने लाने की तैयारी में जुट गई है। पुलिस के अनुसार पाकिस्तान जिंदाबाद के नारों के पीछे गहरी साजिश और बड़े सियासी चेहरे हैं। इसको उजागर करने के लिए सर्विलांस का भी सहारा लिया जा रहा है। निकाय चुनाव की तैयारियों से जुड़े जुलूस में घटना होने से पुलिस ने तफ्तीश का दायरा बढ़ा दिया है। वीडियो फुटेज से पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाने वालों की पहचान करने के साथ ही पुलिस सर्विलांस का भी सहारा साजिश बेनकाब करने के लिए ले रही है। दरअसल, बसपा के निकाय चुनाव में जुलूस के दौरान जहानागंज क्षेत्र में आपत्तिजनक नारे लगाए गए थे। आजमगढ़ पुलिस अब इस करतूत का वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी हुई है।
राजनीति :
1. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में मध्यावधि चुनाव का अनुमान जताया और पार्टी कार्यकर्ताओं से तैयारी शुरू करने को कहा। ठाकरे यहां पार्टी मुख्यालय ‘सेना भवन’ में पार्टी के विधानसभा क्षेत्र स्तर के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अरविंद सावंत ने बैठक के बारे में संवाददाताओं को जानकारी दी। सावंत ने कहा कि ठाकरे ने राज्य में जल्द ही मध्यावधि विधानसभा चुनाव का अनुमान जताया और कार्यकर्ताओं से तैयारी शुरू करने को कहा। सावंत ने कहा कि मध्यावधि चुनाव अपरिहार्य है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के लिए दो लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की। दक्षिण मुंबई के सांसद ने कहा कि जिस तरह हिमाचल प्रदेश और गुजरात में मतदाताओं को पैकेज और घोषणाओं से लुभाया जा रहा है, उसी तरह प्रधानमंत्री की इस घोषणा से संकेत मिलता है कि महाराष्ट्र में चुनाव होंगे।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. न्यूयार्क के मैनहट्टन स्थित एक बहुमंजिला इमारत में लिथियम बैटरी से लगी आग के कारण 38 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत नाजुक है। दमकल अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मैनहट्टन की ईस्ट 52 स्ट्रीट पर स्थित 37 मंजिला इमारत में आग लगी। सोशल मीडिया पर घटना के साझा किए गए वीडियो में दिख रहा है कि लोग अपार्टमेंट की खिड़कियों पर लटके हैं और दमकलकर्मी रस्सियों के सहारे धुएं से भरी इमारत से नीचे उतार रहे हैं। दमकल अधिकारियों ने बताया कि इमारत की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले कुछ लोग छत के रास्ते बाहर आए। न्यूयार्क की दमकल विभाग की आयुक्त लारा कवनाग ने बताया कि 20वीं मंजिल पर अज्ञात उपकरण में प्रयुक्त लिथियम बैटरी से आग लगी। अधिकारियों ने बताया कि घटना में 38 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत नाजुक है और पांच गंभीर रूप से घायल हैं।
कारोबार :
1. भारतीय रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला जारी है। रेलवे के द्वारा रविवार को 162 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने 141 ट्रेनों को पूरी तरह से और 21 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रेलवे ने इन ट्रेनों को रद्द करने के पिछले कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है, लेकिन माना जा रहा है कि परिचालन संबंधी कारणों के चलते इन ट्रेनों को रद्द किया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और गुजरात से चलने वाली गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा 26 ट्रेनों को रीशेड्यूल और 10 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।
News Update :
2. टेस्ला के नए सीईओ और ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क के हाथ जब से ट्विटर की कमान मिली है, तभी से वह एक्शन में आ गए हैं। बता दें कि आज से ट्विटर का ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन शुरू हो गया है। अब ट्विटर यूजर्स को अपने अकाउंट पर ब्लू टिक बरकरार रखना है तो प्लान के तहत 8 डॉलर यानि की 655 रुपये का भुगतान हर महीने करना होगा। कंपनी ने वेरिफाइड यूजर्स की सदस्यता केवल आईओएस पर लॉन्च की है। अभी तक एंड्रॉइड यूजर्स के लिए इसकी घोषणा नहीं की गई है। आईओएस ट्विटर ऐप पर मौजूद लिस्ट में भारत में ब्लू टिक के लिए 469 रुपये की कीमत दिखाई गई है। लेकिन, यह सब्सक्रिप्शन अभी भारत में शुरू नहीं हुआ है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि भारत को इतनी रकम चुकानी होगी या इससे कम और ज्यादा। एलन मस्क के इस प्लान की शुरूआत हो चुकी है। स्कीम की शुरूआत अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन के लोगों के लिए की जा चुकी है। मस्क ने ट्विटर पर ब्लू टिक की कीमत 8 डॉलर प्रति महीने रखी है। हालांकि, अलग-अलग देशों के हिसाब से 8 डॉलर का ये प्लान अलग भी हो सकता है।
खेल/खिलाड़ी :
1. ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी-20 विश्व कप में रविवार को खेले गए पहले मैच में नीदरलैंड ने साउथ अफ्रीका को 13 रन से हाराकर बड़ा उलटफेर किया है। नीदरलैंड की जीत से ग्रुप-2 के समीकरण बदल गए। भारत सीधे सेमीफाइनल पहुंच गया है। जबकि दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है। अब पाकिस्तान और बांग्लादेश के मैच में जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। दोनों के बीच थोड़ी देर में मैच शुरू होने वाला है। एडीलेड में नीदरलैंड ने पहले 158 रन का स्कोर खड़ा किया। उसके बाद अफ्रीकी बल्लेबाजों को 145 रनों पर रोक दिया। प्वाइंट्स टेबल पर नजर डाले तो टीम इंडिया टॉप पर है। वह सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है। 4 मैचों के बाद उसके खाते में 6 अंक हैं। टीम ने 3 जीत हासिल की है। जबकि एक मुकाबला गंवाया है। उसे आज जिम्बाब्वे से मुकाबला खेलना है। नीदरलैंड से हारने के बाद साउथ अफ्रीका के खाते में 5 अंक हैं। टीम टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो चुकी है। मैच रद्द होने की स्थिति में ही अफ्रीका के लिए टॉप-4 के दरवाजे खुलेंगे। नीदरलैंड की जीत के बाद पाकिस्तान-बांग्लादेश के लिए मौके बन गए हैं। इन दोनों के पास एक समान 4-4 अंक हैं। ऐसे में अगला मुकाबला जीतने वाली टीम टॉप-4 में पहुंच जाएगी।
2. श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाड़ी दानुष्का गुणाथिलाका को शनिवार को सिडनी में गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। श्रीलंका की पूरी टीम रविवार की सुबह इस खिलाड़ी के बिना ही स्वदेश वापस लौट गई। गुणाथिलाका तीन हफ्ते पहले ही चोटिल हो गए थे और उन्हें टी-20 विश्व कप 2022 की टीम से बाहर कर दिया गया था। उनकी जगह बाद में टीम में आशेन बंडारा को शामिल किया गया था। चोटिल होने के बाद साथ ही टीम से बाहर किए जाने के बाद भी टीम प्रबंधन ने गुणाथिलाका को श्रीलंका वापस नहीं भेजा था और वो टीम के साथ बने हुए थे। 31 साल के दानिष्का गुणाथिलाका टीम में आलराउंडर की भूमिका निभाते हैं और वो बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। साथ ही राइट आर्म आफ ब्रेक गेंदबाजी करते हैं। इन्होंने आस्ट्रेलिया दौरे पर अपनी टीम के लिए वार्मअप मैच में हिस्सा लिया था। साथ ही पहले दौरे का भी एक मैच खेला था। हालांकि श्रीलंका सुपर 12 में पहुंच गई थी, लेकिन चोटिल होने की वजह से वो टीम से बाहर हो गए और एक भी मैच नहीं खेल पाए थे। चोटिल होने के बाद भी वो टीम के साथ ही आस्ट्रेलिया में बने रहे थे।