News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
Rahul Gandhi during Bharat Jodo Yatra
भारत
RP Raghuvanshi
26 Nov 2025 12:03 AM
भारत
RP Raghuvanshi
26 Nov 2025 12:03 AM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. साल का आखिरी चंद्रग्रहण आज यानी मंगलवार को लगने जा रहा है। सूतक काल भी शुरू हो गया है। यह ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा। भारत में सबसे पहले अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में चंद्रग्रहण दिखाई देगा। ज्योतिष शास्त्र की मानें तो भारत में दिखाई देने के कारण सूतक काल भी मान्य होगा। इस ग्रहण में गर्भवती महिलाओं को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। भारत के कुछ जगहों में पूर्ण चंद्रग्रहण दिखाई देगा, जबकि ज्यादातर शहरों में आंशिक ग्रहण दिखाई देगा। यह ग्रहण मेष राशि पर लग रहा है। इसलिए इस राशि के जातकों को सावधान रहने की जरूरत है।
2. पश्चिम बंगाल में भाजपा के लीगल सेल प्रभारी लोकनाथ चटर्जी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। पार्टी के युवा मोर्चा के एक नेता ने उन पर यौन उत्पीड़न करने के अलावा मारपीट का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी पत्र लिखा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि चटर्जी ने उसे पार्टी के काम के लिए साथ में सिक्किम चलने के लिए कहा था, यहां उनका यौन उत्पीड़न किया गया और भाजपा नेता के बॉडीगार्ड्स ने उसके साथ मारपीट भी की। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके साथ यह घटना बीते महीने 27 से 29 अक्टूबर के बीच हुई। इस दौरान वह भाजपा के लीगल सेल प्रभारी चटर्जी के साथ यात्रा पर था। शिकायतकर्ता ने बताया कि सिक्किम जाने के लिए जब मैं स्टेशन पहुंचा, तो भाजपा नेता का पूरा परिवार वहां था। सभी के लिए एसी कोच बुक किए गए थे, जबकि उसे गैर-एसी कोच में बिठाया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह सिक्किम पहुंचा तो उसे पता चला कि यहां पार्टी का कोई काम नहीं है। भाजपा नेता के सुरक्षा गार्डों ने उसका बैग और फोन छीन लिया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद भाजपा नेता ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। शिकायतकर्ता ने कहा कि इसके बाद सुरक्षा गार्डों ने उसके साथ मारपीट की और यह बात किसी को न बताने की धमकी थी दी। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई है। वहीं उसने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पश्चिम बंगाल भाजपा के नेताओं ने टिप्पणी से इनकार कर दिया है। हालांकि, उनका कहना है कि चटर्जी को इस्तीफा देने के लिए कहा गया है।
3. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 61वें दिन महाराष्ट्र में प्रवेश कर गई। यह यात्रा महाराष्ट्र में 14 दिनों तक रहेगी। तेलंगाना के कामारेड्डी से यह यात्रा रात करीब 9 बजे महाराष्ट्र में नांदेड़ जिले के देगलुर से महाराष्ट्र पहुंची। राहुल गांधी 10 नंबर को नांदेड़ और 18 नवंबर को बुलढाणा के शेगांव में रैलियों को संबोधित करेंगे। 14 दिनों में राहुल गांधी की यह यात्रा महाराष्ट्र की 15 विधानसभा और 6 लोकसभा सीटों को कवर करते हुए 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में आएगी। दोनों राज्यों के बार्डर पर तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी, महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा। महाराष्ट्र कांग्रेस ने राज्य के देगलुर के कला मंदिर में स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के पास यात्रा का स्वागत किया। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि तेलंगाना कांग्रेस ने आज शाम जुक्कल निर्वाचन क्षेत्र के मदनूर मंडल के मेनुरु गांव में यात्रियों को विदाई देने के लिए एक जनसभा आयोजन किया। रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ काफी सफल रही है, राज्य में लोगों का बड़ा समर्थन मिला। किसान, कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों सभी ने इस यात्रा में हिस्सा लिया और राहुल गांधी के साथ अपनी एकजुटता दिखाई।
4. कांग्रेस पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को दिए गए आरक्षण पर आए आदेश का स्वागत किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ईडब्ल्यूएस आरक्षण को बरकरार रखने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इसमें कोई परेशानी नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत कांग्रेस ने ही की थी। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को दिए गए आरक्षण से संविधान के आधारभूत ढांचे का उल्लंघन नहीं हुआ है। ईडब्ल्यूएस को आरक्षण पिछले काफी समय से चर्चा का विषय बना हुआ था। सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को 10 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने को वैध बताया है। ईडब्ल्यूएस कोटे की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई के बाद शीर्ष अदालत ने 27 सितंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। केंद्र सरकार ने 2019 में 103वें संविधान संशोधन विधेयक के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को शिक्षा और नौकरी में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था की है।
5. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान नियमों के उल्लंघन का एक मामला सामने आया है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक फिल्म का गाना बजाने पर कांग्रेस कॉपीराइट उल्लंघन के मामले में फंस गई है। मामला कोर्ट में पहुंचा, तो बेंगलुरु हाईकोर्ट ने ट्विटर को कांग्रेस पार्टी और भारत जोड़ो यात्रा के खातों को अस्थायी रूप से ब्लॉक करने का निर्देश दिए हैं। हालांकि, कांग्रेस ने कहा है कि उन्हें कोर्ट का आदेश अभी तक नहीं मिला है। वहीं, अभी तक माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने भी कोई कदम नहीं उठाया है, क्योंकि कांग्रेस और भारत जोडो यात्रा का अकाउंट अभी तक बंद नहीं हुआ है। बेंगलुरु कोर्ट का आदेश कॉपीराइट उल्लंघन के आरोपों से संबंधित है। कांग्रेस पार्टी पर फिल्म ‘केजीएफ चैप्टर-2’ के साउंड रिकॉर्ड का अवैध रूप से उपयोग करके एमआरटी म्यूजिक के स्वामित्व वाले वैधानिक कॉपीराइट का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। एमआरटी म्यूजिक द्वारा दायर मुकदमे में कांग्रेस पार्टी, सुप्रिया श्रीनेत, राहुल गांधी और ट्विटर इंक को आरोपी बनाया गया है।
6. गुजरात के सूरत जाते वक्त वंदे भारत एक्सप्रेस पर सोमवार देर रात पथराव किया गया। बताया जा रहा है कि इसमें एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी सवार थे। हालांकि ओवैसी इस घटना में बाल-बाल बच गए, लेकिन ट्रेन की खिड़की के शीशे टूट गए। सूरत से करीब 20-25 किलोमीटर पहले इस ट्रेन पर हमला किया गया। रेलवे प्रशासन ने जहां इस हमले की जांच की बात कही है, वहीं अब इस मामले पर राजनीति तेज हो गई है। एआईएमआईएम के प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि पत्थरबाजी जान-बूझकर की गई ताकि ओवैसी को चुनाव में आगे बढ़ने से रोका जा सके। पार्टी नेता वारिस पठान ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आज शाम जब हम, ओवैसी साहब और एआईएमआईएम नेशनल की टीम अहमदाबाद से सूरत के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे थे। तब कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर जोर से पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया।
राजनीति:
1. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षण की वैधता को बरकरार रखने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया और कहा कि अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अनुसूचित जाति (एससी) को उनकी जनसंख्या के आधार पर आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार से लौटने के बाद रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर संवाददाताओं से बात करते हुए बघेल ने कहा कि भाजपा शासित हिमाचल प्रदेश में बदलाव की लहर है और कांग्रेस द्वारा किए गए ‘10 गारंटी’ के वादे का असर दिखना शुरू हो गया है। शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और सरकारी नौकरियों में ईडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत आरक्षण की संवैधानिकता को बरकरार रखने के उच्चतम न्यायालय के फैसले के बारे में पूछे जाने पर, मुख्यमंत्री ने कहा, बहुत अच्छी बात है, हम स्वागत करते हैं।
2. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके संबंध मित्रवत हैं, लेकिन राज्य में भाजपा उनकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी है। ओडिशा साहित्य महोत्सव (ओएलएफ) में उन्होंने कहा कि न केवल पीएम मोदी के साथ अच्छे मित्रवत संबंध हैं, बल्कि ओडिशा के विकास के लिए उन्हें केंद्र सरकार से अच्छा सहयोग मिल रहा है। असल में उनसे पूछा गया था कि क्या देश का संघीय ढांचा खतरे में है? इसके जवाब में उन्होंने कहा, हमारा सरोकार अपने राज्य के विकास और कल्याण से है। केंद्र इसमें हमारा भरपूर सहयोग करता है। पटनायक के इस बयान को राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है, क्योंकि कुछ क्षेत्रीय दल और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री अक्सर यह आरोप लगाते रहे हैं कि मोदी सरकार गैर-भाजपा राज्यों के साथ संघीय व्यवस्था के लिहाज से उचित व्यवहार नहीं करती है।
अंतर्राष्ट्रीय:
1. भारतीय विदेश सचिव विनय क्वात्रा अमेरिका दौरे पर हैं। क्वात्रा ने अमेरिका की विदेश उपमंत्री वेंडी शर्मन से मुलाकात की है। वाशिंगटन में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों देशों के साझा हितों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि वेंडी शर्मन और विनय क्वात्रा की मुलाकात के दौरान व्यापक मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर अमेरिका और भारत रणनीतिक साझेदार के रूप में मिलकर काम कर रहे हैं। इसमें हमारे आर्थिक और सुरक्षा सहयोग भी शामिल हैं। प्राइस ने कहा कि उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में ‘क्वाड’ के माध्यम से क्षेत्रीय और बहुपक्षीय समन्वय में सुधार के तरीकों पर भी चर्चा की।
मौसम:
1. दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से मामूली राहत मिली है, लेकिन न्यूनतम और अधिकतम तापमान में इजाफा होना जारी है। हैरत की बात यह भी है कि पिछले दिनों जहां दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था, वह बढ़कर 17 डिग्री सेल्सियस के पार जाने को बेताब नजर आ रहा है। मंगलवार को भी कमोबेश न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के करीब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, ऐसा दिल्ली-एनसीआर में लगातार छाए स्मॉग की वजह से हो रहा है। सोमवार-मंगलवार की रात भी दिल्ली-एनसीआर में गर्मी के चलते लोगों को रात को पंखे चलाकर सोना पड़ा, कुछ फ्लैटों में तो एयर कंडीशन भी चलते नजर आए। मंगलवार सुबह भी स्मॉग का असर दिखा, इससे कुछ इलाकों में विजिबिलिटी कम रही। प्रदूषित हवा और स्माग का असर यह रहा कि सोमवार को दिल्ली में सर्दी के मौसम में गर्मी ने रिकार्ड तोड़ दिया। अधिकतम तापमान न केवल सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा बल्कि 2008 के बाद नवंबर माह का सर्वाधिक भी दर्ज हुआ।
खेल/खिलाड़ी:
1. टी-20 विश्व कप में भारत और इंग्लैंड के सेमीफाइनल से ठीक 2 दिन पहले मंगलवार की सुबह कप्तान रोहित शर्मा के दाहिने हाथ की कलाई पर चोट लगी। हालांकि, यह चोट गंभीर नहीं थी। रोहित नेट्स में थ्रोडाउन प्रैक्टिस कर रहे थे। उन्होंने 18-20 बॉल ही खेली थी कि आर्मर राघवेंद्र की 150 से ज्यादा की रफ्तार वाली एक गेंद उनके दाहिने हाथ की कलाई में लगी और वे प्रैक्टिस छोड़कर बाहर आ गए। दर्द के चलते 40 मिनट बाहर बैठे रहे। हालांकि, मेडिकल ट्रीटमेंट के बाद रोहित प्रैक्टिस पर दोबारा लौट आए। रोहित की चोट पर ठब्ब्प् की ओर से कोई अपडेट नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो में देखा जा सकता है, चोट लगने के बाद रोहित ने प्रैक्टिस छोड़ दी और नेट्स से बाहर आकर बैठ गए। तभी मेडिकल सपोर्ट उनके पास पहुंचा। इस दौरान रोहित अपनी कलाई में आइसिंग करते नजर आए। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव और केएल राहुल मंगलवार नेट्स सेशन से नदारद रहे। वहीं, दिनेश कार्तिक और कप्तान रोहित शर्मा प्रैक्टिस करने आए।