News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
Jacqueline Fernandez
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 08:33 AM
News Update :
राष्ट्रीय:
1. दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट आज मंगलवार को महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ के मनी लांड्रिंग मामले में आरोपित बॉलीवुड अभिनेत्री जैक्लिन फर्नांडीज की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुनाएगी। इससे पहले 11 नवंबर को सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लांड्रिंग मामले में आरोपित अभिनेत्री जैक्लिन फर्नांडीज को पटियाला हाउस कोर्ट की विशेष अदालत ने राहत देते हुए गिरफ्तारी पर रोक 15 नवंबर तक बढ़ा दी थी। विशेष न्यायाधीश शैलेंद्र मलिक ने कहा था कि अभी जैक्लिन की जमानत याचिका पर फैसला तैयार नहीं है, ऐसे में अदालत अब अपना निर्णय 15 नवंबर को सुनाएगी। अदालत ने जैक्लिन को 26 सितंबर को गिरफ्तार करने पर रोक लगाई थी। पटियाला हाउस कोर्ट में पिछली सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने जैक्लिन फर्नांडीज की जमानत याचिका का विरोध करते हुए पूछताछ के लिए उन्हें रिमांड पर लेने की मांग की थी। ईडी ने तर्क दिया था कि जब मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सभी आरोपित जेल में बंद हैं तो जैक्लिन फर्नांडीज को जमानत क्यों दी जाए?
2. प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, वह जानते हैं कि उनसे काफी उम्मीदें हैं, लेकिन वह यहां चमत्कार करने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका के प्रमुख के रूप में वह सुप्रीम कोर्ट में अपने सहयोगियों को देखेंगे और उनके अनुभव व ज्ञान से लाभ प्राप्त करेंगे, जिसका पारंपरिक रूप से उपयोग नहीं किया गया है। जस्टिस चंद्रचूड़ ने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्टों के न्यायाधीशों से जिला अदालतों के न्यायाधीशों के साथ आचरण में औपनिवेशिक मानसिकता और अधीनता की संस्कृति छोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि देश को अधिक आधुनिक और समान न्यायपालिका की ओर बढ़ने की जरूरत है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा सीजेआई के रूप में नियुक्ति पर अभिनंदन के लिए आयोजित समारोह में जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा कि कुल मिलाकर मैं आपसे यह कहना चाहता हूं कि मैं यहां चमत्कार करने नहीं आया हूं। मुझे पता है कि चुनौतियां अधिक हैं, शायद अपेक्षाएं भी अधिक हैं और मैं आपके विश्वास की भावना का बहुत आभारी हूं, लेकिन मैं यहां चमत्कार करने के लिए नहीं हूं। उन्होंने कहा, हर दिन मेरा आदर्श वाक्य है कि अगर यह मेरे जीवन का आखिरी दिन होता, तो क्या मैं दुनिया को एक बेहतर जगह के तौर पर छोड़ता। मैं हर दिन खुद से यही पूछता हूं। न्यायपालिका में रिक्तियों पर जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा कि जिला अदालतों में 25 प्रतिशत पद खाली हैं, हाईकोर्टों में 30 प्रतिशत और शीर्ष अदालत में कुछ सीटें खाली हैं और उन्हें योग्यता के आधार पर भरा जाएगा।
3. पीएम नरेन्द्र मोदी 17वें जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इंडोनेशिया के बाली में हैं। बाली के अपूर्व केम्पिसंकी होटल में शिखर सम्मेलन हो रहा है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो ने पीएम का जोरदार स्वागत किया। पीएम ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। मोदी ने अपने संबोधन में रूस-यूक्रेन युद्ध पर खुलकर अपनी बात रखी। मोदी ने कहा कि कोरोना और रूस-यूक्रेन युद्ध ने विश्व में तबाही मचाई है। हमें युद्ध विराम का रास्ता खोजना होगा। पिछली सदी में विश्व युद्ध ने दुनिया में कहर बरपाया था, जिसके बाद उस समय के नेताओं ने शांति का रास्ता अपनाने का गंभीर प्रयास किया। अब हमारी बारी है।
4. मिजोरम में एक पत्थर की खदान धंसने से बिहार के 8 मजदूरों के शव मंगलवार को बरामद किए गए। चार अन्य मजदूरों की अभी भी तलाश जारी है, जिनके अभी भी फंसे रहने की आशंका है। मिजोरम में सोमवार को एक पत्थर की खदान धंसने से बिहार के एक दर्जन मजदूर फंस गए। सूत्रों के मुताबिक, हनथियाल जिले के मौदढ़ गांव में एबीसीआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के मजदूर खदान में काम कर रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। हनथियाल जिले के अतिरिक्त उपायुक्त, सैजिकपुई ने एएनआई को बताया कि मिजोरम के हनथियाल जिले में एक पत्थर की खदान ढहने के बाद 15-20 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। यह घटना हनथियाल जिले के मौदढ़ इलाके में दोपहर करीब 3 बजे हुई।
5. क्या इस सच से आप वाकिफ हैं कि देश में हर वर्ष डेढ़ लाख से ज्यादा लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जिंदगी गंवा देते हैं? क्या इस सच से भी आप वाकिफ हैं, भारत में हर तरह की आपदा से वर्षभर में जितनी मौतें होती हैं, उससे कई सौ गुना ज्यादा मौतें सड़कों पर होती हैं? संभव है आप सब इस सच्चाई को जान भी रहे हों, लेकिन क्या कभी सोचा, इन्हें कैसे रोका जा सकता है? असमय काल के गाल में समा रहे युवाओं, किसी परिवार की रीढ़ के सड़क पर कुचलने से पीछे छूटे परिवार के जीवन में छाया अंधियारा आप को भी झकझोरता तो होगा ही। कभी-कभी तंत्र पर क्रोध आता होगा, तो कभी-कभार खुद को बेबस महसूस करते होंगे। तो फिर सवाल उठता है कि क्या सड़कों पर बहुमूल्य जिंदगियों के साथ यह दुर्घटना रूपी खूनी सिलसिला यूं ही अनवरत चलता रहेगा अथवा तंत्र से लेकर गण तक को सचेत होकर इस पर रोकथाम के लिए कोई सामूहिक प्रयास शुरू करने चाहिए?
6. आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है और ज्यादातर बच्चे ही इनका शिकार हो रहे हैं। शाहपुर मोटा रोड स्थित मिडोज विस्टा सोसायटी में आवारा कुत्तों ने 10 वर्षीय बच्चे पर हमला बोल दिया। गनीमत थी कि गार्ड सामने ही मौजूद था और उसने बच्चे को कुत्तों से बचा लिया, लेकिन कुत्तों के हमले से भयभीत होकर बच्चा गिर पड़ा और उसको कई जगह चोट लग गई। हमले के बाद सोसायटी के लोगों ने हंगामा किया और थाना नंदग्राम में उन लोगों के खिलाफ शिकायत दी है, जो फीडिंग जोन छोड़कर पूरे सोसायटी परिसर में आवारा कुत्तों को खाना खिलाते हैं। ए टावर में रहने वाले प्रदीप भारद्वाज का बेटा यथार्थ डी टावर में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उस पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से गार्ड राहुल ने यथार्थ को बचा लिया, लेकिन गिरने से उसने काफी चोट आई हैं।
7. मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री व महू विधानसभा विधायक उषा ठाकुर अपने एक और बयान से सुर्खियों में आ गई हैं। कोदरिया में होने वाली रंगोली प्रतियोगिता के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उषा ठाकुर ने कहा कि राज्य में दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर सिग्नेचर कैंप चलाना चाहिए। दुष्कर्म करने वालों को चौराहे पर फांसी देकर उनका शव चील और कौवे के खाने के लिए लटका देना चाहिए। जब उनको इस हालत में लोग देखेंगे तो किसी भी बहन बेटी को छूने की हिम्मत नहीं होगी। विधायक ठाकुर ने दुष्कर्मियों को ऐसी सजा दिलाने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू करने की बात कही है। उनका कहना है कि इस अभियान में हर बेटी और मां अपने पत्र में अपना नाम, घर का पता, वोटर नंबर व मोबाइल नंबर लिख साइन करेगी। उषा ठाकुर ने कहा कि ऐसे लोग अपराध तो समाज में रहते हुए करते हैं और परंतु उन्हें फांसी एकांत में दे दी जाती है। इसलिए ऐसे गुनाह करने वालों के मन में किसी प्रकार का डर नहीं है। उनकी सजा यही कि उन्हें चौराहे पर फांसी दी जाए और उनका अंतिम संस्कार न किया जाए। ऐसे नर पिशाचों के लिए का क्या कोई मानवाधिकार हो सकता है।
News Update :
राजनीति:
1. हिमाचल प्रदेश में मतदान की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। आठ दिसंबर को परिणाम आएगा। कांग्रेस व भाजपा दोनों ही सरकार बनाने का दावा कर रही हैं। मतदान के बाद जो समीकरण सामने आ रहे हैं, उनके अनुसार कई सीटों पर कांग्रेस व भाजपा से विद्रोह कर बतौर निर्दलीय मैदान में उतरे प्रत्याशी सीधी टक्कर में दिख रहे हैं। चुनाव परिणाम आने से पहले ही कांग्रेस व भाजपा दोनों ही पार्टियों की नजर इन पर टिक गई है। हालांकि, इन्हें निष्कासित कर दिया गया है, लेकिन यदि जीत जाते हैं तो बहुमत के लिए जरूरत पड़ने पर फिर गले लगाएंगी। प्रदेश में करीब 12 सीटों पर निर्दलीय मजबूत स्थिति में हैं। दोनों पार्टियां यदि स्पष्ट बहुमत नहीं ले पातीं तो निर्दलीय निर्णायक भूमिका में आ जाएंगे। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस ने इनसे संपर्क करना शुरू कर दिया है। हिमाचल में इस बार भारी मतदान हुआ है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो अब मतदान का ट्रेंड बदल गया है। अधिक मतदान सत्ता के पक्ष में होगा या विपक्ष में, यह कहना मुश्किल है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कांग्रेस नेता राम लाल ठाकुर जैसे दिग्गज नेताओं के क्षेत्रों में भारी मतदान हुआ है। इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। इसी वजह से राजनीति के जानकारों का अंक गणित किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पा रहा।
अंतर्राष्ट्रीय:
1. इंडोनेशिया के बाली में आज यानी मंगलवार को वार्षिक जी-20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत हुई, जिसमें कोविड-19 वैश्विक महामारी और यूक्रेन पर रूस के हमले से उत्पन्न चुनौतियों पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने जलवायु परिवर्तन, कोविड-19 वैश्विक महामारी और यूक्रेन का जिक्र करते हुए वैश्विक स्तर पर चुनौतीपूर्ण वातावरण के बीच जी-20 के नेतृत्व के लिए इंडोनेशिया की तारीफ की और कहा कि इन घटनाक्रमों ने पूरी दुनिया में तबाही मचा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन में कहा कि मैंने बार-बार कहा है कि हमें यूक्रेन में युद्ध-विराम और कूटनीति के रास्ते पर लौटने का तरीका तलाशना होगा। कोविड-19 वैश्विक महामारी के बाद एक नयी विश्व व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी हमारे कंधों पर है। हमें यह स्वीकार करने में संकोच नहीं करना चाहिए कि संयुक्त राष्ट्र जैसे बहुपक्षीय संस्थान वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने में असफल रहे हैं।
2. इंडोनेशिया के बाली शहर में विश्वभर के नेता इकट्ठे हुए हैं। बाली में जी-20 समूह की बैठक के साथ ही आसियान देशों की भी बैठक हो रही है। इस बीच, कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन कोरोना संक्रमित हो गए हैं। समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि आसियान बैठक में हिस्सा लेने के बाद कंबोडियन पीएम हुन सेन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अपने फेसबुक पोस्ट पर कंबोडियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने सोमवार रात कोरोना का टेस्ट कराया। इसमें उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मंगलवार सुबह एक इंडोनेशियाई डॉक्टर द्वारा कोविड पॉजिटिव की पुष्टि की गई। उन्होंने कहा कि कोविड पॉजिटिव होने के बाद वह कंबोडिया लौट रहे हैं। जी-20 और बैंकॉक में होने वाली एपेक आर्थिक मंच पर अपनी बैठकों को रद्द कर रहे हैं। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट पर लिखा कि मुझे यकीन नहीं है कि यह वायरस मेरे पास कब आया, लेकिन जब मैं पहुंचा तो शाम को इंडोनेशियाई लोगों ने मुझसे एक सैंपल लिया। डॉक्टरों ने सुबह कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह भाग्यशाली है कि वह बाली देर से पहुंचे हैं। अन्य नेताओं के साथ रात्रिभोज में हिस्सा नहीं लिया है।
3. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हाल में रूस से मुक्त कराए गए शहर खेरसॉन का दौरा किया है। स्थानीय मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई है। जेलेंस्की ने सैनिकों से मुलाकात के दौरान दक्षिणी शहर खेरसॉन से रूसी वापसी को ‘युद्ध के अंत की शुरुआत’ कहा है। उन्होंने सैनिकों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई है। नाटो महासचिव जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने फिर भी आगाह किया कि यूक्रेन आने वाले महीनों में मुश्किलों का सामना करेगा और कहा कि रूस की सैन्य क्षमता को कम करके नहीं आंका जाना चाहिए। खेरसॉन के मुख्य प्रशासनिक भवन में देश के नीले और पीले झंडे को फहराने के दौरान, जेलेंस्की ने राष्ट्रगान गाया। और कहा, यह युद्ध के अंत की शुरुआत है। जेलेंस्की ने रविवार को फेसबुक पर कहा था कि वह राजधानी कीव स्थित अपने कार्यालय में हैं। हालांकि, सोमवार को मध्य खेरसॉन चौराहे पर सैनिकों के साथ उन्होंने एक तस्वीर खिंचवाई है। इसके अलावा, खेरसॉन शहर को वापस पाने के बाद वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा था कि यहां जांचकर्ताओं ने 400 से अधिक रूसी वॉर क्राइम का खुलासा किया है। खेरसॉन क्षेत्र के क्षेत्रों में सैनिकों और नागरिकों दोनों के शवों को रूसी कब्जे से मुक्त पाया है। साल 2014 में क्रीमिया से अलग होकर ही खेरसॉन प्रांत का निर्माण हुआ था। यूक्रेन आज तक क्रीमिया के अलग होने के सदमे से उबर नहीं सका है। ऐसे में खेरसॉन को वापस पाना यूक्रेन के लिए राहत की बात है। नीपर नदी के किनारे और काला सागर के मुहाने पर स्थित खेरसॉन एक बड़ा औद्योगिक केंद्र है। जब से रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था, तब से ही यूक्रेनी मिलिट्री चिंता में थे। नीपर नदी की वजह से भी खेरसॉन यूक्रेन के लिए काफी अहम हो जाता है।
4. संयुक्त राष्ट्र आमसभा में यूक्रेन पर हमले के लिए रूस को जिम्मेदार बनाने वाला प्रस्ताव पेश किया गया। इस प्रस्ताव के पारित होने पर रूस को अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन का जिम्मेदार माना जाएगा और उस पर यूक्रेन में हुए नुकसान के लिए क्षतिपूर्ति करने के लिए कहा जाएगा। बता दें कि इस प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्यों में से 94 का समर्थन प्राप्त है। आने वाले दिनों में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी। यह प्रस्ताव पारित भी हुआ तो बाध्यकारी नहीं होगा, लेकिन उसका राजनीतिक परिणाम बड़ा होगा। संयुक्त राष्ट्र में यूरोपीय संघ के मिशन ने ट्वीट कर बताया कि आज संयुक्त राष्ट्र महासभा ने रूस को यूक्रेन के खिलाफ अपनी आक्रामकता के लिए जिम्मेदार ठहराया है। कुल 94 देशों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया है जबकि 14 ने इसके खिलाफ मतदान किया है। वहीं, भारत सहित 73 देशों ने भाग नहीं लिया है। इस प्रस्ताव में नुकसान की रजिस्ट्री की सिफारिश की गई है और नुकसान के लिए मुआवजे की आवश्यकता को मान्यता दी गई है। इसके अलावा पश्चिमी देशों द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव में यूक्रेन में रूस की कार्रवाई की निंदा की गई है।
मौसम:
1. दिल्ली-एनसीआर में मौसमी उतार चढ़ाव का दौर जारी है। पिछले कुछ दिनों के दौरान दिल्ली-एनसीआर के तापमान में कभी कमी तो कभी बढ़ोतरी जारी है। मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही मौसम देखने को मिला। सोमवार की तुलना में मंगलवार सुबह कम ठंड रही। इस बीच तेज धूप निकलने के साथ ही ठंड का असर कम है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर के वायु प्रदूषण में भी कमी आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि हवा की दिशा में बदलाव के कारण सोमवार को राजधानी दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के तापमान में भी वृद्धि देखने को मिली। इससे दिन में हल्की गर्माहट का एहसास भी हुआ। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, मंगलवार को सुबह में बेहद हल्का कोहरा छाया रहा। दिन में आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। कुल मिलाकर दिल्ली-एनसीआर के तापमान में हल्का इजाफा होगा। उधर, मौसम विभाग की मानें तो जल्द ही तापमान में फिर से गिरावट होगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार दिन में हवा की दिशा दक्षिणी व उत्तरी-पूर्वी रहने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिला। इस दौरान हवा की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज हुई, लेकिन जल्द ही दिल्ली-एनसीआर में ठंड में इजाफा होना शुरू हो जाएगा।
2. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली में मंगलवार की सुबह आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान दिल्ली व नोएडा के कई जगहों पर हल्की बारिश भी हुई है। माना जा रहा है कि हल्की बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर में अब ठंड तेज होने वाली है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश के साथ एक बार फिर से तेज बर्फबारी शुरू हो गई है। इसका असर उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में साफ देखा जा रहा है। वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी भी घोषित की गई है। तमिलनाडु में बारिश जारी रहने के कारण राज्य के मयिलादुथुराई जिले के सिरकाजी और थारंगमपडी तालुकों में मंगलवार (15 नवंबर, 2022) को स्कूल बंद रहेंगे। राज्य में भारी बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। इससे पहले मयिलादुथुराई जिला कलेक्टर ने स्कूलों के लिए 14 नवंबर, 2022 को छुट्टी की घोषणा की थी। इसे भी आज यानी 15 नवंबर, 2022 तक बढ़ा दिया गया है।
खेल/खिलाड़ी:
1. फीफा विश्व कप से पहले पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बड़ा बयान दिया है। 37 साल के फुटबॉलर ने कहा है कि मैनचेस्टर यूनाइटेड द्वारा उनके साथ विश्वासघात किया जा रहा है और क्लब उन्हें बाहर करना चाह रहा है। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर पीयर्स मोर्गन को दिए इंटरव्यू में रोनाल्डो ने यूनाइटेड क्लब को लेकर कई खुलासे किए। यह पूछे जाने पर कि क्या यूनाइटेड के लोग उन्हें बाहर करना चाह रहे हैं, तो रोनाल्डो ने कहा, ‘हां, केवल कोच ही नहीं, बल्कि क्लब के तीन से चार लोग मुझे बाहर करना चाहते हैं। इसमें क्लब के सीनियर लोग भी शामिल हैं। इस साल ही नहीं, पिछले साल भी कुछ लोगों ने मुझे बाहर करने की कोशिश की।’ रोनाल्डो ने टीम के मैनेजर टैन हेग के बारे में कहा कि मेरे मन में उनके लिए सम्मान नहीं है, क्योंकि वे मेरा सम्मान नहीं करते। यदि आप मेरे लिए सम्मान नहीं रखते तो मैं आपका सम्मान नहीं कर पाऊंगा। रोनाल्डो ने पिछले साल अगस्त में यूनाइटेड में दोबारा वापसी की थी। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि फैंस को सच्चाई पता होनी चाहिए। मैं क्लब के लिए सर्वश्रेष्ठ चाहता हूं, इसलिए मैं यूनाइटेड आया हूं।
2. स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। 30 नवंबर 2022 को उन्हें इस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। अर्जुन पुरस्कार के लिए भी 25 खिलाड़ियों को चुना गया है। इस लिस्ट में बैडमिंटन खिलाड़ियों एचएस प्रणय और लक्ष्य सेन, एल्डोस पॉल, अविनाश साबले, बॉक्सर निखत जरीन जैसे स्टार्स का नाम शामिल है। चार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड, दो एशियन गेम्स में मेडल्स, तीन ओलिंपिक खेलों में हिस्सा लेने के साथ-साथ दो आईटीटीएफ प्रो टूर खिताबों के साथ, शरत कमल भारतीय इतिहास के अब तक के सर्वश्रेष्ठ टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। इनका जन्म 12 जुलाई 1982 को चेन्नई में हुआ था। इनके पिता श्रीनिवास राव और चाचा मुरलीधर राव ने अपने शुरुआती दिनों में टेबल टेनिस खेला था और फिर उन्होंने कोचिंग में हाथ आजमाया। शरत कमल ने चार साल की उम्र में इस खेल को खेलना शुरू किया। उनके पिता और चाचा ने कोचिंग देनी शुरू की, लेकिन शरत को फिर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस खिलाड़ी की खेलने की शैली आक्रामक रही, जिसकी वजह से वह कभी निरंतरता हासिल नहीं कर सके।