News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on throughout the day
भारत
RP Raghuvanshi
26 Nov 2025 01:26 PM
भारत
RP Raghuvanshi
26 Nov 2025 01:26 PM
News Update :
राष्ट्रीय:
केरल के पलक्कड़ जिले के वडक्कनचेरी इलाके में सड़क हादसा हो गया। केरल राज्य सड़क परिवहन निगम की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गई। 38 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह जानकारी राज्य मंत्री एमबी राजेश ने दी है। बुधवार की रात यहां वडक्कनचेरी के पास मंगलम में स्कूली छात्रों को ले जा रही एक पर्यटक बस ने केएसआरटीसी की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बस दलदल में गिर गई। इसमें नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। करीब 38 घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
उत्तरकाशी जिले में हिमस्खलन में फंसे पर्वतारोहियों को बचाने के लिए अब हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल गुलमर्ग के जांबाज मोर्चे पर उतरेंगे। जम्मू कश्मीर से 16 सदस्यीय दल बृहस्पतिवार सुबह उत्तराखंड पहंुच गया। ये जांबाज देहरादून से उत्तरकाशी के लिए रवाना हो गए। इनके लिए वायु सेना के हेलीकाप्टर का इंतजाम किया गया है। गौरतलब है कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स के लिए निकला पर्वतारोहियों का दल बर्फीले तूफान की चपेट में आया है। हिमस्खलन में फंसे पर्वतारोही दल के सदस्यों के बचाव के लिए जम्मू कश्मीर के हाई एल्टीट्यूट वारफेयर स्कूल गुलमर्ग के जांबाजों को उतारा जाएगा।
राजनीति:
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज कर्नाटक के मंड्या में पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। राहुल ने कंधे पर हाथ रखकर मां का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा में मौजूद महिला नेताओं ने सोनिया गांधी का हाथ थाम लिया। करीब 15 मिनट तक पैदल चलने के बाद राहुल ने सोनिया को वापस कार में भेज दिया। सोनिया एक महीना पहले ही कोरोना से उबरी हैं। अभी सोनिया का स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है। कर्नाटक से सोनिया गांधी का गहरा संबंध है। जब कभी गांधी परिवार पर राजनीतिक संकट आया है, तब दक्षिण भारत ने उसे मुश्किल से उबारा है। भारत की दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी दक्षिण भारत की सीटों से लोकसभा चुनाव लड़ा है। इमरजेंसी की बाद जब इंदिरा गांधी की सरकार चली गई थी तो 1980 में जब उन्हें एक सुरक्षित लोकसभा सीट की जरूरत थीं। ऐसे में उन्होंने कर्नाटक के चिकमंगलूर से चुनाव लड़ा था। इंदिरा गांधी ने आंध्रप्रदेश के मेंडक और न्च् के राय बरेली से नामांकन दाखिल किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने राय बरेली की सीट छोड़ दी।
शिवसेना के दो धड़े-उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में विजय दशमी के दिन मुंबई में दशहरा रैलियों को संबोधित किया गया। महाराष्ट्र में शिवसेना के दो धड़ हो चुके हैं और दोनों के बीच असली शिवसेना कौन है, उसकी लड़ाई चल रही हैं। दशहरे के दिन शिवसेना लंबे समय से रैली करती आ रही हैं। लेकिन, साल 2022 में हालात अलग हैं। शिवसेना की शान कहा जाने वाला शिवाजी पार्क का दशहरा रैली उत्सव को काफी संघर्षों से गुजरा। लंबे संघर्ष के बाद उद्धव ठाकरे को शिवाजी पार्क में रैली करने की इजाजत मिली। उद्धव ठाकरे ने दादर के शिवाजी पार्क में अयोजित दशहरा रैली के दौरान असली शिवसेना होने का दावा पेश करते हुए बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर वाले पोस्टर लगाए और बैनर में लिखा था, ‘शिवसेना को बीजेपी का गुलाम नहीं बनने दूंगा’।
अंतर्राष्ट्रीय:
उत्तर कोरिया लगातार बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण कर रहा है। हाल ही में उसने जापान के ऊपर से भी बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी। उत्तर कोरिया के बहाने अमेरिका ने रूस और चीन पर निशाना साधा है। दोनों देशों का नाम लिए बिना अमेरिका ने कहा कि रूस और चीन प्योंगयांग को अपने परमाणु हथियारों और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों पर लगाए गए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंधों से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। यूएन में अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस ग्रीनफील्ड ने कहा कि उत्तर कोरिया को यूएन के दो सदस्यों से पूरी सुरक्षा मिली है। संक्षेप में, सुरक्षा परिषद के दो स्थायी सदस्यों ने किम जोंग उन को सक्षम बनाया है।
अमेरिका के पड़ोसी देश मैक्सिको में बंदूकधारियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर 18 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है। इस वारदात में मैक्सिको सिटी के मेयर की भी मौत हुई है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध से जुड़े बंदूकधारियों ने दक्षिण पश्चिम मेक्सिको के सैन मिगुएल तोतोलापन में सिटी हॉल और पास के एक घर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिसमें कम से कम 18 लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए। घटना की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं। जिनमें सिटी हॉल की दिवारों पर गोलियों के सैकड़ों निशान नजर आ रहे हैं। हॉल की खिड़कियों के कांच भी टूटे हुए हैं।
मौसम:
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, यूपी, दिल्ली एनसीआर, हरियाणा समेत कुछ राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा अनुमान के अनुसार दक्षिण महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी में भी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आज भारी से अतिभारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि यह सिलसिला अभी आठ अक्तूबर तक जारी रह सकता है। विभाग के मुताबिक आज यूपी के 51 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले चार दिन तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश होने की संभावना है। आकाश में बादल छाए रहेंगे। अनेक इलाकों में हल्की से मध्यम श्रेणी की बारिश हो सकती है।
कारोबार:
एलन मस्क और ट्विटर आने वाले समय में अपने बीच चल रहे विवाद सुलझा सकते हैं। इसके बाद जल्द एलन मस्क की सोशल मीडिया दिग्गज को खरीदने की डील एक बार फिर से पटरी पर आ सकती है। बताया गया है कि टेस्ला के सीईओ मस्क ने ट्विटर को एक प्रस्ताव दिया है, जिसमें कहा गया है कि अगर ट्विटर मुकदमे को छोड़ एक बार फिर से बातचीत की टेबल पर आता हैं, तो वह इस साल अप्रैल में ट्विटर के साथ हुए 54.20 डॉलर प्रति शेयर के समझौते पर दोबारा लौट सकते हैं।
खेल/खिलाड़ी:
अनुभवी शिखर धवन की अगुवाई में युवा जोश से लबरेज टीम इंडिया मजबूत दक्षिण अफ्रीका को पहले वनडे मैच में हराने के इरादे से बृहस्पतिवार को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में उतरेगी। इसके साथ ही भारतीय टीम 12 वर्ष बाद अपनी धरती पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज जीतना चाहेगी। इस वर्ष जनवरी में दक्षिण अफ्रीका में खेली गई वनडे सीरीज में टीम इंडिया को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में टीम इंडिया उस हार का हिसाब चुकाने का लक्ष्य लेकर मुकाबले में उतरेगी। भारत ने अपनी धरती पर इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2010 में तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती थी।