News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on throughout the day
भारत
चेतना मंच
26 Nov 2025 03:33 PM
राष्ट्रीय:
ज्ञानवापी मस्जिद से जुड़ी अदालती कार्रवाई में शुक्रवार को एक अहम फैसला आने वाला है। चार महिला याचिकाकर्ता, जिनकी मांग पर इस मामले की अदालती सुनवाई शुरू हुई, उन्होंने बनारस की जिला जज की अदालत में सील किए गए वजूखाने की कार्बन डेटिंग करने की मांग की थी। इस अर्जी पर सुनवाई करने के बाद जिला जज ने शुक्रवार को फैसला सुनाने की तारीख निर्धारित की है। इसी साल मई के महीने में ज्ञानवापी मस्जिद का सर्वे हुआ था, जिसके बाद हिन्दू पक्ष ने दावा किया था कि मस्जिद के वजूखाने के बीचों बीच एक ‘शिवलिंग’ बरामद हुआ है, जिसके बाद एक निचली अदालत ने उसे सील करने के आदेश दिए थे।
2. दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में आज ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने दिल्ली, हैदराबाद और पंजाब के 35 जगहों पर छापेमारी की है। ईडी ने यह कार्रवाई सबूत जुटाने के लिए की है। दूसरी ओर, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज 30वें दिन में प्रवेश कर गई है। सांसद राहुल गांधी ने मांड्या जिले के मल्लेनहल्ली से एक बार फिर पदयात्रा शुरू कर दी है। बीते दिन सोनिया गांधी भी इस पदयात्रा में शामिल हुईं थीं। वहीं, आज केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सिक्किम के गंगटोक में पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र डेयरी सहकारी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
3. नेशनल हाईवे-19 स्थित आनंद इंजीनियरिंग कालेज में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली में शुक्रवार को मांट मथुरा और फतेहाबाद आगरा के युवाओं ने भाग लिया। 68 प्रतिशत युवा दौड़ में फेल हो गए। गुरुवार की रात 12 बजे से रैली शुरू हुई। वहीं शनिवार को आगरा और फिरोजाबाद के युवाओं को मौका मिलेगा। सेना भर्ती कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि सबसे अधिक युवा दौड़ में फेल हो रहे हैं। गुरुवार रात एक बजे युवाओं को रैली स्थल में प्रवेश दिया गया।
4. भारतीय रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला जारी है। आज शुक्रवार को भारतीय रेलवे ने कुल 151 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें से 122 ट्रेनों को पूरी तरह से और 29 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। इसमें लोकल, मेल, स्पेशल और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे की ओर से इन गाड़ियों को रद्द करने पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि बारिश और मरम्मत संबंधी कारणों के चलते इन ट्रेनों को निरस्त किया गया है। इसके आलावा रेलवे ने 10 ट्रेनों को रीशेड्यूल्ड (समय में परिवर्तन) और 19 ट्रेनों को डाइवर्ट किया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु से चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। ऐसे में अगर आपने कही ट्रेन से यात्रा करने के लिए आज की बुकिंग करा रखी है, तो आपको यात्रा पर निकलने से पहले एक रद्द की गई ट्रेनों की सूची की एक बार देख लेना चाहिए।
5 . मुंबई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को फिर बड़ी कामयाबी मिली है। ब्यूरो ने मुंबई के एक गोदाम से 120 करोड़ रुपये मूल्य की 50 किलो मेफेड्रोन दवा जब्त की है। इस मामले में एयर इंडिया के पूर्व पायलट समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एनसीबी के उप महानिदेशक एसके सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सिंह ने बताया कि यह एमडी ड्रग मुंबई के एक गोदाम में छिपाकर रखी गई थी। मुखबिर की सूचना पर गोदाम पर छापा मारा गया। एनसीबी ने इस मादक पदार्थ के तस्कर गिरोह के सरगना समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मुंबई के ही रहने वाले हैं।
6. गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह आज गंगटोक में पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र डेयरी सहकारी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह आज सिक्किम में हैं। वह यहां गंगटोक में पूर्वी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र डेयरी सहकारी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वहीं, शाम में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम के गुवाहाटी पहुंचेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय:
रूस और यूक्रेन संकट पर अमेरिका अपनी नजर बनाए हुए है। अमेरिका यूक्रेन को हरसंभव मदद दे रहा है, तो वहीं रूस पर उसने कई तरह के प्रतिबंध लगा रखे हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि 1962 के क्यूबा मिसाइल संकट के बाद से परमाणु तबाही का खतरा अपने चरम पर है। बाइडन की यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है, जब रूस लगातार यूक्रेन के खिलाफ परमाणु हथियार के इस्तेमाल की धमकी दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने वाशिंगटन हाउस में प्रेस से बात करते हुए कहा कि पुतिन एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्हें मैं बेहद अच्छी तरह जानता हूं और जब वह परमाणु या रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की बात करते हैं, तब वह मजाक नहीं कर रहे होते हैं। बाइडन ने कहा कि हमने कैनेडी और क्यूबा मिसाइल संकट के बाद से इस स्तर की परमाणु तबाही की संभावना का सामना नहीं किया है।
2 . अमेरिका के इंडियाना राज्य में 20 वर्षीय एक भारतीय मूल के छात्र की हत्या कर दी गई। इंडियाना राज्य के पर्ड्यू विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले 20 वर्षीय भारतीय मूल के छात्र वरुण मनीष छेड़ा की छात्रावास में हत्या कर दी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उनके कोरियाई रूममेट को हिरासत में ले लिया गया है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
मौसम:
देश के कई राज्यों से मानसून की विदाई हो गई है, लेकिन कई राज्यों में झमझाम बारिश देखने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले दो दिन से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो आज यानी 7 अक्टूबर को यूपी और उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना है। विभाग ने इन राज्यों रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा सहित कई राज्यों में भी तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आज 25 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम श्रेणी के वर्षा होने के आसार है। गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 30 जबकि न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
कारोबार:
भारत की अर्थव्यवस्था के लिहाज से यह खबर बिल्कुल भी अच्छी नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक के बाद अब विश्व बैंक ने भी भारत के विकास दर के अनुमान को घटा दिया है। विश्व बैंक के मुताबिक 2022-23 में भारत का जीडीपी 6.5 फीसदी रहने का अनुमान है। इससे पहले विश्व बैंक ने जून में भारत के जीडीपी को 7.5 फीसदी रहने का अनुमान जताया था। लेकिन, इस बार इसमें कमी कर दी गई है। भारतीय अर्थव्यवस्था के लिहाज से अच्छी खबर नहीं है। हालांकि अभी भी विश्व बैंक का मानना है कि दुनिया के अन्य देशों की तुलना में भारत तेजी से रिकवर कर रहा है। आपको बता दें कि बीते वित्त वर्ष के दौरान भारत की वृद्धि दर 8.7 प्रतिशत रही थी।
खेल/खिलाड़ी:
भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रहे तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले ही मैच में अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से क्रिकेट फैंस के मन को जीत लिया। संजू सैमसन को पहली बार भारतीय धरती पर वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका मिला और इस मैच में उन्होंने अपने वनडे करियर की बेस्ट पारी भी खेल डाली। इस पारी के दम पर उन्होंने पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ और रिषभ पंत के रिकार्ड को भी तोड़ दिया। हालांकि भारत को इस मैच में संजू की संघर्षपूर्ण पारी के बाद भी 9 रन से हार मिली। संजू सैमसन ने इस मैच में प्रोटियाज के खिलाफ 63 गेंदों पर 3 छक्के और 9 चौकों की मदद से नाबाद 86 रन बनाए। अपनी इस पारी के बाद वो भारत के लिए वनडे क्रिकेट में साउथ अफ्रीका के खिलाफ चेज करते हुए हारे हुए मैच में दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया। संजू अब इस मामले में दूसरे नंबर पर आ गए जबकि द्रविड़ तीसरे नंबर पर खिसक गए। वनडे में चेज करते हुए प्रोटियाज के खिलाफ हारे हुए मैच में सबसे बड़ी पारी भारत के लिए खेलने का रिकार्ड विराट कोहली के नाम पर दर्ज है और उन्होंने ये पारी साल 2011 में खेली थी।
भारतीय पुरूष और महिला हॉकी टीम के कोच ग्राहम रीड और यानेके शॉपमैन को अपने वर्गों में एफआईएच के साल के सर्वश्रेष्ठ कोच चुने गये। लगातार दूसरी बार रीड ने यह पुरस्कार अपने नाम किया है। जबकि भारतीय कोच शोर्ड मारिन ने पिछले सत्र का महिला टीम के लिये एफआईएच साल के सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार जीता था। आस्ट्रेलिया के रीड के मार्गदर्शन में भारत ने नई ऊंचाइयां छुईं, जिसमें 41 साल के अंतराल बाद 2021 में तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतना शामिल रहा।