News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on
भारत
चेतना मंच
26 Nov 2025 02:34 PM
राष्ट्रीय :
1. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का तीन दिवसीय गुजरात दौरा आज से शुरू हो रहा है। पीएम मोदी 9 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। गुजरात दौरे के दौरान पीएम 14,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। पीएमओ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी आज शाम करीब साढ़े पांच बजे मेहसाणा के मोढेरा में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। जिसके बाद वो शाम करीब 6ः45 पर मोधेश्वरी माता मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे और शाम 7ः30 पर सूर्य मंदिर में दर्शनों का लाभ लेंगे।
2. भारतीय रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला जारी है। रविवार को भी रेलवे की ओर से 158 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। इनमें से 131 ट्रेनों को पूरी तरीके और 27 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रेलवे की ओर से इन ट्रेनों को रद्द करने के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं दिया गया है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि बारिश और परिचालन कारणों के चलते इन ट्रेनों को रद्द किया गया है। इन ट्रेनों में मेल, पैसेंजर और एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अवाला रेलवे द्वारा 13 ट्रेनों को रीशेड्यूल (समय में परिवर्तन) और 10 ट्रेनों को डायवर्ट (मार्ग में बदलाव) किया गया है। रद्द, रीशेड्यूल और डायवर्ट की गई ट्रेनों में पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र से चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
News Update :
3. हैदराबाद की कस्टम विभाग की टीम ने सोने की तस्करी करने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ 72 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा सीमा शुल्क विभाग की टीम ने दुबई से आ रहे दो लोगों से भी करीब 855 ग्राम सोना जब्त किया है।
4. यूपी के बहराइच जनपद में बारावफात का जुलूस निकालने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। घटना कोतवाली नानपारा के भग्गड़वा गांव की है। तड़के करीब 4 बजे बारावफात का जुलूस निकाला जा रहा था। इस दौरान ठेले पर लगी लोहे की रॉड 11 हजार वोल्ट को हाइटेंशन लाइन से टच हो गई, जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया। डीएम और एसपी ने भी घायलों का हालचाल जाना।
राजनीति :
1. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के 32वें दिन की शुरूआत तुमकुर जिले के तिप्तूर से की।
2. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवारों मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों का अपना कद है और अच्छी समझ वाले व्यक्ति हैं। इन्हें रिमोट कंट्रोल से नहीं चलाया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों नेताओं के बारे में रिमोट कंट्रोल की धारणा उनके प्रति अपमानजनक बात है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाल रहे राहुल गांधी ने मीडियाकर्मियों से कहा कि वह कॉरपोरेट के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि राजनीतिक संरक्षण से व्यवसाय के क्षेत्र में दो-तीन लोगों का एकाधिकार स्थापित करने का जो प्रयास हो रहा है, उसके विरूद्ध हैं।
अंतर्राष्ट्रीय :
अमेरिका के टॉप ऑफिशियल्स ने तालिबान सरकार के अधिकारियों से मुलाकात की है। ये मुलाकात अहम मानी जा रही है क्योंकि अमेरिकी डेलिगेशन जुलाई में हुई अल कायदा नेता अयमान अल-जवाहिरी की मौत के बाद पहली बार दोहा पहुंचा है। इस बैठक की जानकारी देने वाले एक अधिकारी ने कहा कि सीआईए के डिप्टी डायरेक्टर और अफगानिस्तान मामलों से जुड़े टॉप स्टेट डिपार्टमेंट ऑफिशियल ने दोहा में अल-जवाहिरी की मौत के बाद पहली बार तालिबानी डेलिगेशन के साथ फेस-टू-फेस मुलाकात की है। इस दौरान तालिबान का इंटेलिजेंस हेड अब्दुल हक वसीक भी मौजूद रहा।
News Update :
मौसम :
मानसून की विदाई के बाद भी अक्टूबर में कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 9 अक्टूबर 2022 को यूपी, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने रविवार को यूपी, उत्तराखंड और तमिलनाडु में भारी बारिश को देखते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित 23 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली-एनसीआर में और बारिश की संभावना जताई है। आज बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिल्ली के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश होने से हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ और ये अच्छी श्रेणी में आ गई और पारा भी नीचे गिरा है। दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिन से हो रही बारिश से मौसम में बदलाव तो आया ही है, इसके साथ ही लोगों को नई मुसीबतें भी झेलने पड़ रही हैं। कई हिस्सों में यातायात बाधित रहा। दिल्ली में रविवार को भी भारी बारिश के आसार है।
कारोबार :
इन्फोसिस पर अमेरिका में जेंडर बायस्ड रिक्रूटमेंट करने के आरोप लगे। कंपनी की पूर्व सीनियर रिक्रूटर ने आरोप लगाए कि कंपनी में भेदभाव की बात उजागर करने के बाद उनसे ही भेदभाव होने लगा। कंपनी में टैलेंट एक्विजिशन के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट जिल प्रेजॉन ने इन्फोसिस के पूर्व सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एंड कसंल्टिंग हेड मार्क लिविंग्सटन समेत पूर्व पार्टनर डैन अलब्राइट और जेरी कर्ट्ज पर केस दर्ज कराया। वर्ष-2018 के दौरान 59 की उम्र में प्रेजॉन ने टैलेंट एक्विजिशन के रूप में इन्फोसिस जॉइन की थी। उन्हें हार्ड-टू-फाइंड एग्जीक्यूटिव ढूंढने के लिए हायर किया गया। उन्होंने हायरिंग नीड समझने के लिए इन्फोसिस पार्टनर के साथ कई मीटिंग की। मीटिंग में उन्हें पता लगा कि इंडियन वर्कर्स, महिलाए,ं जिनके बच्चे हों, और 50 साल से ज्यादा उम्र के एप्लीकेंट्स को हायरिंग में प्राथमिकता नहीं दी जाती।
खेल/खिलाड़ी :
1. भारतीय टीम आज 9 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के दूसरे एक दिवसीय मैच के लिए मैदान में उतरेगी। यह मुकाबला एमएस धोनी के गृहस्थान रांची में खेला जाएगा। धोनी को दुनिया के महान खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। सीरीज के दूसरे मैच से पहले भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने माही की जमकर तारीफ की है। मेहमान टीम के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में शार्दुल ठाकुर ने अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 8 ओवरों में 35 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। हालांकि, बाद में 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम 240 रन ही बना सकी।
News Update :
2. ओलंपियन श्रीहरि नटराज ने सरदार पटेल तरणताल परिसर में पुरूषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्द्धा में पहला स्थान हासिल कर राष्ट्रीय खेलों में तैराकी स्पर्द्धा में छठे स्वर्ण पदक से अपना अभियान खत्म किया। नटराज ने 50.41 सेकेंड से समय स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया। कर्नाटक के तैराक के सीनियर साथी साजन प्रकाश (केरल) ने पांच स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। शनिवार को नटराज 100 मीटर फ्रीस्टाइल में शीर्ष पर रहे जबकि साजन सातवां स्थान ही हासिल कर सके।
3. दिल्ली के मोहित सहरावत ने कंधे की चोट के बावजूद राष्ट्रीय खेलों की पुरूषों की 81 किग्रा जूडो स्पर्द्धा में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। मोहित का दाहिना कंधा अपनी जगह से हिल गया था, लेकिन उन्होंने और चोट से बचने के बजाय मुकाबला खेलने का फैसला किया। फिर उन्होंने दोनों सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबला जीत लिया। इस साल के शुरू में लखनऊ में सीनियर राष्ट्रीय खिताब जीतने वाले मोहित का कंधा पंजाब के सरबजीत सिंह के खिलाफ क्वार्टर फाइनल के बीच में ही उतर गया था।