News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिस पर दिनभर रहेगी हमारी नजर
The headlines so far, the news that we will keep our eyes on throughout the day
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:29 AM
राजनीतिक :
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में नामांकन के आखिरी दिन मल्लिकार्जुन खड़गे ने वाइल्ड कार्ड एंट्री मारी। उनसे पहले शशि थरूर और झारखंड के कांग्रेस लीडर केएन त्रिपाठी ने नामांकन किया। गांधी परिवार के बैकडोर सपोर्ट की वजह से खड़गे का कांग्रेस अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो खड़गे बाबू जगजीवन राम के बाद दूसरे दलित अध्यक्ष बनेंगे। खड़गे के नॉमिनेशन के दौरान 30, जबकि थरूर के नॉमिनेशन के दौरान 9 कांग्रेस नेता प्रस्तावक के तौर पर मौजूद थे।
कर्नाटक में बारिश के कारण बाधित हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एक बार फिर से चामराजनगर के टोंडवाडी गेट से शुरू हो गई है। राहुल गांधी अपने समर्थकों के साथ लोगों से मिलने के लिए सड़क पर उतर आए हैं। इस दौरान राहुल लोगों का हाल समाचार लेते नजर आए। आज पदयात्रा का 24वां दिन है। बता दें कि सुबह 6.30 बजे शुरू होने वाली भारत जोड़ो यात्रा में आज देरी हो गई। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के अनुसार, यात्रा शनिवार को चामराजनगर जिले के थोंडावाड़ी से सुबह 6.30 बजे शुरू होनी थी, लेकिन मूसलाधार बारिश के कारण प्रभावित हो गई।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दो सप्ताह पहले अहमदाबाद में अपने घर पर बहुप्रचारित रात्रिभोज के लिए आमंत्रित करने वाले ऑटोरिक्शा चालक विक्रम दंतानी ने यू-टर्न ले लिया है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक और भारतीय जनता पार्टी के कट्टर समर्थक हैं। दंतानी को शहर के थलतेज इलाके में मोदी की एक सार्वजनिक रैली में भगवे रंग का पटका रखे और टोपी पहने देखा गया।
अंतरराष्ट्रीय :
उत्तर कोरिया ने एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया है। जापानी रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को इस खबर की पुष्टि की है। जापानी मीडिया के अनुसार, उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं, जिन्हें जापान सागर की ओर दागा गया है। जापानी मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि आगे के विवरण का विश्लेषण किया जा रहा है। बता दें कि उत्तर कोरिया ने ये परीक्षण अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के दक्षिण कोरिया के दौरे के दौरान किया है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के शुक्रवार को दक्षिण कोरिया पहुंचने के एक दिन के बाद उत्तर कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं।
खेल/खिलाड़ी :
जसप्रीत बुमराह की चोट के बाद बीसीसीआई ने आस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप में दो अतिरिक्त तेज गेंदबाज बैकअप के तौर पर भेजने का निर्णय किया है। दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध टीम में शामिल किए गए मोहम्मद सिराज और तूफानी तेज गेंदबाज उमरान मलिक छह अक्टूबर को भारतीय दल के साथ पर्थ के लिए उड़ान भरेंगे। यहां टीम करीब एक सप्ताह शिविर में अभ्यास करेगी और पश्चिम आस्ट्रेलिया के साथ अभ्यास मैच खेलेगी।
विज्ञान :
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज देश में 5जी दूरसंचार सेवाओं की शुरुआत करेंगे। देश में 5जी सेवा शुरू होने के बाद संचार क्रांति के एक नए युग की शुरुआत होगी। इससे सिम लेस कवरेज, हाई डाटा रेट, लो लेटेंसी और अत्यधिक विश्वसनीय संचार प्रणाली की सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार वह दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में शनिवार को 5जी सेवाओं की शुरुआत करने वाले हैं। इस अवसर पर देश के तीन प्रमुख दूरसंचार ऑपरेटर भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी हाई स्पीड मोबाइल इंटरनेट सुविधा के शुभारंभ के दौरान दिल्ली के द्वारका सेक्टर 25 में मेट्रो के आगामी स्टेशन की भूमिगत सुरंग से 5जी सेवाओं के कामकाज का प्रदर्शन भी देखेंगे।
कारोबार :
सरकारी तेल वितरण कंपनियों की ओर से 1 अक्टूबर, 2022 को 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 36.5 रुपये तक की कटौती का ऐलान किया है। इस कमी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर का दाम घटकर 25.5 रुपये घटकर 1859.5 रुपये का हो गया है। कोलकाता में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,995.50 रुपये के बजाय 1,959 रुपये होगी। मुंबई में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,844 रुपये के बजाय 1,811.50 रुपये और चेन्नई में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत आज से 2,045 से 2,009.50 होगी। हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में कमी को लेकर कोई भी ऐलान नहीं किया गया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय रक्षा उद्योग से कहा कि नई ऊंचाइयों पर पहुंचने के लिए वह नए निवेश करे और अनुसंधान पर ज्यादा जोर दे। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के 117वें वार्षिक सत्र को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, ‘नए निवेश कीजिए, अनुसंधान तथा विकास पर और जोर दें और भारतीय रक्षा उद्योग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए पूरी क्षमता का उपयोग करें। आपके ये प्रयास न केवल रक्षा उद्योग के लिए, बल्कि देश की वृद्धि के लिए भी महत्वपूर्ण होंगे।’