NIA & ED : एनआईए और ईडी की कार्रवाई के खिलाफ पीएफआई का उग्र विरोध
PFI's fierce protest against the action of NIA and ED
भारत
RP Raghuvanshi
26 Nov 2025 07:12 PM
Coimbatore : कोयंबतूर। पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के 13 राज्यों में ठिकानों पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और ईडी की छापेमारी और उसके 100 से अधिक सदस्यों की गिरफ्तारी से संगठन में उबाल आ गया है। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई के विरोध में पीएफआई ने शुक्रवार को केरल में बंद का आह्वान किया है। इसके तहत राज्य के कई शहरों में तोड़फोड़ व बवाल की खबरें आ रही हैं। कोयंबतूर में भाजपा कार्यालय में तोडफोड़ की भी खबर है।
NIA & ED :
कोट्टायम में बंद का समर्थन कर रहे लोगों ने एक ऑटो रिक्शा और एक कार पर पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। कार्यकर्ता एनआईए के छापे और पीएफआई के नेताओं की गिरफ्तारी का उग्र विरोध कर रहे हैं। अलुवा के निकट कंपनीपाडी में उग्र लोगों ने केरल राज्य परिवहन निगम की बस में तोड़फोड़ की। पीएफआई के प्रदेश महासचिव ए अब्दुल सत्तार ने एक बयान में गुरुवार को कहा था कि हड़ताल सुबह छह से शाम छह बजे तक होगी।
एनआईए व अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों ने कल देशभर में पीएफआई के कार्यालयों और उसके प्रमुखों से जुड़े परिसरों पर छापे मारे थे। इस दौरान 100 से ज्यादा नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। केरल बंद को देखते हुए पुलिस ने राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी है। जिला पुलिस प्रमुखों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, सरकारी बस सेवा केएसआरटीसी ने कहा है कि वह बसों का संचालन जारी रखेगी। परिवहन निगम ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अस्पतालों, हवाई अड्डे तथा रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने के लिए विशेष सेवा संचालित की जाएगी। परिवहन निगम ने कहा कि अगर जरूरी हुआ तो पुलिस सुरक्षा की भी मांग की जाएगी।