Nikay Chunav : उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू
Voting begins for second phase of Uttar Pradesh urban body elections
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:54 AM
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत राज्य के 38 जिलों में बृहस्पतिवार को मतदान शुरू हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक प्रदेश के मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलन्दशहर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, कानपुर नगर, कानपुर देहात तथा अमेठी समेत 38 जिलों में बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। वोट शाम छह बजे तक डाले जाएंगे।
Nikay Chunav
दूसरे चरण में 38 जिलों में 1.92 करोड़ से अधिक मतदाता
अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले नगरीय निकाय चुनाव को प्रदेश के शहरी मतदाताओं के बीच राजनीतिक दलों के आकलन की कसौटी के रूप में देखा जा रहा है। इन चुनाव के लिए प्रचार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों के पहले चरण के तहत गत चार मई को मतदान हुआ था। चुनाव परिणामों की घोषणा आगामी 13 मई को की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण के तहत राज्य के 38 जिलों में 1.92 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे।
दूसरे चरण में मेरठ, गाजियाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, अलीगढ़, कानपुर और अयोध्या नगर निगमों के महापौर का भी चुनाव होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि द्वितीय चरण में प्रदेश के सात नगर निगमों के महापौर पद के लिए 83 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि इन सात नगर निगमों में पार्षद के 581 पद के लिए 3,840 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार 95 नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष पद के लिए 969 उम्मीदवार और नगर पालिका परिषदों के 2,520 सदस्यों के लिए 13,315 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुमार ने बताया कि नगर पंचायतों के 267 अध्यक्षों के पद के लिए 2,942 उम्मीदवार तथा इनके 3,459 सदस्यों के पद के लिए 17,997 उम्मीदवार मैदान में हैं।
Nikay Chunav
महापौर के लिए बनाए गए 1,798 मतदान केंद्र
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि सात नगर निगमों-मेरठ, गाजियाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, अलीगढ़, कानपुर नगर एवं अयोध्या में महापौर एवं पार्षदों के निर्वाचन के लिए 6,111 मतदेय स्थल एवं 1,798 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इसी तरह 95 नगर पालिका परिषदों में 8,198 मतदेय स्थल तथा 2,537 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। कुमार ने बताया कि 268 नगर पंचायतों एवं 3,495 नगर पंचायत वार्डों के लिए 5,309 मतदेय स्थल एवं 2,043 मतदान केंद्र बनाये गये हैं।
शाहजहांपुर में भाजपा के जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा के मुताबिक, राज्य सरकार के मंत्री जितिन प्रसाद और सुरेश खन्ना शाहजहांपुर में वोट डालेंगे। उप्र सरकार में एक और मंत्री जेपीएस राठौर भी शाहजहांपुर में अपना वोट डालेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार करते हुए कानपुर, अयोध्या और अलीगढ़ सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।
उत्तर प्रदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।