विज्ञापन
विज्ञापन
बिहार की सत्ता में काबिज जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा सस्पेंस मंगलवार को खत्म हो गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं।

Bihar News : बिहार की सत्ता में काबिज जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा सस्पेंस मंगलवार को खत्म हो गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। नाम वापसी की निर्धारित समयसीमा मंगलवार सुबह 11 बजे समाप्त होने के बाद उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया। चूंकि इस पद के लिए किसी अन्य दावेदार ने चुनौती नहीं दी, इसलिए नीतीश कुमार का निर्वाचन लगभग औपचारिकता भर रह गया। पार्टी की ओर से उनके नाम की आधिकारिक घोषणा दोपहर 2:30 बजे जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यालय में की जाएगी। इस मौके पर संगठन के कई वरिष्ठ नेता और प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। जेडीयू के निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े औपचारिक रूप से उनके निर्वाचन का ऐलान करेंगे। नीतीश कुमार के लिए यह चौथा अवसर है, जब वे पार्टी की राष्ट्रीय कमान संभाल रहे हैं। इससे पहले वर्ष 2016 में शरद यादव के पद छोड़ने के बाद उन्हें पहली बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद 2019 में भी उन्हें दोबारा अध्यक्ष चुना गया था।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में नीतीश कुमार ने स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ते हुए यह जिम्मेदारी आरसीपी सिंह को दे दी थी। बाद में आरसीपी सिंह के बाद ललन सिंह पार्टी अध्यक्ष बने। हालांकि, दिसंबर 2023 में ललन सिंह के इस्तीफे के बाद एक बार फिर संगठन की कमान नीतीश कुमार के हाथों में आ गई। तब से वे ही इस पद पर बने हुए हैं और अब एक बार फिर उन्हें औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। पिछले कुछ समय से राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी तेज थी कि पार्टी की अगली कमान शायद निशांत कुमार को सौंपी जा सकती है। लेकिन फिलहाल जेडीयू ने एक बार फिर अपने सबसे अनुभवी चेहरे पर भरोसा जताया है।
इस बीच, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक सक्रियता भी लगातार चर्चा में बनी हुई है। उन्होंने जेडीयू के साथ अपनी औपचारिक राजनीतिक भागीदारी बढ़ाई है और हाल के दिनों में कई सामाजिक व राजनीतिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी देखी गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी उनकी एंट्री को लेकर उत्साह का माहौल है। हालांकि, फिलहाल पार्टी नेतृत्व ने संगठन की कमान नीतीश कुमार के हाथों में ही बरकरार रखी है। ऐसे में आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि निशांत कुमार की भूमिका पार्टी में किस रूप में तय होती है। Bihar News
विज्ञापन