Noida: नोएडा । नोएडा प्राधिकरण(Noida Authority) की कड़ी चेतावनी के बाद भी घर-घर कूड़ा उठाने वाली कंपनी एजी एनवायरो इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड सुधरने का नाम नहीं ले रही है। कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही का आलम यह है कि करीब साढे 4 वर्षों के दौरान इस कंपनी पर डेढ़ करोड़ रुपए का जुर्माना थोपा जा चुका है फिर भी शिकायतों में कमी नहीं आ रही है। बता दें कि नोएडा में घर-घर कूड़ा उठाने तथा उसका निस्तारण करने के लिए प्राधिकरण ने सितंबर 2018 में एजी एनवायरो इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ 10 वर्ष के लिए अनुबंध किया था। इसके तहत प्राधिकरण को इस दौरान उक्त कंपनी को 306.6 करोड़ रूपये का भुगतान करना है।
कंपनी पर प्राधिकरण द्वारा थोपेे जाने वाली जुर्माने की रकम इसी रकम से समायोजित की जा रही है। कंपनी द्वारा जगह-जगह कूड़ा न उठाने तथा पैसे लेकर कवाडिय़ों का कूड़ा उठाने जैसी अक्सर कई शिकायतें मिलती रहती हैं।।इससे नाराज होकर नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी एजी एनवायरो को काली सूची में डालने तथा अनुबंध समाप्त करने की चेतावनी भी दे चुकी है। इसके बावजूद भी कंपनी की कार्यप्रणाली में सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। प्राधिकरण के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि यदि एजी एनवायरो का यही आलम रहा तो इसका अनुबंध समाप्त किया जा सकता है।