Noida Authority News : आर्थिक हालत सुधारने में जुटा नोएडा प्राधिकरण
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 05:36 PM
Noida : नोएडा। आर्थिक बदहाली से जूझ रहे नोएडा प्राधिकरण ने अब अब अपनी माली हालत सुधारने में जुट गया है। प्राधिकरण ने करोड़ों के बकाये का भुगतान न करने पर सेक्टर-93 के गेझा गांव स्थित एक प्ले स्कूल का सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से दूसरे बकायेदारों में हड़कंप मचा हुआ है। इस भूमि का आवंटन वर्ष-2004 में प्रज्ञावतरण एजुकेशनल सोसाइटी के नाम से किया गया था।
नोएडा प्राधिकरण ने जुलाई 2004 में प्रज्ञावतरण एजुकेशनल सोसायटी के नाम से 1950 वर्गमीटर भूमि का आवंटन किया था। उस पर 31 जुलाई 2004 को कब्जा दे दिया। आवंटी को साल, 2013 तक भूखंड की बकाया किस्त जमा करनी थी। वह जमा नहीं की गई। साथ ही भवन का निर्माण कर कार्यशील सर्टिफिकेट नहीं लिया गया। आवंटी पर जनवरी 2022 तक ब्याज लगाकर करीब 10.39 करोड़ रुपये का बकाया हो गया। प्राधिकरण ने बताया कि बकाया जमा करने के लिए आवंटी को साल, 2019 में दो बार, 2021 और 2022 को कुल चार बार नोटिस जारी किया गया। लेकिन, आवंटी ने पैसा जमा नहीं किया।
स्कूल प्रबंधक अदिति जैन अनिल ने बताया कि प्राधिकरण में हमने एप्लीकेशन दी थी कि हम इतने पैसे देने में सक्षम नहीं हैं। हमें किस्तों में छूट और अतिरिक्त समय दी जाए। प्राधिकरण ने स्कूल के सभी कमरों को सील कर दिया। इन कमरों में स्कूल का सामान बेंच, स्टॉफ का खाना, कैमरे और काफी सामान था। बाद में प्रबंधन के कहने पर कमरों की सील खोलकर सामान निकाला और फिर से इन कमरों को सील किया गया। सीलिंग के दौरान स्टॉफ का रो-रोकर बुरा हाल था। उनका कहना था कि उनकी क्या गलती है। हमारे पास पैसे नहीं थे, लेकिन बच्चों को पढ़ा रहे थे।
जानकारी मुताबिक स्कूल में कोविड काल से पहले करीब 200 बच्चे पढ़ते थे। कोविड के बाद यहां स्कूल में काफी कम बच्चे पढ़ने आ रहे थे। बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जा रही थी। प्राधिकरण ने मई 2022 में भी स्कूल में कुछ कमरों को सील कर चेतावनी दी थी कि जल्द ही बकाया जमा कर दो अन्यथा स्कूल को सील कर दिया जाएगा। लेकिन आंवटी ने पैसा जमा नहीं किए।