
Noida Big News / नोएडा (चेतना मंच)। सेक्टर-2 में वाहन चेकिंग के दौरान बुलेट सवार दो बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तान दी। पुलिसकर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए दोनों बदमाशों को दबोच लिया। इनके पास से एक पिस्टल व तमंचा बरामद हुआ है।
थाना फेस-1 प्रभारी ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि पुलिस बल सेक्टर 2 में एसबीआई बैंक के पास वाहनों की चेकिंग कर रहा था। इस दौरान बुलेट पर आ रहे दो युवकों को पुलिसकर्मियों ने जांच के लिए रोका। पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते इससे पहले ही बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान कर भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए दोनों बदमाशों को दबोच लिया। तलाशी उनके पास से एक पिस्टल, तमंचा व कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम गौरव भाटी पुत्र प्रमोद कुमार निवासी प्रशांत गार्डन खोड़ा कॉलोनी व शुभम कुमार पुत्र शंभूनाथ निवासी वंदना विहार खोडा कॉलोनी जनपद गाजियाबाद बताया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी अवैध शस्त्रों के बल पर लोगों को दबंगई दिखाते हैं तथा दुकानों से बिना पैसे दिए समान ले लेते हैं। आरोपी खोड़ा क्षेत्र में भी अवैध शस्त्र दिखाकर लोगों पर रौब गालिब करते थे। पूर्व में भी आरोपी सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न कर चुके हैं। आरोपी गौरव भाटी के खिलाफ खोड़ा थाने में भी मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।