Noida: नोएडा । अंतर्राष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले गिरोह के 10 सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। गैंगस्टर में निरुद्ध किए गए आरोपियों को गत दिनों थाना सेक्टर-58 पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था ।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के पीआरओ पंकज कुमार ने बताया कि थाना सेक्टर 58 पुलिस ने ओवैस आलम मलिक, पुष्पेंद्र, पवन कुमार, दिनेश चंद्र, अमूल्य नाथ यादव, संजय उर्फ भूपेंद्र कुमार, विक्रम, शाहेनूर, अंकुश बाहरी व वाजिद अली को गैंगस्टर में निरुद्ध किया है।
उन्होंने बताया कि गैंगस्टर मैं निरुद्ध किए गए आरोपी अपने भौतिक एवं आर्थिक लाभ के लिए अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल कॉल में परिवर्तित कर सरकार को राजस्व की भारी क्षति पहुंचा रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों के इस कृत्य से टाटा कंपनी को भी राजस्व का घाटा हो रहा था एवं आतंकवादी गतिविधियों में उक्त डाटा के इस्तेमाल करने की भी संभावना थी।
उन्होंने बताया कि गत दिनों थाना सेक्टर 58 पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और इनके पास से अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल कॉल में परिवर्तित करने के तमाम उपकरण बरामद हुए थे। पकड़े गए आरोपी संगठित गिरोह बनाकर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे।