Noida Crime News : कस्टम क्लीयरेंस के नाम पर 8 लाख ठगे , विदेशी महिला व युवक गिरफ्तार
Noida News: Manager behind bars who defrauded Samsung of crores
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 11:04 AM
Noida: नोएडा (चेतना मंच)। एयरपोर्ट पर कस्टम क्लीयरेंस के नाम पर आईटी कंपनी की इंजीनियर से 8 लाख रुपए ठगने के आरोप में साइबर थाना पुलिस ने एक विदेशी महिला व युवक को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना प्रभारी रीता यादव ने बताया कि सेक्टर 29 निवासी रंजना (काल्पनिक नाम) एक आईटी कंपनी में इंजीनियर है। सोशल साइट पर उनकी दोस्ती पीटर नामक युवक से हुई जो धीरे-धीरे प्रगाढ़ होती चली गई। कुछ दिनों पहले बातचीत के दौरान पीटर ने रंजना को बताया कि उसने उसके लिए गिफ्ट भेजा है जिससे वह एयरपोर्ट पर जाकर कस्टम से रिसीव कर ले। थाना प्रभारी ने बताया कि गत दिनों रंजना के पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए कहा कि उसका एक गिफ्ट आया हुआ है। कुछ औपचारिकताएं पूरी कर वह अपना गिफ्ट कस्टम से ले सकती है। रंजना के मुताबिक कुछ देर बाद ही एक अन्य महिला का कस्टम अधिकारी बनकर फोन आया। महिला ने बताया कि गिफ्ट में करीब 36 लाख रूपये के डॉलर है और इन्हें लेने के लिए उसे करीब 8 लाख रुपए की कस्टम ड्यूटी चुकानी होगी। रंजना ने जब पीटर से बात की तो उसने भी गिफ्ट में 36 लाख रुपए के डॉलर होने की बात कही। इसके बाद रंजना ने कथित कस्टम अधिकारियों की बातों पर विश्वास कर उन्हें 8 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके पश्चात जब उन्होंने गिफ्ट लेने के लिए उक्त नंबरों पर फोन किया तो दोनों नंबर स्विच ऑफ मिले। थाना प्रभारी ने बताया कि रंजना ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाने में थी जिसके बाद पुलिस ने नोएडा एक्सटेंशन के गौर सिटी से नाइजीरिया निवासी चिडवन क्रिस्टन व सेनेजल निवासी शतोबन को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 8 मोबाइल फोन एक लैपटॉप व फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ठगी कर रुपए हड़पने की बात स्वीकार की है।