Noida Crime News : पुलिस की नींद उड़ाने वाला चेन स्नैचर मुठभेड़ में जख्मी
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 07:53 AM
Noida : नोएडा। चेन स्नैचिंग की दो दर्जन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ाने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से जख्मी बदमाश को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि बीती रात थाना सेक्टर-113 पुलिस पर्थला डूब क्षेत्र की ओर एफएनजी कट के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान अपाचे बाइक पर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों युवक भाग निकले। पीछा करने पर बाइक सवारों ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी और दोनों बाइक से गिर गए। मौके से पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम यामीन पुत्र शहाबुद्दीन निवासी लिसाड़ी गेट मेरठ बताया। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए यामीन के पास से एक तमंचा, कारतूस, चोरी की अपाचे बाइक, लूटी हुई दो सोने की चैन बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 9 सितंबर को बिसरख व गाजियाबाद में महिलाओं से चेन लूटी थी। 11 सितंबर की दोपहर सोरखा रेड लाइट पर केले खरीद रही महिला से भी चेन लूटने की घटना को अंजाम दिया था। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए यामीन पर एनसीआर में करीब दो दर्जन से अधिक लूट के मुकदमे पंजीकृत हैं। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।