Noida Crime News : आर्मी का अफसर बनकर महिला को ठगा
noida Crime news
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:32 AM
Noida : नोएडा । साइबर ठग ने इंडियन आर्मी का अफसर बनकर एक महिला को 77 हजार रुपए का चूना लगा दिया। इसके अलावा साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को झांसे में लेकर ऐप डाउनलोड करा कर उसके क्रेडिट कार्ड से करीब 18 हजार रुपए की खरीदारी कर ली। पीडि़तों ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-50 के महागुन मेपल अपार्टमेंट में रहने वाली रिधि विज ने अपना कुछ सामान बेचने के लिए ओएलएक्स पर डिटेल डाली थी। गत दिनों उनके मोबाइल पर एक महिला ने वह सामान खरीदने की इच्छा की व्यक्त की। पूरी बातचीत होने के पश्चात महिला ने कहा कि पेमेंट उनके पति करेंगे जो इंडियन आर्मी में अधिकारी हैं। इसके पश्चात अर्जुन सिंह विक्रम नामक व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया और खुद को इंडियन आर्मी का बड़ा अधिकारी बताया। उन्होंने पेमेंट ट्रांसफर करने के नाम पर रिधि विज से अपने गूगल पे नंबर पर मैसेज कराया। इसके बाद उनके खाते से करीब 77400 रुपए कट गए।
पीडि़ता ने साइबर सेल में इस मामले की शिकायत कर थाना सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज कराया है। वही इसी थाना क्षेत्र के सेक्टर-41 में रहने वाले अंकित कुमार भी साइबर ठगों की ठगी का शिकार बने हैं। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और उन्हें झांसे में लेकर एसबीआई का क्विक सपोर्ट ऐप डाउनलोड करवाया। जैसे ही उन्होंने यह एप डाउनलोड किया तो उनका क्रेडिट कार्ड हैक हो गया। साइबर ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से करीब 18 हजार रुपए की खरीदारी कर ली। पुलिस दोनों ही मामलों की जांच पड़ताल कर रही है।