Noida : नोएडा । थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने के.के.फूड ग्राम हबीबपुर के पास के पास नकली नोट खपाने पहुंचे एक व्यक्ति को धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से 100 रुपए के 8 नकली नोट बरामद किए। गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर पुलिस ने सदरपुर में छापा मारकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और नोट बनाने में प्रयोग किया जा रहा प्रिंटर, लैपटॉप, ब्लेड, पेपर कटिंग तथा ए-4 साइज के 52 पेपर आदि बरामद किए हैं।
एडिशनल डीसीपी इलामारन ने बताया कि थाना ईकोटेक-3 के थाना प्रभारी विनोद कुमार और उनकी टीम ने चेकिंग के दौरान हबीबपुर में नकली नोट खपाने आए त्रिवेंद्र शर्मा पुत्र लखमी प्रसाद शर्मा निवासी ग्राम शाहबाजपुर जनपद बुलंदशहर हाल पता ग्राम सुत्याना को गिरफ्तार किया। उसके पास से 100-100 के 8 नकली नोट बरामद किए। पुलिस ने जब उसे थाने ले जाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि सदरपुर में संतराम चौहान के मकान में किराए पर रहने वाले विकास सिंह पुत्र मुकेश कुमार मूलनिवासी बालाजीपुरम औरंगाबाद द्वारा नकली नोट बनाए जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने छलेरा में छापा मारकर नोट बनाने में प्रयोग किया जा रहा प्रिंटर, एक लैपटॉप तथा 1 पेपर कटिंग, फॉर ए-4 साइज के 52 पेपर बरामद किए हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि अब तक यह लोग कहां-कहां नकली नोट खपा चुके है।