Noida Crime News : शराब के नशे में लूट की झूठी सूचना ने मचाई सनसनी
Greater Noida News: Caught stealing aluminum railing on the side of the expressway
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 10:20 AM
Noida : नोएडा । बीती रात बदमाशों द्वारा हथियारों के बल पर स्विफ्ट डिजायर कार लूटे जाने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। इस सूचना पर कई थाना क्षेत्रों की पुलिस घंटों हलकान रही। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जब कार को बरामद की तो पता चला कि उसमें सवार युवकों ने शराब के नशे में कार लूट की झूठी सूचना दी थी। फिलहाल पुलिस ने सूचना देने वाले युवक सहित कार सवार पांच लोगों को हिरासत में लिया हुआ है।
सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी साद मियां खान ने बताया कि बीती रात राम नामक व्यक्ति ने परी चौक के पास अपनी स्विफ्ट डिजायर कार लूटे जाने की सूचना दी। राम ने बताया कि बदमाशों ने उसके भांजे विपिन व उसके साथियों को बंधक बनाकर कार लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना बीटा-2 व थाना सेक्टर 142 की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू किया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद उक्त कार चौकी ऐच्छर क्षेत्र में जांच के दौरान रोकी गई। कार में 5 युवक सवार थे जिन्हें हिरासत में लिया गया। पूछा तो पकड़े गए युवकों ने अपने नाम विपिन, पंकज, संदीप, अंकित व सुमित बताएं। पांचों युवक मूल रूप से औरैया के रहने वाले हैं और तिगरी गोल चक्कर के पास रहते हैं
एडीसीपी ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी युवक शराब के नशे में थे। पूछताछ में उन्होंने कार लूट की घटना होने से साफ इनकार किया। हिरासत में लिए गए विपिन ने बताया कि उसने शराब के नशे में अपने मामा को कार लूटे जाने की झूठी सूचना दी थी। विपिन ने बताया कि वह लोग दिल्ली के महिपालपुर से चले थे और रास्ते में सभी लोगों ने जमकर शराब पी। नशे में ही उसने अपने मामा को कार लूटे जाने की सूचना दी। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।