Noida Crime News : करेंसी ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी ,साइबर ठग को मप्र के देवास से पकड़ा
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:08 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:08 AM
Noida : नोएडा । करेंसी में ट्रेडिंग के नाम पर डीमैट खाता खुलवा कर करोड़ों रुपए की ठगी करने के एक आरोपी को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी मध्य प्रदेश के देवास से की है। इसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी रीता यादव ने बताया कि अशोक कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने उन्हें करेंसी में ट्रेडिंग के नाम पर बेहतर रिटर्न देने का झांसा देकर रकम इन्वेस्ट करने का ऑफर दिया था। उक्त व्यक्ति की बातों में आकर उन्होंने अमदानी सलूशन कंपनी में करीब 15 लाख रुपए इन्वेस्ट किए थे। अशोक कुमार ने बताया कि जब उन्होंने जमा किए गए रुपयों का स्टेटस चेक किया तो उनमें काफी बढ़ोतरी दिखाई दी। कुछ समय पश्चात जब उन्होंने डीमैट खाते से अपने रुपए निकालने का प्रयास किया तो रुपए नहीं निकल पाए। इसके पश्चात उन्होंने मध्यप्रदेश के देवास में स्थित कंपनी मुख्यालय में संपर्क किया लेकिन वहां से भी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। कुछ समय बाद उक्त कंपनी वालों ने फोन उठाना बंद कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अशोक कुमार की शिकायत के पश्चात साइबर क्राइम सेल ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि कुछ लोग करेंसी ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं। साइबर सेल की टीम ने जांच पड़ताल के बाद मध्य प्रदेश के देवास से शोएब मंजूरी को गिरफ्तार किया। शोएब ने बताया कि इंदौर में बकायदा कॉल सेंटर चलाया जा रहा है जिसके जरिए लोगों को इन्वेस्टमेंट पर बेहतर रिटर्न का झांसा दिया जाता है। थाना प्रभारी ने बताया कि शोएब मंजूरी को गिरफ्तार कर नोएडा लाया गया है। इसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं जिनमें महत्वपूर्ण जानकारियां हैं।