Noida Crime News : छत से धक्का मारकर की प्रेमिका की हत्या, लाश लेकर हुआ फरार, पुलिस ने धरदबोचा
Accuse Gaurav for Murder
भारत
चेतना मंच
09 Nov 2022 04:22 PM
Noida Crime News : नोएडा । करीब 7 वर्षों से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे प्रेमी को प्रेमिका द्वारा किनारा किया जाना इतना नागवार गुजरा कि उसने प्रेमिका की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी उसके शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
Noida Crime News :
एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मंगलवार को थाना सेक्टर-49 पुलिस को सूचना मिली कि होशियारपुर की शर्मा मार्केट की तीसरी मंजिल से शीतल नामक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को युवती के परिजनों ने बताया कि उसे बिजनौर निवासी गौरव ने तीसरी मंजिल से धक्का दिया है और गंभीर स्थिति में उसे लेकर घटनास्थल से गायब हो गया है। मामले की छानबीन करने के दौरान पुलिस ने गौरव को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर शीतल के शव को बरामद कर लिया।
पूछताछ में गौरव ने बताया कि वह और शीतल दोनों करीब 7 वर्ष पूर्व एलआईसी के ऑफिस में काम करते थे। यहीं से उनकी दोस्ती हुई जो धीरे-धीरे प्रगाढ़ होती चली गई। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी गौरव हाल में लैब टेक्नीशियन है और नोएडा के सेक्टर 71 में रह रहा है। शीतल ने पिछले कुछ माह गौरव से बातचीत कर उससे दूरियां बना ली थी। गौरव अक्सर शीतल पर बात करने का दबाव बनाता था। मंगलवार को दोनों शर्मा मार्केट की तीसरी मंजिल पर खड़े हुए थे। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर गौरव ने शीतल को तीसरी मंजिल से धक्का दे दिया। नीचे गिरने के कारण शीतल गंभीर रूप से घायल हो गई। इस पर गौरव उसे ऑटो में एक अस्पताल ले गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गौरव शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से उसे अपने गृह जनपद बिजनौर ले जाने की फिराक में था। गौरव शव को ठिकाने लगा पाता इससे पूर्व ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। युवती के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।