Noida Crime News : अट्टा में 20 लाख की ज्वैलरी चोरी का पर्दाफाश
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 07:39 AM
Noida: नोएडा । थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अट्टा गांव में ज्वेलर्स की दुकान पर गत दिनों हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय टप्पेबाज गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। इस दौरान उसके 2 साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए टप्पेबाज के पास से 160 ग्राम सोना बरामद हुआ है। पकड़े गए टप्पेबाज पर दिल्ली, एनसीआर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ व यूपी में लगभग 26 मुकदमें पंजीकृत हैं।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टप्पेबाजो का गिरोह अट्टा गांव की मार्केट में टप्पेबाजी कर आभूषण चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़ा हुआ है। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर नजफ़ अली उर्फ काले ईरानी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान इसका पुत्र अली हैदर एवं एक अन्य साथी सरताज अली मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी के पास से 160 ग्राम सोने का बिस्किट बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए नजफ अली उर्फ काले ईरानी ने स्वीकार किया कि उसने अपने पुत्र अली हैदर व एक साथी के साथ गत 14 जून को अट्टा मार्केट मैं एक ज्वेलरी शॉप पर लाखों रुपए की ज्वेलरी चोरी करने की घटना को अंजाम दिया था।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर विभिन्न राज्यों में टप्पेबाजी कर चोरी करने के करीब 26 मुकदमें पंजीकृत है। इसके फरार साथी सरताज अली व उसके पुत्र अली हैदर की तलाश की जा रही है। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को डीसीपी ने दस हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।