Noida Crime News : राजकीय संप्रेक्षण गृह भेजी गई किशोरी से बलात्कार
noida Crime news
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:23 AM
Noida : नोएडा । थाना सेक्टर-126 पुलिस द्वारा एक माह पहले चोरी के आरोप में राजकीय संप्रेक्षण गृह गाजियाबाद भेजी गई, एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ बलात्कार का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। किशोरी से बलात्कार का पता तब चला जब उसकी तबियत खराब होने पर डाक्टरों ने उसकी जांच की और वह तीन माह की गर्भवती निकली। इसकी जानकारी नोएडा पुलिस को दी गई और उसने एक युवक के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर-126 के थाना प्रभारी विकास जैन ने बताया कि मूल रूप से गोविंदपुर जिला शाहजहांपुर की रहने वाली (14 वर्षीय) किशोरी हाल में शाहपुर नोएडा में किराए पर रहती थी और वह जेपी विश टाउन में मेड का काम करती थी। इसी सोसायटी में तैनात गार्ड नीरज निवासी गांव गढ़ी थाना फेज-3 ने उसके साथ राजकीय संप्रेक्षण गृह में भेजे जाने से पहले दुराचार किया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि 1 माह पहले उक्त किशोरी को गाजियाबाद के राजकीय संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। वह चोरी के माल के साथ पकड़ी गई थी। जब उसकी वहां तबीयत खराब हुई तो उसे जिला चिकित्सालय संजयनगर गाजियाबाद भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि वह 3 माह की गर्भवती है।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि नीरज उसे यह बात बताने का इंकार कर रहा था और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था। जब वह पकड़ी गई तो वह थाने भी आया था। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर आरोपी नीरज की तलाश शुरू कर दी है।