Noida Crime News : लूट का शतक बनाने वाले बदमाशों को लगी गोली
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 02:33 PM
Noida : नोएडा । एनसीआर सहित नोएडा में चेन लूट का शतक लगाने वाले 2 बदमाशों को थाना सेक्टर-24 पुलिस ने आज मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों लुटेरों के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 40-40 मुकदमें दर्ज हैं। इनके पास से तमंचा कारतूस व लूटी हुई सोने की चेन बरामद हुई है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार किया है।
एसीपी रजनीश कुमार ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस ने पल्सर बाइक पर जा रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया। युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार दोनों बदमाशों को गोली लगी और वह सड़क पर गिर गए। उपचार के लिए इन्हें अस्पताल भेजा गया। इनके पास से तमंचा कारतूस व सोने की 6 चेन बरामद हुई है जिनका वजन करीब 10 तोले है।
एसीपी ने बताया कि पकड़े गए विनोद व भारत सिंह पर विभिन्न थानों में करीब 40- 40 मुकदमें दर्ज हैं। पकड़े गए लुटेरे एनसीआर में लूट की घटनाओं का शतक लगा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान फरार हुए एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस ने बाद में गिरफ्तार किया। पकड़ा गए आरोपी का नाम विजय है और वह सुनार है। विजय ने कबूल किया कि वह दोनों बदमाशों से लूट के आभूषणों को सस्ते दरों पर खरीदता था। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि पकड़े गए दोनों लुटेरे पलसर बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शहर में लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मुठभेड़ की सूचना पाकर एडीसीपी रणविजय सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली।