Noida Crime : बलि देने के लिए किया था बच्ची का अपहरण
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 05:19 AM
Noida : नोएडा । थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के अंतर्गत छजारसी कॉलोनी से बच्ची का अपहरण बलि देने के लिए किया गया था। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर दो आरोपी पकड़े हैं। डीसीपी सेंट्रल हरिश्चंद्र ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की तो पुलिस को पता चला कि सोनू पुत्र जगपाल निवासी ग्राम बालेनी जिला बागपत द्वारा बच्ची का अपहरण किया गया।
डीसीपी ने बताया कि जब एडिशनल डीसीपी इला मारन तथा एसीपी अब्दुल कादिर एवं थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शुक्ला और उनकी टीम ने जब सोनू की खोजबीन की तो वह अपनी बहन के यहां मिला। पुलिस ने उसे तथा उसके जीजा को गिरफ्तार किया। जबकि उसकी दो बहन और तांत्रिक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद किया और आरोपी सोनू पुत्र जगपाल निवासी ग्राम बालेनी जिला बागपत वर्तमान पता छजारसी एवं नीतू पुत्र वीजा निवासी ग्राम किशनपुर जनपद बागपत को उसकी बहन निवासी खामपुर जिला बागपत से गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त सोनू ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी नहीं हो रही थी और उसी के पड़ोस में रहने वाले तांत्रिक सतेंदर ने उसे सलाह दी थी कि होली के दिन वह एक बच्चे की बलि दे दे तो उसकी शादी हो जाएगी।
इसी के चलते उसने पड़ोस में रहने वाली (7 वर्षीय) बच्ची का अपहरण किया और उसे बली के लिए अपनी बहन के यहां ले गया। जिसमें उसकी बहन ने उसे वहां रखा।
पुलिस तांत्रिक सतेंदर व उसकी बहन रेखा बाल्मीकि तथा वर्षा बाल्मीकि की तलाश कर रही है। डीसीपी सेंट्रल हरिश्चंद्र ने बच्ची को सकुशल बरामद करने वाली टीम को 50 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। वहीं फरार तीनों आरोपियों की तलाश जारी है।