NOIDA CRIME: दो पशु चोर गिरफ्तार, चोरी की भैंस बरामद
NOIDA CRIME
भारत
RP Raghuvanshi
18 Feb 2023 02:23 AM
NOIDA CRIME: ग्रेटर नोएडा। देहात क्षेत्रों में पशु चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर पशु चोरों को थाना दनकौर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पशु चोरी की घटना में प्रयुक्त एक छोटा हाथी (टेंपो) व चोरी की भैंस बरामद की है।
NOIDA CRIME
ग्राम सलारपुर निवासी राम सिंह गत 15 फरवरी को अपनी भैंसों को सपोर्ट सिटी के गेट नंबर 1 के पास खुले मैदान में चरा रहे थे। राम सिंह गांव के ही एक व्यक्ति से बात करने लगे। इस दौरान उनकी भैंस चरते हुए आगे चली गई। कुछ देर बाद जब वह भैंसों के पास पहुंचे तो उन्हें एक भैंस कम दिखाई दी। रामसिंह ने अपनी भैंसों की तलाश शुरू की तो दो युवक उनकी भैंस को छोटा हाथी (टेंपो) में ले जाते हुए दिखाई दिए। रामसिंह ने उनका पीछा किया लेकिन वह भाग निकले। इस संबंध में राम सिंह ने थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर राम सिंह द्वारा उपलब्ध कराए गए टेंपो के नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच पड़ताल की। मुखबिर की सूचना के आधार पर अमन पुत्र अली व नदीम पुत्र मुस्ताक निवासी ऊंची दनकौर को सलारपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की वारदात में प्रयुक्त छोटा हाथी व चोरी की भैंस को भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी शातिर पशु चोर हैं और जंगल में चर रहे पशुओं को चुराने की वारदात को अंजाम देते हैं।