नोएडा । नोएडा प्राधिकरण(Noida Authority) के कार्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन(Protest) कर रहे किसानों का जोश लगातार बढ़ता जा रहा है। धरना स्थल पर किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं के साथ ही अब बच्चों की संख्या भी बढऩे लगी है। भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष व आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सुखबीर खलीफा ने कहा है कि प्राधिकरण की नीयत ठीक नहीं है। बातचीत के बाद भी किसानों कि कई मांगों को अधिकारी मानने के लिए तैयार नहीं है।
प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का आंदोलन(Farmers Protest) जारी है। कल बड़ी संख्या में महिलाएं अपने पतियों के साथ अनशन पर बैठी। इस दौरान जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने धरना स्थल पर पहुंचकर किसान नेता सुखबीर खलीफा का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। इसके अलावा एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने भी किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन के मुद्दे पर सुखबीर खलीफा से बातचीत की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सुखबीर खलीफा ने कहा कि प्राधिकरण के अधिकारियों की नीयत ठीक नहीं है। कई दौर की बातचीत के बाद भी कोई हल नहीं निकला है और लगातार किसानों को बरगलाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज धरना स्थल पर कुश्ती का आयोजन किया जाएगा जिसमें लगभग 200 पहलवान हिस्सा लेंगे।