Noida :नोएडा । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Womens Day )तथा आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह ने नारी सशक्तिकरण की दिशा में नया आयाम दिया है। विकलांगों के लिए विशेष वाहन का तोहफा देकर महिंद्रा ग्रुप के सीएमडी आनंद महिंद्रा ने अन्य वाहन निर्माताओं को नई प्रेरणा दी है। यह कहना था पद्मश्री, खेल रत्न तथा अर्जुन अवार्ड पुरस्कार से अलंकृत पैरालंपिक खिलाड़ी दीपा मलिक का। वे सेक्टर-1 स्थित महिंद्रा कंसेप्ट ऑटोमोबाइल शोरूम में कंपनी द्वारा विशेष तौर पर डिजाइन की गई महिंद्रा एक्सयूवी 700 वाहन लेने के बाद मीडिया को संबोधित कर रही थीं। भारत की पैरालंपिक कमिटी की अध्यक्ष दीपा मलिक ने बताया कि उन्होंने टोक्यो में हुए पैरालंपिक ओलंपिक खेल के दौरान महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के सीएमडी आनंद महिंद्रा को ट्वीट कर कहा था कि वे विकलांगों के लिए विशेष वाहन तैयार करें जिससे उनको सुविधा हो सके।
श्री महिंद्रा ने तुरंत उन्हें ट्वीट कर कहा कि मैं आपकी आवाज सुन रहा हूं तथा इसको महसूस भी कर रहा हूं। इसके बाद उन्होंने अपनी रिसर्च टीम तथा ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों को इस दिशा में पहल करने के निर्देश भी दिए। दीपा मलिक ने बताया कि यही नहीं उन्होंने चेन्नई स्थित महिंद्रा ऑटोमोबाइल्स के यूनिट में उन्हें आमंत्रित किया तथा रिसर्च टीम, इंजीनियर व विशेषज्ञों के साथ उनकी बैठक भी कराई। इसके बाद आज उन्हें विकलांगों के लिए विशेष तौर पर बनाई गई महिंद्रा एक्सयूवी कार उपहार स्वरूप प्रदान की।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने अन्य ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग सभी को भी ट्वीट किया था। लेकिन आनंद महिंद्रा ने उनके ट्वीट को गंभीरता से लिया। दीपा ने बताया कि इससे अन्य ऑटोमोबाइल्स मैन्युफैकर्स सीख लेंगे तथा भविष्य में विकलांगों के लिए हर सुविधा से युक्त एक संपूर्ण वाहन भी तैयार करेंगे। उन्होंने इसके लिए महिंद्रा ग्रुप का आभार व्यक्त किया।