Noida / Greater Noida : हेलमेट को बोझ न समझें, यह जीवन बचाने का मंत्र है
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 12:18 PM
Noida / Greater Noida : नोएडा/ग्रेटर नोएडा। सावधानी हटी, दुर्घटना घटी। वाहन चालकों को सचेत करने वाली इन लाइनों को आपने अक्सर सड़क किनारे किसी बोर्ड पर लिखे देखा होगा। लेकिन, यहां मामला थोड़ा अलग है। वाहन चालकों की मनमानियों से अपने को सुरक्षित रखने के लिए एक युवक हेलमेट पहनकर सड़क पर अपना काम करता है।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे के किनारे स्थित सेक्टर 168 के पास सर्विस लेन की सफाई करते हुए अथॉरिटी के एक कर्मचारी रोहित को देखकर लोग चौंक जाते हैं, इसलिए कि रोहित सड़क की सफाई हेलमेट लगाकर करते हैं। उनका कहना है कि वह अपने जीवन की सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर सड़क की सफाई करते हैं।
रोहित का कहना है कि वह पिछले 7 से 8 महीने से लगातार हेलमेट पहनकर ही सफाई का काम करते हैं। वह कहते हैं कि इस सड़क पर तेज रफ्तार गाड़ियां दौड़ती हैं। ज्यादातर बाइक चालक बिना हेलमेट के की फर्राटा भरते हैं। उनकी जरा सी चूक उनके साथ सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों के लिए भी जानलेवा हो सकती है। वह बताते हैं कि पहले वह भी बिना हेलमेट लगाए ही सफाई का काम करते थे। कुछ माह पहले सड़क पर हुए दो हादसों में वह बाल-बाल बच गए। उसके बाद से ही उन्होंने हेलमेट लगाना शुरू कर दिया। अब वह नियमित तौर पर हेलमेट लगाकर ही सफाई का काम करते हैं।
गौरतलब है कि सड़कों पर बिना हेलमेट लगाए तमाम दोपहिया वाहन चालक यातायात के नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर वाहन चलाते दिख जाते हैं। पुलिस भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं करती, इसलिए उनके मन में भी कानून का न डर है और न ही सम्मान। ऐसे में रोहित वाहन चालकों के साथ ही पुलिस को भी संदेश देते नजर आते हैं कि हेलमेट को बोझ न समझें। यह जीवन बचाने का यंत्र है और मंत्र भी।