
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 24 जनवरी को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “चीन के ठगों को खाता मुहैया कराने वाले इंजीनियर समेत तीन गिरफ्तार” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने चीन के ठगों को भारतीय नागरिकों के बैंक खाते मुहैया कराने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। तीनों बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले में कमीशन लेते थे। आरोपियों की पहचान गुजरात के नवरत्न सिंह खुराल उर्फ रोबी, बुलंदशहर निवासी तनवीर और महाराष्ट्र के शाकिब शेख के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक नेपाल और थाईलैंड में बैठे चीन के ठग इन खातों में जालसाजी के पैसे जमा कराते थे। तीनों बदमाशों का नेटवर्क जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य राज्यों में फैला है। इनके पास से लैपटॉप, आठ मोबाइल, पासपोर्ट, पांच आधार कार्ड, बैंक खातों में पंजीकृत चार सिम कार्ड, पांच चेकबुक, 22 डेबिट और क्रेडिट कार्ड, नेपाली मुद्रा के 80 रुपये बरामद हुए हैं। शाकिब इस समय शहीनबाग में रह रहा था। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्र ने बताया कि गिरोह के तीन बदमाशों के ग्रेनो आने की सूचना मिली थी। टीम ने सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के घंटा गोलचक्कर से तीनों को दबोच लिया। उन्होंने बताया कि तीनों चीन के उन नागरिकों से जुड़े थे, जो नेपाल और थाईलैंड में बैठकर गेमिंग, ट्रेडिंग ऐप, डिजिटल अरेस्ट आदि धोखाधड़ी का गिरोह चला रहे हैं। तीनों का काम चीन के नागरिकों को भारतीय बैंक खातों की जानकारी उपलब्ध कराना था। इन बैंक अकाउंट का प्रयोग कर ठग भारतीय लोगों को ठग रहे हैं।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर चढ़ा ऑटो, दो लाख का चालान” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि ट्रैफिक पुलिस ने नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर चढ़े एक ऑटो का दो लाख रुपये का चालान कर दिया है। यह कार्रवाई महामाया के पास खड़े ट्रैफिककर्मी के खींचे गए ऑटो के फोटो के आधार पर हुई है। जब जुर्माना का मैसेज ऑटो चालक को मिला तो वह हैरान हो गया। अहम है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ऑटो और ई-रिक्शे का प्रवेश निषेध है। नियम तोड़ने पर 20 हजार रुपये तक का जालान किया जा सकता है।
चालक प्रवीण कुमार बताते हैं कि ऑटो उनके नाम पर पंजीकृत नहीं है, बल्कि किसी परिचित के नाम पर है। जब वहं रविवार को सेक्टर-18 से परी चौक जाने वाली सवारी को बैठाकर ले जा रहे थे। उसी वक्त महामाया फ्लाईओवर के पास ट्रैफिककर्मी खड़े थे। उन्होंने ऑटो का फोटो खींच लिया। यह तो पता था कि चालान तो होगा, लेकिन दो लाख रुपये का होगा यह जानकारी नहीं थी। प्रवीण कहते हैं कि जब चालान हुआ तो मेरे परिचित के फोन पर मैसेज आया। उन्होंने मुझे जानकारी दी। उनका कहना है कि जितना चालान हुआ है, उतना तो ऑटो की कीमत भी नहीं है। ऐसे में वह अब क्या करें, समझ नहीं आ रहा है। उन्होंने बताया कि अब वह इसे लेकर ट्रैफिक कार्यालय में लिखित शिकायत देंगे। प्रवीण अपने परिवार के साथ नोएडा में ही रहते हैं। काफी ऑटो चला रहे हैं।
Hindi News:
Noida News: अमर उजाला ने 24 जनवरी 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “पैन ओएसिस के बेसमेंट में जलभराव बिल्डिंग कमजोर होने का सता रहा डर” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-70 स्थित पैन ओएसिस सोसाइटी के बेसमेंट में हल्की बरसात में भी जलभराव हो जाता है। एक्सपेंशन ज्वाइंट से मूसलाधार पानी बहता है। ऐसे में दिन पर दिन बेसमेंट कमजोर हो रहा है। सोसाइटी निवासियों का कहना है कि बेसमेंट के बदतर हालात से ऊपर की बिल्डिंग को भी खतरा है।
सोसाइटी के बेसमेंट में बुधवार देर रात हुई बारिश के बाद बृहस्पतिवार को जलभराव हो गया। सोसाइटी निवासी सुनील चौधरी ने बताया कि बेसमेंट में बने पिलर की हालत खराब है। पानी आने से प्लास्टर गिरता जा रहा है और सरिये दिखाई देने लगे हैं। बेसमेंट के ज्वाइंट से पानी का बहाव आता है। यह पानी बेसमेंट के बाहर भूतल से रिसकर आता है। यदि बाहर लगे पौधों में पानी दिया जाता है तो वह पानी भी बेसमेंट में आता है। यहां पर खड़ी गाड़ियों के लिए भी खतरा बना रहता है। हालत में सुधार न हुआ तो बिल्डिंग को बड़ा खतरा हो सकता है।
समाचार दैनिक जागरण से
Noida News: दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 24 जनवरी 2025 का प्रमुख समाचार “नोएडा सिटी बस टर्मिनल की जगह पर संचालित होगा निजी अस्पताल, चार कंपनियों ने दिखाई रुचि” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-82 स्थित सिटी बस टर्मिनल की खाली पड़ी इमारत को किराये पर देने की तैयारी नोएडा प्राधिकरण में शुरू हो गई है। सिटी बस टर्मिनल की जगह पर अस्पताल संचालन के लिए चार कंपनियां ने रुचि दिखाई है। कंपनियों ने अपने सुझाव देकर से संबंधित प्रस्ताव प्राधिकरणको सौंपा है, जिसका परीक्षण शुरू हो गया है।
इस प्रक्रिया के बाद लगभग तय हो गया है कि सिटी बस टर्मिनल की इमारत में निजी अस्पताल का ही संचालन किया जाएगा। प्रस्ताव देने वाली कंपनियों में से एक का चयन किया जाएगा। प्राधिकरण सीईओ डा. लोकेश एम ने बताया कि टर्मिनल इमारत का बायलाज ट्रांसपोर्ट यूज के लिए है। ऐसे में प्रपोजल पसंद आने और अप्रूव होने के बाद ही इसका इसका बिल्डिंग बायलाज बदला जाएगा। बायलाज बदलने की प्रक्रिया बोर्ड से की जाएगी। साथ ही चयनित की जाने वाली कंपनी टर्मिनल की इमारत के स्ट्रक्चर के साथ कोई बदलाव नहीं कर सकती है। उसे इसी इमारत के स्ट्रक्चर के हिसाब से अपना प्लान करना होगा। ऐसे में इंप्रेशन आफ ईओआइ के ब्रोशर में आठ मंजिला इस टर्मिनल के फ्लोर वाइज जानकारी दी गई है। अभी इस इमारत में परिवहन निगम के अलावा साइबर क्राइम पुलिस का दफ्तर खुला हुआ है। अब इसको अब किराये पर दिया जाएगा। सिटी बस टर्मिनल 30 हजार 643 वर्गमीटर एरिया में बना हुआ है, जिसमें से 13 हजार 532 वर्ग मीटर एरिया बिल्टअप है यानि इतने हिस्से में निर्माण हो रखा है। 157 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई परियोजनाः गौरतलब है कि इमारत तैयार होने के बाद प्राधिकरण ने इसे हैंडओवर करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम से संपर्क किया था लेकिन निगम ने पूरी इमारत टेकओवर करने से ही इन्कार कर दिया था। खानापूर्ति के लिए दादरी और बुलंदशहर के लिए चार बसें चलवानी शुरू की। दावा किया था कि बसों की संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी लेकिन तीन साल बाद भी चार बसें ही टर्मिनल से चल रही हैं। जबकि सिटी बस टर्मिनल का काम जनवरी 2015 में शुरू हुआ था। इसकी पहली डेडलाइन जुलाई 2016 थी लेकिन जमीन विवाद और मामला न्यायालय में चले जाने के कारण काम रुक गया। इसके बाद इसका काम सितंबर 2022 में जाकर पूरा हुआ। यह 157 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुई थी।
Noida News: दैनिक जागरण के 24 जनवरी 2025 के अंक में अगला प्रमुख समाचार “भट्टा पारसौल में हुए हिंसक प्रदर्शन के 14 वर्ष बाद होगी 27 घरों की कुर्की ” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि भट्टा पारसौल में हुए हिंसक प्रदर्शन के 14 वर्ष बाद 27 घरों की कुर्की होगी। बुधवार को सीबीसीआइडी मेरठ की टीम भट्टा, पारसौल, सक्का व आछेपुर गांव में पहुंची व 27 किसानों के घरों पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर एक माह के अंतराल में कोर्ट में हाजिर होने की चेतावनी दी। यदि किसान कोर्ट में हाजिर नहीं होंगे तो उनके घरों की कुर्की होगी। हालांकि किसान विगत काफी समय से सरकार से मांग करते आ रहे हैं कि उन पर दर्ज केस को समाप्त करने का आदेश सरकार दे, पर किसानों के हाथ निराशा ही लगी है। नोटिस चस्पा होने के बाद से किसानों में हड़कंप मचा है। क्षेत्र के भट्टा गांव में करीब 14 वर्ष पहले भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों व प्रशासन में हुई हिंसक झड़प में दो किसानों व दो पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी प्रशासन को चकमा देते हुए किसानों से मिलने पहुंचे थे। घटना के बाद सैकड़ों किसानों पर हत्या, लूट व बलवा आदि गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ था। काफी किसानों को गिरफ्तार भी किया गया व बाद में जमानत पर रिहा हो गए थे। घटना के बाद से ही कोर्ट में केस जारी है। नोटिस देने के बावजूद भी गिरफ्तारी के डर से आरोपितों में से 27 किसान कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे हैं। दरअसल यमुना प्राधिकरण द्वारा किये जा रहे भूमि अधिग्रहण के विरोध में वर्ष 2011 में भट्टा गांव में क्षेत्र के 10 से अधिक गांव के किसानों की पंचायत किसान नेता मनवीर तेवतिया के नेतृत्व में लगभग 20 दिन तक चली। इस दौरान किसानों ने आबादी निस्तारण को मुख्य मुद्दा बनाया था। सात मई 2011 को पंचायत ने उग्र रूप ले लिया और प्रशासन के साथ हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में दो किसानों और दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। सीबीसीआइडी इंस्पेक्ट हरेराम यादव ने बताया कि 27 किसानों के घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं। उनका कहना है कि उक्त किसान विगत काफी समय से कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसान एक माह के अंतराल में कोर्ट में हाजिर नहीं हुए तो उनके घरों की कुर्की की जाएगी। किसान राजीव उर्फ राजू, राकेश, चंद्रपाल, रतन सिंह, चंद्रभान, कालू, जयकुमार, ओमवीर, अजीत पाल, बिजेंदर उर्फ अजय, वेदपाल, गज्जू उर्फ गजे सिंह, विजयवीर, संजीव, संजय, सतीश निवासी परसौल व जयेंद्र, उम्मेद, अनिल, विक्टर व चंद्रभान निवासी भट्टा और एवं सुशील निवासी सक्का व घुरी निवासी आछेपुर आदि किसान अदालत में पेश नहीं हो रहे।
Noida News:
Hindi News: दैनिक जागरण के 24 जनवरी के अंक में “जिले में तैनात पुलिसकर्मियों को जल्द मिलेंगे 200 आवास” शीर्षक से भी समाचार प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि जिले में तैनात पुलिस कर्मियों को जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता वाले 200 आवास उपलब्ध होंगे। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की पहल पर आवासों के ले आउट को अंतिम रूप दे दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने सभी आवासों को समय से और गुणवत्ता परक बनाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की पहल पर जिले में पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके तहत कमिश्नरेट में तैनात पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं व सरकारी आवास उपलब्ध कराए जाने हैं। इसके लिए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की पुलिस लाइन में टाइप-ए के 30 और टाईप-बी. के 170 आवास बनाए जाएंगे। इन 200 आवासों के ले आउट प्लान को अंतिम रूप दिया गया है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, सभी आवास पीडब्लूडी मेरठ खंड के सहयोग से बनाये जायेंगे। जिसमें सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। इनकी प्रारंभिक अनुमानित लागत करीब 80 करोड़ रूपये है। इन सभी आवासों में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकीखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएचेतनामंचसेजुड़ेरहें।
देश–दुनियाकीलेटेस्टखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएहमेंफेसबुकपरलाइककरेंयाट्विटरपरफॉलोकरें।