
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 17 सितंबर को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “देश का सबसे प्रदूषित शहर बना ग्रेटर नोएडा, एक्यूआई 212 दर्ज लगातार तीसरे दिन खराब श्रेणी में रही हवा” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि ग्रेटर नोएडा मंगलवार को देश का सबसे अधिक प्रदूषित शहर रहा। ग्रेनो की हवा खराब श्रेणी में दर्ज हुई। पिछले दो दिनों से ग्रेटर नोएडा देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर था। मंगलवार को ग्रेटर नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 212 और नोएडा का 148 रहा। पिछले तीन से ग्रेटर नोएडा की खराब हवा में शहर वासियों को सांस लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। मंगलवार शाम चार बजे जारी हुई केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक ग्रेनो के अलावा देश के अन्य सभी शहरों का एक्यूआई ग्रीन जोन से येलो जोन में दर्ज किया गया। ऐसे में हवा की गुणवत्ता मध्यम और संतोषजनक स्थिति में रही। देश में एकमात्र ग्रेटर नोएडा ऐसा शहर था जहां का एक्यूआई ऑरेंज जोन में दर्ज हुआ। पिछले तीन दिन से ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई ऑरेंज जोन में बना हुआ है और वहीं नोएडा का एक्यूआई येलो जोन में दर्ज किया जा रहा है। एक ओर प्रदूषण में इजाफा होने लगा है और वहीं दूसरी ओर गर्मी में भी बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को सुबह से ही उमस भरा दिन रहा। दिन की शुरुआत तेज धूप से हुई और शाम तक धूप का प्रकोप जारी रहा। ऐसी स्थिति में धूप की तेजी लोगों को परेशान कर रही थी और गर्मी में पसीने से नथपथ होना पड़ रहा था।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “2500 करोड़ की जमीन कब्जामुक्त कराई” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि यमुना प्राधिकरण ने मंगलवार सुबह बुलंदशहर के झाझर और ककोड़ गांव में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान करीब 2500 करोड़ रुपये की जमीन कब्जामुक्त कराई गई। सीईओ राकेश कुमार सिंह के आदेश पर यीडा के अधिसूचित क्षेत्र में पर कार्रवाई की गई। ओएसडी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि झाझर व ककोड़ में अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी। यहां निजी बिल्डर्स ऐरोनेस्ट कॉलोनाइजर, श्री राधा गौरी एनक्लेव व रुद्र प्रॉपर्टीज के प्रोजेक्टों पर कार्रवाई की गई। बिना प्राधिकरण की अनुमति और नक्शा स्वीकृत कराए ही कालोनियां विकसित की जा रही थीं। करीब 250 बीघा जमीन से कब्जा हटाया गया है। अधिसूचित क्षेत्र में ऐसे निर्माण पर कार्रवाई के लिए आदेश हैं। लोग ऐसे बिल्डरों से सतर्क रहें। अधिसूचित क्षेत्र में कोई भी भूखंड या संपत्ति खरीदने से पहले यमुना प्राधिकरण से जरूर पता कर लें। ठगी के शिकार न हों। कार्रवाई के समय डिप्टी कलेक्टर शिवअवतार सिंह, ओएसडी अजय कुमार शर्मा, अभिषेक शाही व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Hindi News:
अमर उजाला ने 17 सितंबर 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “नहीं सुलझा सिक्का कार्मिक ग्रीन्स सोसाइटी के स्ट्रक्चरल ऑडिट का मसला” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि जर्जर हो रही सेक्टर 78 स्थित सिक्का कार्मिक ग्रीन्स सोसाइटी में स्ट्रक्चरल ऑडिट का मामला फंसता जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण के निर्देश के बाद भी बिल्डर पर स्ट्रक्चरल ऑडिट न करवाने का आरोप लगाया जा रहा है। यही नहीं, विधायक के निर्देश पर नोएडा प्राधिकरण की टीम निरीक्षण पर आई थी लेकिन प्राधिकरण की ओर से अबतक कोई रिपोर्ट नहीं सौंपी गई। बता दें कि सिक्का कार्मिक ग्रीन्स सोसाइटी निवासियों की लंबे समय से चल रही मांग के बाद. 18 जून को नोएडा प्राधिकरण ने निर्देश जारी किया था कि दो महीने के भीतर बिल्डर की ओर से सोसाइटी का स्ट्रक्चरल ऑडिट करवाया जाए। दो महीने बीत गए लेकिन बिल्डर की ओर से कोई सुध नहीं ली गई। 23 अगस्त को सोसाइटी में विधायक पंकज सिंह जनसंवाद को पहुंचे तो निवासियों ने स्ट्रक्चरल ऑडिट का मुद्दा उठाया। इस दौरान विधायक ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों उचित कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद प्राधिकरण के अधिकारियों ने सोसाइटी का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा था कि यहां की स्थिति ठीक नहीं है। स्ट्रक्चरल ऑडिट के संबंध में जल्द कार्रवाई की जाएगी।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 17 सितंबर 2025 का प्रमुख समाचार “एयरपोर्ट के शुभारंभ की तिथि का इंतजार, शुरू की तैयारी” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुभारंभ की तैयारी का अधिकारियों ने खाका खींचना शुरू कर दिया है। शुभारंभकार्यक्रम के लिए जनसभा स्थल से लेकर अधिकारियों की जिम्मेदारी, कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए रास्ते, सुरक्षा व्यवस्था आदि की रणनीति तैयार की जा रही है।
हालांकि अभी तक एयरपोर्ट के शुभारंभ को लेकर तिथि घोषित नहीं हुई है, लेकिन अधिकारी अपने स्तर से तैयारी में जुटे हैं, ताकि तिथि घोषित होते ही कार्यक्रम की तैयारी को धरातल स्तर पर पूरा कर दिया जाए। यीडा एवं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. के सीईओ राकेश कुमार सिंह, नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने मंगलवार को नोएडा एयरपोर्ट कार्यक्रम के लिए स्थल के चयन के लिए निरीक्षण किया। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. के अधिकारियों के साथ बैठक की।
जेवर में बन रहे एनसीआर के दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट विमान सेवा के लिए जल्द तैयार हो जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक ज्यादातर काम पूरा हो चुका है। अगले माह तक एयरपोर्ट शुभारंभ के लिए तैयार होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों एयरपोर्ट का शुभारंभ कराने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से पत्र भेजा जा चुका है। शुभारंभ की तारीख तय होते ही धरातल पर तैयारी शुरू हो जाएंगी। इससे पहले यीडा, विकासकर्ता कंपनी व पुलिस प्रशासन ने एयरपोर्ट के उद्घाटन की रणनीति को तैयार करना शुरू कर दिया है। एयरपोर्ट के उद्घाटन के अवसर पर परिसर में जनसभा होगी। इसमें गौतमबुद्ध नगर समेत आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावनाओं को देखते हुए जनसभा स्थल तय किया जा रहा है। लोगों के आने व जाने के मार्ग, वाहनों की पार्किंग, वीवीआइपी के आने जाने के रास्ते, सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा में तैनात आने वाले कर्मियों की संख्या का आंकलन, अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने आदि कार्य किए जा रहे हैं। तारीख तय होते ही सभी संबंधित अधिकारी अपनी तय जिम्मेदारी के अनुसार कार्य को पूरा कराने में जुट जाएंगे। एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग में अभी काम चल रहा है। इसके सितंबर अंत या अक्टूबर के शुरुआत में पूरा होने की संभावना है। इसके साथ ही डीजीसीए से एयरोड्रोम लाइसेंस मिलना भी शेष है। अधिकारियों के मुताबिक डीजीसीए के एयरपोर्ट के निरीक्षण के बाद विमान सेवा संचालन अंतिम रूप से तय होगा।
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में प्रमुख समाचार “चाइल्ड पीजीआइ को जल्द मिलेंगे 80 नर्सिंग स्टाफ” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआइ को दीपावली पर 80 नर्सिंग स्टाफ मिल जाएगा। अक्टूबर के पहले सप्ताह तक सभी आवेदकों को नियुक्ति पत्र भी सौंप दिए जाएंगे। बुधवार को निदेशक प्रो. डा. अरुण कुमार सिंह प्रबंधन के अधिकारियों संग बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने बताया कि नियुक्ति पत्र सौंपने से पहले अभ्यर्थी को मेडिकल व एकेडमिक डाक्यूमेंट्स जमा करने को कहा जाएगा। गठित होने वाली कमेटी अगले दो सप्ताह में 80 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच करेगी। यदि किसी में कोई फर्जीवाड़ा या दिक्कत होती है तो उस पर आगे निर्णय होगा। दीपावली तक संस्थान के विभिन्न वार्ड व इमरजेंसी में 80 नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की जाएगी। फिलहाल सभी को दस्तावेज जमा करने के लिए ई-मेल भेजा है। अभ्यर्थियों को एक सप्ताह का वक्त दिया है। बता दें कि नर्सिंग स्टाफ की सीधी भर्ती के लिए जुलाई में आनलाइन परीक्षा हुई थी। आठ हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। जांच आवेदकों के फार्म में गडबड़ियां मिली थीं, उन्हें ठीक कराकर परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई थी।